मुंबई पुलिस के अनुसार, टाइगर श्रॉफ की कार पर 18 अक्टूबर की शाम जुहू इलाके में फायरिंग हुई थी. घटना के समय एक्टर फुटबॉल खेलने के बाद वहां से निकल रहे थे. हमले में टाइगर श्रॉफ के ड्राइवर और एक ऑटो-रिक्शा चालक को गोली लगने से चोटें आईं.
फूल सिंह, ऋतिक कुमार और रेहान गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरियाणा के फूल सिंह और रेहान तथा बिहार के ऋतिक कुमार उर्फ रोशन के रूप में हुई है. ऋतिक मुंबई के अंधेरी पश्चिम इलाके में रहता था और रैपिडो राइडर के तौर पर काम करता था.
मुंबई क्राइम ब्रांच के डीसीपी राजतिलक रौशन के हवाले से इंडिया टुडे ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए करीब 20 विशेष टीमें बनाई थीं. CCTV फुटेज, तकनीकी जांच और स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय के जरिए आरोपियों की गतिविधियों का पता लगाया गया. राजस्थान पुलिस ने मुंबई पुलिस से मिली जानकारी के आधार पर तीनों को कोटा रेलवे स्टेशन पर पकड़ा.
पीटीआई ने एक्स पर शेयर की तीनों आरोपियों को मुंबई लाए जाने की जानकारी-
फायरिंग के बाद ऐसे भागे आरोपी
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, आरोपियों ने कथित तौर पर वारदात के बाद बाइक को अंधेरी पश्चिम रेलवे स्टेशन के पास छोड़ दिया. इसके बाद वे लोकल ट्रेन से बोरीवली पहुंचे और वहां से कैब के जरिए गुजरात के सूरत गए. सूरत से उन्होंने पुणे-जयपुर एक्सप्रेस ट्रेन पकड़ी. पुलिस ने उनकी यात्रा के रास्ते का पता लगाकर राजस्थान पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद कोटा में उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया.
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, जांच में सामने आया कि दो आरोपी वारदात से कुछ दिन पहले मुंबई पहुंचे थे, जबकि तीसरा पहले से मुंबई में रह रहा था.
ये भी पढ़ें: टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की पहले ही रची गई थी साजिश? एक हफ्ते पहले भी मैदान पहुंचे थे तीनों शूटर
हथियार सप्लाई के आरोप में चार और गिरफ्तार
इंडियन एक्सप्रेस की 21 अक्टूबर की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने कथित हथियार सप्लाई मॉड्यूल के सिलसिले में कुणाल (21), सुमित (19), राधा (23) और बबीता (23) को गिरफ्तार किया है. कुणाल और सुमित हरियाणा के सोनीपत के रहने वाले हैं, जबकि राधा और बबीता उत्तर प्रदेश की निवासी बताई गई हैं.
पुलिस अधिकारी के हवाले से रिपोर्ट में कहा गया है कि कुणाल ने अमृतसर से एक पिस्तौल और 20 कारतूस लाए थे. आरोप है कि राधा और बबीता 17 अक्टूबर को हथियार लेकर दिल्ली से मुंबई पहुंचीं. इसके बाद एक नाबालिग लड़के ने होटल के पास राधा का बैग लिया. पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि हथियार किसके निर्देश पर पहुंचाए गए और फायरिंग की घटना में इन लोगों की क्या भूमिका थी.