world-news

Sports Bike: 4-सिलेंडर इंजन के साथ ZXMoto 500RR बाइक लॉन्च, जानें एडवांस फीचर्स - Haribhoomi

August 22, 2026

Sports Bike: चीनी कंपनी ZXMoto ने दमदार 500RR 4-सिलेंडर स्पोर्ट्सबाइक को अंतरराष्ट्रीय बाजार में पेश कर दिया है। थाईलैंड में लॉन्चिंग के बाद अब इसे यूके में उतारने की तैयारी है।

ZXMoto 500RR

ZXMoto 500RR 4-सिलेंडर स्पोर्ट्सबाइक अंतरराष्ट्रीय बाजार में पेश

  • Published: 22 Aug 2026, 08:37 PM IST
  • Last Updated: 22 Aug 2026, 08:37 PM IST

Sports Bike: चीनी दोपहिया वाहन निर्माता कंपनी ZXMoto ने अपनी नई 500RR 4-सिलेंडर स्पोर्ट्सबाइक की ग्लोबल मौजूदगी बढ़ानी शुरू कर दी है। इनलाइन-फोर इंजन वाली इस स्पोर्ट्सबाइक को थाईलैंड के बाजार में लॉन्च किया गया है, जहां इसकी कीमत 199,900 बाहत यानी करीब 5.85 लाख रुपये रखी गई है। कंपनी अगले महीने इसे यूके के डीलरशिप नेटवर्क के जरिए भी बिक्री के लिए उपलब्ध कराने की तैयारी में है।

ZXMoto की स्थापना 2024 में हुई थी। नवंबर 2025 में मिलान में आयोजित EICMA मोटरसाइकिल शो में हिस्सा लेने के बाद कंपनी को अंतरराष्ट्रीय बाजार में काफी पहचान मिली। फिलहाल, भारत में 500RR को लॉन्च करने को लेकर कंपनी की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। ऐसे में इसकी संभावित कीमत और लॉन्च टाइमलाइन के बारे में अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगी।

ZXMoto 500RR का इंजन और गियरबॉक्स
ZXMoto 500RR में 470cc, लिक्विड-कूल्ड, DOHC 16-वॉल्व इनलाइन-फोर इंजन दिया गया है। यह इंजन Bosch इलेक्ट्रॉनिक फ्यूल इंजेक्शन सिस्टम के साथ आता है।

पावर की बात करें तो इंजन 13,500 rpm पर 84 bhp की अधिकतम पावर और 11,500 rpm पर 46 Nm का पीक टॉर्क पैदा करता है। कंपनी के अनुसार, बाइक महज 3.4 सेकंड में 0 से 100 kmph की रफ्तार पकड़ सकती है, जबकि इसकी अधिकतम रफ्तार 235 kmph से ज्यादा है।

ट्रांसमिशन के लिए इसमें 6-स्पीड गियरबॉक्स दिया गया है, जिसे वेट मल्टी-प्लेट स्लिपर क्लच और चेन फाइनल ड्राइव से जोड़ा गया है। हाई-स्पीड पर बेहतर परफॉर्मेंस के लिए बाइक में रैम-एयर इनटेक सिस्टम भी मिलता है।

6-एक्सिस IMU के साथ मिलते हैं एडवांस इलेक्ट्रॉनिक फीचर्स
500RR को आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक्स से लैस किया गया है। इसमें 6-एक्सिस IMU (Inertial Measurement Unit) दिया गया है, जो बाइक के इलेक्ट्रॉनिक सेफ्टी सिस्टम को बेहतर तरीके से काम करने में मदद करता है।

इसमें कॉर्नरिंग ABS और ट्रैक्शन कंट्रोल जैसे फीचर्स मिलते हैं। इसके अलावा राइडर को बाइक के व्यवहार को अपनी जरूरत के मुताबिक बदलने के लिए चार राइडिंग मोड दिए गए हैं। इनमें Sport, Street, Beginner और Custom शामिल हैं।

बाइक के कॉकपिट में TFT-LCD इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर दिया गया है, जिसमें राइडिंग से जुड़ी जरूरी जानकारियां दिखाई जाती हैं।

सस्पेंशन और ब्रेकिंग में भी प्रीमियम हार्डवेयर
ZXMoto ने 500RR में स्पोर्टी परफॉर्मेंस के साथ बेहतर हैंडलिंग के लिए प्रीमियम हार्डवेयर का इस्तेमाल किया है। बाइक में सिंगल-साइडेड स्विंगआर्म दिया गया है और स्टीयरिंग डैम्पर को भी स्टैंडर्ड तौर पर शामिल किया गया है।

सस्पेंशन सेटअप में आगे की तरफ 41mm USD फोर्क मिलता है, जिसमें प्रीलोड और रिबाउंड एडजस्टमेंट की सुविधा है। पीछे एडजस्टेबल मोनोशॉक सस्पेंशन दिया गया है।

ब्रेकिंग के लिए फ्रंट में 300mm के डुअल डिस्क और Taisko 4-पिस्टन कैलिपर्स लगाए गए हैं, जबकि रियर में सिंगल डिस्क ब्रेक मिलता है। सुरक्षा के लिहाज से बाइक में डुअल-चैनल ABS स्टैंडर्ड दिया गया है।

कुल मिलाकर, ZXMoto 500RR अपने 470cc इनलाइन-फोर इंजन, 84 bhp की पावर, एडवांस इलेक्ट्रॉनिक्स और प्रीमियम हार्डवेयर के चलते मिडिलवेट स्पोर्ट्सबाइक सेगमेंट में एक दिलचस्प विकल्प बनकर सामने आती है।

(मंजू कुमारी)