![]()
Slavia Facelift 18 अगस्त को होगा लॉन्च (Representative image)
Skoda Slavia भारतीय बाजार में एक बड़े अपडेट के साथ वापसी करने के लिए तैयार है। कंपनी अपनी लोकप्रिय मिड-साइज सेडान का फेसलिफ्ट मॉडल 18 अगस्त को लॉन्च करने वाली है। नई Slavia में डिजाइन बदलाव, नए फीचर्स और मैकेनिकल अपडेट देखने को मिल सकते हैं। हालांकि, कंपनी इसमें मौजूदा टर्बो-पेट्रोल इंजन विकल्पों को ही जारी रख सकती है।
नए डिजाइन के साथ मिलेगा ज्यादा प्रीमियम लुक
नई Skoda Slavia के एक्सटीरियर में कई बदलाव देखने को मिल सकते हैं। टेस्टिंग के दौरान सामने आई तस्वीरों के अनुसार, इसमें अपडेटेड LED हेडलैंप दिए जा सकते हैं, जिनमें नए लाइटिंग एलिमेंट्स शामिल होंगे। इसके फ्रंट हिस्से में नई डिजाइन वाली ग्रिल मिलने की उम्मीद है। इसमें इंटीग्रेटेड लाइटिंग एलिमेंट्स भी दिए जा सकते हैं, जो हाल ही में अपडेट हुए Kushaq और Kodiaq जैसे मॉडल्स से प्रेरित होंगे। इसके अलावा कार के फ्रंट और रियर बंपर को भी नया डिजाइन मिलने की संभावना है।
केबिन में मिलेंगे नए फीचर्स
नई Slavia facelift के इंटीरियर में बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा और इसका डैशबोर्ड लेआउट पहले जैसा ही रह सकता है। हालांकि, कंपनी ग्राहकों को बेहतर अनुभव देने के लिए कुछ नए फीचर्स जोड़ सकती है। इसमें नया 10.25 इंच डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले, अपडेटेड सीट अपहोल्स्ट्री और फ्रंट पार्किंग सेंसर जैसे फीचर्स मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा, इसमें रियर सीट मसाज फंक्शन भी दिया जा सकता है, जैसा कि कंपनी ने अपडेटेड Kushaq में पेश किया था।
नया 8-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स
नई Skoda Slavia का सबसे बड़ा अपडेट इसके मैकेनिकल सेटअप में देखने को मिल सकता है। कंपनी इसके 1.0 लीटर TSI टर्बो-पेट्रोल इंजन के साथ नया 8-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स दे सकती है। मौजूदा मॉडल में इस इंजन के साथ 6-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमैटिक गियरबॉक्स मिलता है। नया गियरबॉक्स कार की परफॉर्मेंस और ड्राइविंग अनुभव को बेहतर बना सकता है।
यह इंजन करीब 115 hp की पावर जनरेट करता है। वहीं, 1.5 लीटर TSI टर्बो-पेट्रोल इंजन, जो करीब 150 hp की पावर देता है, उसमें 7-स्पीड DCT ऑटोमैटिक गियरबॉक्स जारी रहने की उम्मीद है। इसके अलावा मैनुअल गियरबॉक्स विकल्प भी मिलते रह सकते हैं।
कीमत में हो सकती है बढ़ोतरी
फीचर्स और अपडेट्स को देखते हुए नई Slavia facelift की कीमत मौजूदा मॉडल से थोड़ी ज्यादा हो सकती है। वर्तमान में Skoda Slavia की कीमत करीब 10 लाख से 18.19 लाख (एक्स-शोरूम) के बीच है। लॉन्च के बाद यह कार मिड-साइज सेडान सेगमेंट में Volkswagen Virtus, Hyundai Verna और Honda City को कड़ी टक्कर देगी।
![]()
शिवानी कोटनालाauthor
शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।
और पढ़ें
- Hindi News
- Auto
End of Article