
महाराष्ट्र SIR में गड़बड़ी!
महाराष्ट्र में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन यानी SIR के तहत मतदाता सूची की जांच में बड़ी संख्या में ऐसे मतदाता सामने आए हैं, जिनके नाम दो जगह दर्ज हैं या जिनका सत्यापन नहीं हो सका है. राज्य में 17 लाख 63 हजार दोहरे नाम वाले मतदाता पाए गए हैं, जबकि 75 लाख 52 हजार मतदाताओं का पता नहीं चल सका है.
इसके अलावा कुल 2 करोड़ 7 लाख से अधिक मतदाताओं को ‘अनकलेक्टेबल’ सूची में शामिल किया गया है. इन मतदाताओं के SIR गणना प्रपत्र अलग-अलग कारणों से जमा नहीं हो सके हैं. इनमें घर पर नहीं मिले मतदाता, स्थायी रूप से दूसरी जगह चले गए लोग, मृत मतदाता, दोहरे नाम वाले मतदाता और अन्य श्रेणी के मतदाता शामिल हैं.
17 अगस्त को SIR के तहत मतदाताओं के गणना प्रपत्र जमा करने की अंतिम तारीख थी. मंगलवार को राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) कार्यालय की ओर से SIR के अंतिम आंकड़े जारी किए गए.
महाराष्ट्र में कुल 9 करोड़ 78 लाख मतदाता
महाराष्ट्र में कुल 9 करोड़ 78 लाख मतदाताओं में से 7 करोड़ 71 लाख मतदाताओं के SIR फॉर्म जमा हो चुके हैं यानी राज्य के 78.85 प्रतिशत मतदाताओं ने SIR प्रक्रिया पूरी कर ली है. वहीं 2 करोड़ 7 लाख से अधिक मतदाताओं के फॉर्म जमा नहीं हुए, जो कुल मतदाताओं का 21.15 प्रतिशत है.
1. दोहरे नाम वाले- 17 लाख 63 हजार याने तकरीबन 1.80% मतदाता
2. घर पर नहीं मिलने वाले- 75 लाख 52 हजार 7.72%
3. स्थायी रूप से स्थानांतरित- 67 लाख 80 हजार 7.85%
4. मृत मतदाता- 34 लाख 81 हजार 3.56%
5. अन्य- 2 लाख 23 हजार 0.23%
6. कुल- 2 करोड़ 7 लाख 21.15%
24 अगस्त को जारी होगी ड्राफ्ट लिस्ट
चुाव आयोग की ओर से 24 अगस्त को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी. इस सूची में जिन मतदाताओं का नाम नहीं होगा, वे अगले एक महीने के दौरान अपना नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म-6 जमा कर सकेंगे. अनकलेक्टेबल सूची में शामिल मतदाता भी फॉर्म-6 के जरिए अपना नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकेंगे.
इसके अलावा 1 दिसंबर 2026 या उससे पहले 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले नागरिक भी मतदाता बनने के लिए आवेदन कर सकेंगे. निर्वाचन आयोग की ओर से अंतिम मतदाता सूची 19 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी.

जयप्रकाश सिंह
जयप्रकाश सिंह का नाम देश के चुनिंदा क्राइम रिपोर्टर में आता है. लंबे समय से टीवी जर्नलिस्ट के तौर पर सेवाएं जारीं. करीब तीन दशकों से सक्रिय पत्रकारिता का हिस्सा. प्रोड्यूसर, एंकर और क्राइम रिपोर्टर की भूमिका. फिलहाल टीवी9 भारतवर्ष में एसोसिएट एडिटर के रूप में मुंबई से कार्यरत. इसके पहले 2012 से 2022 तक मुंबई में इंडिया टीवी के ब्यूरो चीफ रहे. 2005 से 2012 तक नेटवर्क18 ग्रुप के आईबीएन7 चैनल में डिप्टी ब्यूरो चीफ की जिम्मेदारी संभाली. 2004 से 2005 तक सहारा समय मुंबई में बतौर सीनियर स्पेशल कॉरस्पॉन्डेंट काम किया. 2002 से 2004 तक मुंबई ब्यूरो में बीएजी फिल्म्स के चीफ रहे. नवभारत टाइम्स मुंबई में 1997 में जॉइन किया और यहां 2 साल काम किया. इससे पहले भी चार संस्थानों में काम किया.
Read More