entertainment

Shah Rukh Khan के घर नागपंचमी के दिन मिला 8 फीट लंबा सांप, रेस्कयू टीम ने निकाला बाहर, Video वायरल

August 18, 2026

Time Published: Tuesday, August 18, 2026, 17:25 [IST]

Shah Rukh Khan: मुंबई के ब्रांद्रा इलाके में गत 17 अगस्त 2026 (सोमवार) को बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान के घर 'मन्नत' में उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब बंगले के परिसर में दो सांप दिखाई दिए। खास बात ये रही कि जिस दिन देशभर में नागपंचमी का त्योहार मनाया जा रहा था, उसी रात शाहरुख खान के बांद्रा स्थित घर में सांप मिलने की खबर सामने आई।

शाहरुख खान के घर पर मिला सांप
सांप नजर आने की सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम को इसकी जानकारी दी गई। बताया गया कि 'मन्नत' के कैंपस में दो सांप देखे गए हैं। इसके बाद सांपों को सुरक्षित तरीके से बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।

Shah Rukh Khan

'मन्नत' में सीढ़ियों के नीचे मिला करीब 8 फीट लंबा सांप

-जानकारी के मुताबिक सांपों के रेस्क्यू के लिए विक्की दुबे को रात करीब 8 बजे फोन किया गया था। सूचना मिलने के बाद उन्होंने वन विभाग के राउंड ऑफिसर दीपक दादा गायकवाड़ और मुंबई रेंज ऑफिस, ठाणे के कंट्रोल रूम को भी घटना की जानकारी दी।

-इसके बाद विक्की दुबे टीम के साथ 'मन्नत' पहुंचे। तलाशी के दौरान एक सांप घर के आंगन में सीढ़ियों के नीचे कुंडली मारकर बैठा हुआ मिला। पहली नजर में ये सांप काफी डरावना लग रहा था क्योंकि इसकी लंबाई करीब 8 फीट बताई गई। जांच के बाद सामने आया कि ये धामन यानी इंडियन रैट स्नेक था। ये सांप जहरीला नहीं होता और आमतौर पर इंसानों के लिए खतरनाक नहीं माना जाता है।

सांप को सुरक्षित जंगल में छोड़ा गया

रेस्क्यू टीम ने काफी सावधानी के साथ सांप को पकड़ा और उसे सुरक्षित तरीके से वहां से बाहर निकाला। इसके बाद वन विभाग के निर्देशों के अनुसार सांप को जंगल की ओर छोड़ दिया गया। रेस्क्यू के दौरान वहां मौजूद लोगों को भी सांप के बारे में जानकारी दी गई। उन्हें समझाया गया कि धामन जहरीला नहीं होता और ऐसे सांपों को देखकर घबराने की जरूरत नहीं है।

दूसरा सांप मौके से निकल गया

-मन्नत के कैंपस में नजर आए दूसरे सांप को पकड़ने की भी कोशिश की गई लेकिन वह टीम की पकड़ में आने से पहले ही वहां से निकल गया। बताया गया कि काफी तलाश के बावजूद उसका पता नहीं चल सका।

-मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ये सांप अपार्टमेंट के नीचे दिखाई दिया था। रेस्क्यू टीम ने उसे पकड़ने की कोशिश की थी लेकिन वह बचकर निकल गया। सामने आए वीडियो में रेस्क्यू करने वाला व्यक्ति सांप को बेहद सावधानी से संभालता हुआ दिखाई दिया था। शुरुआती जानकारी में इसे भी जहरीला नहीं बताया गया।

सलमान खान के घर भी पहुंच चुका है सांप

मुंबई में किसी बॉलीवुड स्टार के घर सांप मिलने का ये पहला मामला नहीं है। इससे पहले सलमान खान के बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट में भी सांप दिखाई देने की खबर सामने आ चुकी है। इसके बाद रेस्क्यू टीम को बुलाकर सांप को सुरक्षित तरीके से बाहर निकाला गया था।

सोशल मीडिया पर लोगों ने लिए मजे

शाहरुख खान के घर सांप मिलने की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर लोगों के अलग-अलग रिएक्शन भी देखने को मिले। कुछ यूजर्स ने मजाकिया अंदाज में कहा कि शायद सांप भी शाहरुख खान का फैन होगा। वहीं कुछ लोगों ने इस खबर को लेकर सिस्टम और मीडिया कवरेज पर सवाल भी उठाए। सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने कहा कि आम लोगों के घरों में ऐसी घटनाएं होने पर उतनी चर्चा नहीं होती जबकि किसी सेलिब्रिटी के घर ऐसा होने पर खबर तेजी से वायरल हो जाती है।

फिल्म 'किंग' में नजर आएंगे शाहरुख खान

शाहरुख खान इन दिनों अपनी मच अवेटेड फिल्म 'किंग' को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म की सबसे खास बात ये है कि इसमें उनकी बेटी सुहाना खान भी उनके साथ नजर आएंगी। सुहाना इससे पहले जोया अख्तर की फिल्म 'द आर्चीज' से एक्टिंग डेब्यू कर चुकी हैं। ये फिल्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई थी।

'किंग' में शाहरुख के साथ नजर आएंगी दीपिका पादुकोण

-मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 'किंग' मूवी की कहानी और ट्रीटमेंट 1994 में रिलीज हुई हॉलीवुड फिल्म 'लियोन: द प्रोफेशनल' से प्रेरित बताया जा रहा है। इस फिल्म की कहानी एक अनुभवी हिटमैन और एक छोटी लड़की के इर्द-गिर्द घूमती है।

-'किंग' में शाहरुख खान और सुहाना खान के अलावा दीपिका पादुकोण, अभिषेक बच्चन, अरशद वारसी, राघव जुयाल और जयदीप अहलावत जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आने वाले हैं। अब फैंस को इस फिल्म के रिलीज होने का बेसब्री से इंतजार है।