Kidnapping in Supaul: सुपौल के भीमपुर थाना क्षेत्र में सोमवार को स्टेट हाईवे-91 पर दिनदहाड़े युवक को अगवा किए जाने का मामला सामने आया है. घटना बेलागंज के पास की है. मिली जानकारी के मुताबिक, बाइक से जा रहे एक युवक को कार सवार लोगों ने पहले टक्कर मारी. युवक के सड़क पर गिरते ही उसे जबरन कार में बैठाया गया और कार लेकर लोग वहां से निकलने लगे.
रोकने पहुंचे लोगों के सामने चली गोलियां
युवक को जबरन ले जाते देखकर आसपास के लोग विरोध में आगे आए. स्थानीय लोगों ने कार को रोकने और उसका पीछा करने की कोशिश की. इसी दौरान फायरिंग की बात सामने आई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करीब चार राउंड गोली चलने की बात कही जा रही है. पुलिस को घटनास्थल से एक खोखा भी मिला है.
वायरल वीडियो में सुनाई दे रही गोली चलने की आवाज
घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में सड़क पर लोगों की भीड़ और अफरातफरी दिखाई दे रही है, जबकि गोली चलने जैसी आवाज भी सुनाई देती है. वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है. इसलिए वीडियो में दिख रही या सुनाई दे रही चीजों को घटना का अंतिम प्रमाण नहीं माना जा सकता.
कौन है अगवा किया गया युवक?
अगवा किए गए युवक की पहचान मोहम्मद जीशान खान के रूप में हुई है. जीशान खान की उम्र 20 साल है. वह छातापुर थाना क्षेत्र के माधोपुर पंचायत के वार्ड-13 निवासी खुर्शीद खान का पुत्र बताया गया है. घटना की जानकारी मिलने के बाद युवक के परिवार में भी चिंता और अफरातफरी का माहौल है.
घटना की जानकारी मिलते ही भीमपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी और आसपास के लोगों से जानकारी ली. सुपौल के एसपी शरथ आर एस भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने बताया कि कुछ अपराधकर्मियों द्वारा एक व्यक्ति को चार पहिया वाहन में बैठाकर ले जाने की सूचना मिली है. इस दौरान फायरिंग की सूचना भी पुलिस को मिली.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
युवक की तलाश में कई पुलिस टीमें
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने युवक की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 4 से 5 टीमें लगाई हैं. एसडीपीओ दिलीप कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई है. पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और घटना से जुड़े अलग-अलग पहलुओं की जांच कर रही है.
तेजस्वी ने घटना को लेकर सरकार को घेरा
इस घटना पर राजद नेता तेजस्वी यादव ने X पर बिहार सरकार को घेरते हुए लिखा कि यहां अपराधियों में कानून का खौफ खत्म हो गया है. उसका मनोबल बढ़ गया है.
इसे भी पढ़ें: बिना पटना शहर में घुसे जा सकेंगे आरा-बक्सर, दानापुर-मनेर-बिहटा रोड होगी 10 मीटर चौड़ी, 82 करोड़ से बदलेगी ट्रैफिक की सूरत