sports

Rishabh Pant: इरानी कप में ऋषभ पंत का हाई-वोल्टेज ड्रामा, अंपायर से भिड़े! फिर 10 रन पर ही हुए आउट

October 1, 2026

Rishabh Pant: इरानी कप में ऋषभ पंत का हाई-वोल्टेज ड्रामा, अंपायर से भिड़े! फिर 10 रन पर ही हुए आउट

अंपायर से क्यों भिड़े ऋषभ पंत? (फोटो- PTI)

Rishabh Pant, Irani Cup: भारतीय क्रिकेट टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत के लिए इरानी कप मुकाबले का पहला दिन मैदान पर काफी गर्मागर्म रहा. रेस्ट ऑफ इंडिया की कप्तानी कर रहे पंत जम्मू-कश्मीर के खिलाफ पहली पारी में बल्ले से कमाल नहीं दिखा सके और 36 गेंदों में सिर्फ एक चौके की मदद से 10 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. हालांकि, अपनी पारी के दौरान अंपायर के साथ हुई उनकी तीखी नोकझोंक ने सबका ध्यान खींचा, जिसका वीडियो और फोटोज सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहे हैं.

अंपायर से क्यों भिड़े ऋषभ पंत?

दरअसल, बल्लेबाजी के दौरान पंत पॉपिंग क्रीज से लगभग एक से डेढ़ फीट बाहर निकलकर स्टांस ले रहे थे. अंपायर ने इसे खेल के नियमों के खिलाफ पाते हुए रेस्ट ऑफ इंडिया के कप्तान को ऐसा करने से मना किया, जिसके बाद दोनों के बीच पिच पर काफी देर तक गंभीर बहस देखने को मिली. तेज गेंदबाजों के खिलाफ बल्लेबाज अकसर क्रीज से थोड़ा बाहर आकर स्टांस लेते हैं. बल्लेबाज ऐसा स्विंग और सटीक यॉर्कर की धार को कम करने के लिए करते हैं, ताकि गेंदबाज को अपनी लेंथ छोटी करने या रणनीति बदलने पर मजबूर होना पड़े.

Rishabh Pant (7)

ऋषभ पंत का हाई-वोल्टेज ड्रामा. (फोटो- SCREENSHOT/JIOHOTSTAR)

लेकिन पंत सामान्य से बहुत ज्यादा यानी करीब एक से डेढ़ फीट बाहर खड़े थे. हालांकि अकसर अंपायर इसे सामान्य परिस्थिति में नजरअंदाज करते हैं, लेकिन क्रिकेट नियमों के तहत अंपायर के पास यह पूरा अधिकार होता है कि अगर बल्लेबाज जरूरत से ज्यादा बाहर निकलकर पिच के सुरक्षित क्षेत्र या नियमों को प्रभावित कर रहा हो, तो वो उसे रोक सकते हैं. अंपायर के दखल के बाद पंत ने उनसे बहस की, लेकिन उन्हें उनकी बात माननी पड़ी. इसके तुरंत बाद जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज उमर नजीर की एक सटीक गेंद पर पंत कैच आउट होकर चलते बने.

रेस्ट ऑफ इंडिया ने बनाए 237 रन

ऋषभ पंत के सस्ते में आउट होने के बाद रेस्ट ऑफ इंडिया की पहली पारी 237 रनों पर सिमट गई. इस दौरान स्मरण रविचंद्रन ने सबसे ज्यादा 68 रनों की पारी खेली. उनके अलावा शिखर मोहन ने 60 रन बनाए, लेकिन इन दोनों के अलावा टीम का कोई और बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहा. वहीं, दिन का खेल खत्म होने तक जम्मू-कश्मीर ने भी 21 रन बनाकर 2 विकेट गंवा दिए.

मोहिद खान

मोहिद खान

मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.

Read More

google button