world-news

Recalls: फॉक्सवैगन की गाड़ियों का अमेरिका में बड़ा रिकॉल, जानें क्या है खराबी? - Haribhoomi

September 19, 2026

Recalls: फॉक्सवैगन के रिकॉल से अमेरिका में 2 लाख से ज्यादा वाहन प्रभावित होंगे। इन गाड़ियों के स्टीयरिंग रैक बोल्ट में जंग लगने से टूटने का खतरा है।

Volkswagen Recall

2 लाख से अधिक गाड़ियों को रिकॉल किया

  • Published: 19 Sep 2026, 03:54 PM IST
  • Last Updated: 19 Sep 2026, 03:54 PM IST

Recalls: अमेरिका में फॉक्सवैगन ने अपने 2 लाख से अधिक गाड़ियों को रिकॉल किया है। इन वाहनों के स्टीयरिंग रैक में लगे एक बोल्ट में खराबी की जानकारी सामने आई है। नेशनल हाईवे ट्रैफिक सेफ्टी एडमिनिस्ट्रेशन (NHTSA) के मुताबिक, बोल्ट में जंग लगने के कारण इसके टूटने का खतरा हो सकता है। ऐसी स्थिति में वाहन का स्टीयरिंग कंट्रोल प्रभावित हो सकता है और दुर्घटना का जोखिम बढ़ सकता है।

किन वाहनों को किया गया रिकॉल?
इस रिकॉल में फॉक्सवैगन और ऑडी के कुछ पुराने मॉडल ईयर वाले वाहन शामिल हैं। प्रभावित मॉडलों में 2018 फॉक्सवैगन टिगुआन, 2018-2019 फॉक्सवैगन एटलस और 2019-2021 ऑडी क्यू3 शामिल हैं। फिलहाल यह रिकॉल अमेरिका में मौजूद प्रभावित वाहनों के लिए जारी किया गया है।

क्या है वाहन में खराबी?
NHTSA के अनुसार, प्रभावित वाहनों के स्टीयरिंग रैक माउंटिंग बोल्ट में समय के साथ जंग लग सकती है। जंग के कारण बोल्ट कमजोर हो सकता है और टूटने की स्थिति में स्टीयरिंग सिस्टम का नियंत्रण प्रभावित होने की आशंका है।

स्टीयरिंग रैक वाहन के स्टीयरिंग सिस्टम का एक अहम हिस्सा होता है। इसलिए बोल्ट के टूटने से वाहन को नियंत्रित करने में परेशानी हो सकती है। नियामक के अनुसार, ऐसी स्थिति दुर्घटना के जोखिम को बढ़ा सकती है।

फ्री में ठीक की जाएगी खराबी
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी रिकॉल के तहत प्रभावित वाहनों के मालिकों को मुफ्त मरम्मत की सुविधा देगी। डीलर खराब या प्रभावित दाईं ओर के स्टीयरिंग रैक माउंटिंग बोल्ट को बिना किसी शुल्क के बदलेंगे। इससे ग्राहकों को इस समस्या को ठीक कराने के लिए अतिरिक्त खर्च नहीं करना पड़ेगा।

अमेरिका में जारी हुआ रिकॉल
यह रिकॉल फिलहाल अमेरिका में 2,08,724 वाहनों के लिए जारी किया गया है। NHTSA वाहन सुरक्षा से जुड़े रिकॉल की निगरानी करता है और वाहन मालिकों को संभावित सुरक्षा खामियों की जानकारी उपलब्ध कराता है।

जिन वाहन मालिकों को अपने वाहन के रिकॉल स्टेटस की जांच करनी है, वे NHTSA के VIN आधारित रिकॉल लुकअप के जरिए जानकारी हासिल कर सकते हैं।

(मंजू कुमारी)