Published: Saturday, August 1, 2026, 10:06 [IST]
Rashmika Mandanna Accident: साउथ की फिल्मों से लेकर बॉलीवुड इंडस्ट्री तक अपनी खूबसूरती और दमदार एक्टिंग से लोगों का दिल जीतने वाली एक्ट्रेस रश्मिका मंदाना के साथ एक बड़ा हादसा हो गया है। खबर है कि एक्ट्रेस रश्मिका मंदाना, शूटिंग के दौरान घायल हो गई हैं। इस हादसे में उन्हें गंभीर चोट आई है। बताया जा रहा है कि रश्मिका एक डांस सीक्वेंस शूट कर रही थीं और उसी दौरान उनके हिप पर चोट लग गई। उनका हिप टेंडन अलग हो गया है।
रश्मिका मंदाना बड़े हादसे का हुईं शिकार
आपको बता दें कि हिप टेंडन टिशूज का एक मजबूत कॉर्ड होता है, जो हिप की मांसपेशियों को पेल्विक और पैर की हड्डियों से जोड़ता है। एक्ट्रेस को गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने रश्मिका मंदाना को कुछ हफ्ते आराम करने और शूटिंग से दूर रहने की सलाह दी है।
रश्मिका का हिप टेंडन हुआ अलग
रश्मिका मंदाना को चोट लगने की बात सुनकर उनके फैंस भी घबरा गए हैं और वो एक्ट्रेस के जल्द ठीक होने की दुआ कर रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक एक डांस सीक्वेंस और एक्शन सीन के बाद रश्मिका मंदाना के हिप का टेंडन पूरी तरह से फट गया। चोट की गंभीरता देखकर डॉक्टर भी हैरान हो गए हैं। उन्होंने बताया कि टेंडन को इस तरह का नुकसान अकसर उन प्रोफेशनल एथलीटों को होता है, जो बहुत ज्यादा ट्रेनिंग करते हैं।
रश्मिका मंदाना को मिली 6 हफ्ते बेड रेस्ट की सलाह
रश्मिका मंदाना की पूरी मेडिकल जांच हो चुकी है और उन्हें सलाह दी गई है कि वह 6 हफ्ते तक पूरी तरह आराम करें। इसके बाद उन्हें रिहैबिलिटेशन थैरेपी करवाने की सलाह दी गई है। रश्मिका मंदाना को चोट लगने के कारण फिल्म के शेड्यूल पर असर पड़ने की संभावना है। साथ ही इससे एक्ट्रेस का शूट का बाकी काम भी प्रभावित होगा। फिलहाल रश्मिका कुछ एड कैंपेन के अलावा 'रणबाली' और 'मायसा' जैसी फिल्मों में की शूटिंग में बिजी चल रही थीं।
रश्मिका मंदाना की तरफ से नहीं आया कोई बयान
फिलहाल इस गंभीर चोट को लेकर रश्मिका मंदाना या उनकी टीम की तरफ से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है लेकिन फैंस परेशान हैं और उनके जल्द ठीक होने की दुआ कर रहे हैं। डॉक्टरों ने भी रश्मिका को साफ तौर पर हिदायत दी है कि काम पर लौटने से ज्यादा उन्हें पहले अपने ठीक होने पर ध्यान देना होगा।
फरवरी 2026 हुई रश्मिका मंदाना की शादी
आपको बता दें कि रश्मिका मंदाना ने फरवरी 2026 में ही अपने लॉन्ग टाइम बॉयफ्रेंड साउथ के फेमस एक्टर विजय देवरकोंडा से शादी की थी और कुछ समय बाद ही वह काम पर लौट आई थीं। तब उन्होंने फिल्म 'मायसा' की शूटिंग शुरू की थी। इसके अलावा वह 'रणबाली' मूवी की शूटिंग में भी बिजी चल रही हैं, जिसमें उनके साथ लीड हीरो के तौर पर पति विजय देवरकोंडा ही नजर आएंगे। रश्मिका मंदाना को हाल ही में फिल्म 'कॉकटेल 2' में कृति सेनन और शाहिद कपूर के साथ देखा गया था।