
एक ही टीम के दो बल्लेबाज चूके दोहरे शतक. (फोटो- INSTAGRAM)
Ranji Trophy 2026-27: रणजी ट्रॉफी 2026-27 के राउंड-2 के तहत जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में राजस्थान और रेलवे के बीच खेले जा रहे एलीट मुकाबले में एक हैरान करने वाला संयोग देखने को मिला है. मैच की पहली पारी में राजस्थान क्रिकेट टीम के दो बल्लेबाज सचिन यादव और करन लांबा अपने-अपने दोहरे शतक के काफी करीब पहुंचकर चूक गए. सबसे अनोखी बात यह रही कि दोनों ही बल्लेबाज ठीक 194-194 रन के निजी स्कोर पर आउट होकर पवेलियन लौटे.
एक ही टीम के दो बल्लेबाज चूके दोहरे शतक
इस मुकाबले में पारी का आगाज करने उतरे बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज सचिन यादव ने रेलवे के गेंदबाजों की कड़ी परीक्षा ली. उन्होंने क्रीज पर खूंटा गाड़कर 358 गेंदों का सामना किया और 22 चौके-4 छक्के जड़कर 194 रन बनाए. जब वो अपने करियर के ऐतिहासिक दोहरे शतक से सिर्फ 6 रन दूर थे, तभी राज चौधरी की गेंद पर विकेटकीपर ने उन्हें स्टंप आउट कर दिया.
दूसरी ओर, नंबर चार पर बल्लेबाजी करने उतरे दाएं हाथ के बल्लेबाज करन लांबा ने शुरुआत से ही आक्रामक तेवर अपनाए. करन ने 284 गेंदों का सामना करते हुए 19 चौके और 2 छक्के उड़ाए. लेकिन वो भी ठीक 194 के स्कोर पर कुणाल यादव की गेंद पर ईशान गोयल को कैच थमा बैठे और दोहरा शतक पूरा करने से सिर्फ 6 रन से चूक गए. इन दोनों बल्लेबाजों के बीच हुई लंबी साझेदारी ने रेलवे की पहली पारी में मैच पर पकड़ बनाने की उम्मीदों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया.
राजस्थान ने बोर्ड पर लगाया बड़ा स्कोर
इन दोनों बल्लेबाजों की 194 रनों की मैराथन पारियों की बदौलत राजस्थान ने अपनी पहली पारी में 136 ओवरों में 497 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया. हालांकि, राजस्थान की ओर से इन दोनों खिलाड़ियों के अलावा और कोई ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिक सका. सचिन यादव और करन लांबा को छोड़कर कोई भी बल्लेबाज 30 रन का आंकड़ा छूने में नाकाम रहा.

मोहिद खान
मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.
Read More