world-news

Ranchi News : राज्य स्तरीय खेलो झारखंड का शुभारंभ, 24 जिलों के 1700 खिलाड़ी ले रहे हिस्सा

October 3, 2026

Ranchi News : रांची के खेलगांव स्थित बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम में शनिवार को राज्य स्तरीय ‘खेलो झारखंड 2026-27’ का भव्य शुभारंभ हुआ. झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में राज्य के सभी 24 जिलों से अंडर-17 आयुवर्ग के करीब 1700 खिलाड़ी एथलेटिक्स और हॉकी प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले रहे हैं.

इसे भी पढ़ें...

National News: नायरा एनर्जी ने पेट्रोल 5 और डीजल 3 महंगा किया, सरकारी पंपों पर दाम जस के तस
Jharkhand Education News : हॉस्टल में रहने वाले 25000 से अधिक छात्रों को सरकार देगी भोजन

उद्घाटन समारोह का शुभारंभ राज्य परियोजना निदेशक शशि रंजन एवं विशिष्ट अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित और गुब्बारे उड़ाकर किया. इसके बाद सभी 24 जिलों से पहुंचे एथलेटिक्स के 1100 और हॉकी के 600 खिलाड़ियों ने कांके स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की बैंड टीम की अगुवाई में मार्च पास्ट किया. राष्ट्रीय खिलाड़ी अनित उरांव ने खिलाड़ियों को खेल शपथ दिलाई.

Uploaded Image

लातेहार की टीम

मुख्य अतिथि शशि रंजन ने खिलाड़ियों से खेल के साथ पढ़ाई पर भी ध्यान देने की अपील की. उन्होंने कहा कि खेल शारीरिक और मानसिक विकास को मजबूत करता है, जबकि शिक्षा भविष्य की मजबूत नींव तैयार करती है. उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता.

लक्ष्य हासिल करने के लिए मेहनत, अनुशासन, समर्पण और नियमित अभ्यास जरूरी है. खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, खेल सामग्री और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में विभाग और राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रहे हैं.

Uploaded Image

खेलो झारखंड

राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने कहा कि ‘खेलो झारखंड’ सिर्फ प्रतियोगिता नहीं, बल्कि विद्यालयों में छिपी खेल प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का माध्यम है.

उद्घाटन समारोह में झारखंड ओलंपिक संघ के महासचिव डॉ. मधुकांत पाठक, झारखंड एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष चन्द्रदेव सिंह, महासचिव शिव कुमार पाण्डेय, हॉकी झारखंड के महानिदेशक विजय शंकर सिंह समेत अन्य अतिथि मौजूद रहे. अतिथियों को पुष्पगुच्छ, स्मृति चिह्न, अंगवस्त्र और पौधे भेंट कर सम्मानित किया गया.

100 मीटर दौड़ के विजेता

अंडर-17 बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में पृथ्वी उरांव प्रथम, माही कुमारी द्वितीय और दिव्या कुमारी गुप्ता तृतीय स्थान पर रहीं. बालक वर्ग में अनित उरांव ने पहला, श्रवण सिंह ने दूसरा और आकाश कुमार ने तीसरा स्थान हासिल किया. विजेताओं को मेडल और सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया गया.

Uploaded Image

विजेताओं को सम्मानित किया गया

वहीं, अंडर-17 हॉकी बालक वर्ग में खूंटी, गुमला, सिमडेगा और हजारीबाग की टीमों के बीच सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए, जबकि बालिका वर्ग के मुकाबले जारी रहे.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.