world-news

Rajasthan Weather: राजस्थान में फिर एक्टिव हुआ मानसून, 20 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट; बांधों के गेट खुले - Haribhoomi

September 6, 2026

Rajasthan Weather: राजस्थान में मानसून फिर एक्टिव हो गया है। 20 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट है। कई बांधों के गेट खुले और तापमान 6 डिग्री तक गिरा।

Rajasthan Weather Alert

Rajasthan Weather Alert

  • Published: 06 Sep 2026, 08:17 AM IST
  • Last Updated: 06 Sep 2026, 08:17 AM IST

जयपुर। राजस्थान में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। प्रदेश के 20 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। शनिवार को जयपुर समेत कई जिलों में दिनभर बारिश हुई। लगातार बरसात से सवाई माधोपुर और धौलपुर के बांध छलक गए, जबकि कई अन्य बांधों के गेट खोलकर पानी की निकासी करनी पड़ी। पूर्वी राजस्थान के कई इलाकों में तापमान सामान्य से 6 डिग्री तक नीचे पहुंचने से दिन में भी मौसम में ठंडक महसूस की गई।

राजस्थान में मानसून की वापसी के साथ एक बार फिर बारिश का दौर तेज हो गया है। शनिवार को प्रदेश के कई जिलों में झमाझम बारिश हुई। अब मौसम विभाग ने आज भी 20 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में बारिश का यह दौर 8 सितंबर तक जारी रह सकता है। इसके बाद करीब एक सप्ताह तक बारिश की गतिविधियां कम रहने की संभावना है।

सवाई माधोपुर के खंडार में 102 MM बारिश
पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा बारिश सवाई माधोपुर के खंडार में रिकॉर्ड हुई। यहां 102 मिलीमीटर पानी बरसा। इसके अलावा करौली, भरतपुर और अलवर के कई इलाकों में करीब 3 इंच तक बारिश दर्ज की गई।

अजमेर, बारां, बूंदी, दौसा, धौलपुर, करौली, टोंक, सीकर, कोटा, भीलवाड़ा समेत कई जिलों में भी 1 से 2 इंच तक बारिश हुई। लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों और नदी-नालों के आसपास पानी का बहाव बढ़ गया है।

नदियों की रपट डूबी, कई रास्तों पर बढ़ा पानी
तेज बारिश के बाद नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है। सवाई माधोपुर, बारां, बूंदी और कोटा में कई जगह नदियों पर बनी रपट पानी में डूब गईं। इससे स्थानीय लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा।

कई बांधों के गेट खोलकर छोड़ा पानी
लगातार बारिश का असर राजस्थान के बांधों पर भी दिखाई दे रहा है। जलस्तर बढ़ने के बाद भरतपुर के बंध बारैठा बांध के 2 गेट, धौलपुर के पार्वती बांध के 2 गेट, झालावाड़ के कालीसिंध बांध के 3 गेट और कोटा के नवनेरा बांध के 7 गेट खोलकर पानी की निकासी की गई। वहीं, तेज बारिश के चलते धौलपुर का रामसागर डैम और सवाई माधोपुर का मानसरोवर बांध ओवरफ्लो होकर छलक गए।

पूर्वी राजस्थान में बढ़ी ठंडक
पूर्वी राजस्थान में लगातार दो दिन से बारिश होने के कारण अधिकतम तापमान में भी बड़ी गिरावट आई है। कई स्थानों पर तापमान सामान्य से करीब 6 डिग्री तक नीचे पहुंच गया। जयपुर, अलवर, भरतपुर, धौलपुर, करौली, दौसा और सवाई माधोपुर समेत कई जिलों में दिन का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा।

बारिश और तापमान में गिरावट के कारण इन इलाकों में सुबह-शाम के साथ दिन में भी मौसम सुहावना और ठंडा हो गया। कई जगह लोगों को सितंबर में ही रात जैसी ठंडक महसूस हुई।

पश्चिमी राजस्थान में गर्मी का असर
जहां पूर्वी राजस्थान बारिश और ठंडक से प्रभावित है, वहीं पश्चिमी हिस्से में मौसम का मिजाज अलग बना हुआ है। यहां सितंबर में भी कई जिलों में दिन का तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया जा रहा है। यानी प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में मौसम का अलग-अलग रंग देखने को मिल रहा है।

8 सितंबर तक बारिश, फिर कमजोर होगा मानसून
मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान में बारिश का मौजूदा दौर 8 सितंबर तक जारी रहने की संभावना है। इसके बाद अगले करीब एक सप्ताह तक प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में कमी आ सकती है। ऐसे में अगले दो-तीन दिन पूर्वी राजस्थान के लिए मौसम के लिहाज से महत्वपूर्ण रहने वाले हैं।