world-news

Pyarelal wife death: पत्नी के अंतिम संस्कार में भावुक हुए संगीतकार प्यारेलाल, सुनीला शर्मा ने 78 की उम्र में ली अंतिम सांस - Haribhoomi

July 13, 2026

Pyarelal wife death: हिंदी फिल्म संगीत के दिग्गज संगीतकार प्यारेलाल के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनकी पत्नी सुनीला प्यारेलाल शर्मा का 12 जुलाई को 78 वर्ष की उम्र में निधन हो गया।

Pyarelal wife Sunila Sharma Death

दिग्गज संगीतकार प्यारेलाल की पत्नी सुनीला शर्मा का 78 की उम्र में निधन।

  • Published: 13 Jul 2026, 12:37 PM IST
  • Last Updated: 13 Jul 2026, 12:43 PM IST

Pyarelal wife death: हिंदी सिनेमा की मशहूर संगीतकार जोड़ी लक्षमीकांत-प्यारेलाल के प्यारेलाल शर्मा के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। प्यारेलाल की पत्नी सुनीला प्यारेलाल शर्मा का 12 जुलाई 2026 को निधन हो गया। उन्होंने 78 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस ली। कंपोजर के परिवार ने इसकी आधिकारिक जानकारी एक बयान के जरिए दी।

मुंबई में हुआ अंतिम संस्कार
सुनीला शर्मा का अंतिम संस्कार 13 जुलाई 2026 को सुबह 11:30 बजे मुंबई के सांताक्रूज़ (पश्चिम) स्थित दत्तात्रेय रोड श्मशान घाट में किया गया। इस मौके पर संगीतकार प्यारेलाल और उनके परिवार को नम आंखों से सुनीला श्रमा को अंतिम विदाई देते देखा गया।

कुछ वीडियो सामने आए हैं जिसमें अपनी प्यारेलाल दिवंगत पत्नी के अंतिम संस्कार में भावुक नजर आए। उम्रदराज प्यारेलाल ने व्हीलचेयर पर बैठकर पत्नीकी अंतिम क्रियाएं निभाईं।

परिवार ने भावुक बयान जारी किया
सुनीला शर्मा के निधन की जानकारी सोशल मीडिया के जरिए साझा की गई। गायिका प्रियंका मित्रा ने परिवार की ओर से जारी आधिकारिक संदेश पोस्ट किया, जिसमें लिखा गया कि परिवार भारी दुख के साथ अपनी प्रिय "अम्मा" के निधन की सूचना दे रहा है।

परिवार ने अपने संदेश में सुनीला शर्मा को एक ऐसी शख्सियत बताया, जिन्होंने पूरे जीवन सादगी, समर्पण और अपार प्रेम के साथ परिवार को संभाला। बयान में कहा गया कि वह हर किसी के लिए निस्वार्थ प्रेम और मजबूती का स्तंभ थीं। परिवार ने यह भी कहा कि दुख की इस घड़ी में उन्हें इस बात का सुकून है कि अब वह शांति में हैं।

Pyarelal wife death
Pyarelal wife death

श्रद्धांजलि संदेश के अंत में लिखा गया कि, "अम्मा, आपने इस दुनिया में अपना सफर खूबसूरती से पूरा किया। ईश्वर आपकी आत्मा को शाश्वत शांति प्रदान करे।"

इंडियन आइडल में नजर आईं थीं सुनीला शर्मा
हाल के सालों में, प्यारेलाल की सुनीला शर्मा उनके साथ टेलीविज़न रियलिटी शो में नज़र आती थीं। उनकी यादगार मौजूदगी में से एक 'इंडियन आइडल 13' में थी, जहां उन्हें और प्यारेलाल को लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल को समर्पित एक ट्रिब्यूट एपिसोड के लिए स्पेशल गेस्ट के तौर पर बुलाया गया था।

भारतीय सिनेमा में प्यारेलाल का अमूल्य योगदान
प्यारेलाल भारतीय फिल्म संगीत के सबसे प्रतिष्ठित संगीतकारों में गिने जाते हैं। उन्होंने दिवंगत लक्ष्मीकांत शांताराम कुडालकर के साथ मिलकर मशहूर लक्ष्मीकांत–प्यारेलाल जोड़ी बनाई, जिसने कई दशकों तक हिंदी फिल्म संगीत पर अपनी अमिट छाप छोड़ी।

इस जोड़ी ने सैकड़ों फिल्मों के लिए यादगार धुनें तैयार कीं। उनकी प्रमुख फिल्मों में 'बॉबी', 'कर्ज़', 'अमर अकबर एंथनी', 'सत्यम शिवम सुंदरम', 'हीरो', 'मिस्टर इंडिया', 'राम लखन', 'तेज़ाब', 'एक दूजे के लिए' और 'उत्सव' जैसी कई सुपरहिट फिल्में शामिल हैं। आज भी उनके संगीत को हिंदी सिनेमा की अमूल्य धरोहर माना जाता है।