बालाघाट में लोक निर्माण विभाग की पीआईयू शाखा में पदस्थ एग्जीक्यूटिव इंजीनियर के शासकीय आवास पर आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (ईओडब्ल्यू) ने गुरुवार सुबह 6 बजे छापामार कार्रवाई की। आय से अधिक संपत्ति और पद के दुरुपयोग से जुड़े मामले में ईओडब्ल्यू की तीन
.
डीएसपी मंजीत सिंह के नेतृत्व में बालाघाट स्थित शासकीय आवास पर हुई कार्रवाई में फिलहाल ढाई लाख रुपए नकद और करीब 25 लाख रुपए कीमत का एक वाहन मिलने की जानकारी सामने आई है। टीम एग्जीक्यूटिव इंजीनियर को लेकर अब छिंदवाड़ा रवाना हो रही है।
13 जुलाई को ईओडब्ल्यू में की गई थी शिकायत
बताया गया है कि एग्जीक्यूटिव इंजीनियर करीब 14 महीने से बालाघाट में पदस्थ थे। इस दौरान ठेकेदारों की ओर से समय-समय पर निर्माण कार्यों के बिल में कमीशन लेने के आरोप लगाए जाते रहे हैं।
सिविल कांट्रेक्टर एसोसिएशन ने भी उनकी शिकायत प्रशासन और विभागीय स्तर पर की थी। कार्रवाई नहीं होने पर एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी युनुस पप्पा खान ने 13 जुलाई को ईओडब्ल्यू में शिकायत की थी। इसी शिकायत के बाद गुरुवार को तीनों स्थानों पर कार्रवाई की गई।

एग्जीक्यूटिव इंजीनियर के सरकारी आवास पर EOW की कार्रवाई।
30 लाख के भुगतान में 10 लाख कमीशन लेने का आरोप
शिकायतकर्ता युनुस पप्पा खान ने आरोप लगाया कि कार्यपालन यंत्री सिंगारे ठेकेदारों को परेशान करते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि ठेकेदार छोटुलाल ठाकरे के 30 लाख रुपए के भुगतान में 10 लाख रुपए कमीशन लिया गया था। इस संबंध में प्रशासन और विभागीय स्तर पर लगातार शिकायतें की गईं, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद ईओडब्ल्यू में शिकायत की गई।
हालांकि, ये आरोप शिकायतकर्ता की ओर से लगाए गए हैं। इनकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

एग्जीक्यूटिव इंजीनियर के तीन ठिकानों पर छापेमारी।

टीम ने घर से नकद और करीब 25 लाख रुपए का वाहन बरामद किया।
डीएसपी बोले- न्यायालय की अनुमति के बाद कार्रवाई
ईओडब्ल्यू के डीएसपी मंजीत सिंह ने बताया कि बालाघाट न्यायालय से अनुमति लेने के बाद सुबह 6 बजे टीम ने कार्यपालन यंत्री कमलकिशोर सिंगारे के शासकीय आवास पर दबिश दी। जांच के दौरान ढाई लाख रुपए नकद और करीब 25 लाख रुपए कीमत का एक वाहन मिला है। टीम सिंगारे को लेकर छिंदवाड़ा जा रही है।
भोपाल आवास पर सब इंजीनियर के मिलने की भी चर्चा
इधर, एग्जीक्यूटिव इंजीनियर के भोपाल स्थित आवास पर बालाघाट सर्व शिक्षा अभियान में पदस्थ रहे सब इंजीनियर शिव भास्कर के मिलने की जानकारी भी सामने आ रही है। हालांकि, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
बताया जा रहा है कि शिव भास्कर अपनी पत्नी के साथ वहां मौजूद थे। शिव भास्कर का हाल ही में स्थानांतरण हुआ है और उनके खिलाफ भी भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायतों की चर्चा है। उनके सिंगारे के भोपाल स्थित आवास पर मिलने को लेकर भी कई सवाल उठ रहे हैं। मामले में ईओडब्ल्यू की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।