यमुनानगर के रादौर में अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए कार्रवाई कर रही सरकारी टीम पर फॉर्च्यूनर सवार लोगों ने हमला कर दिया। टीम ने बिना ई-रवाना के चल रहे एक ट्रक को पकड़ा था। पुलिस कर्मियों की मौजूदगी में ट्रक को थाने ले जाया जा रहा था। इसी दौरान फॉर्च्य
.
आरोप है कि उन्होंने सरकारी कर्मचारियों को धमकाया और उनके साथ हाथापाई भी की। घटना के बाद सरकारी टीम ने पुलिस को शिकायत दी। रादौर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फॉर्च्यूनर सवार ने ट्रक छुड़ाने की कोशिश की
जनस्वास्थ्य विभाग के उपमंडल-2, जगाधरी में एसडीओ पलविंद्र सिंह ने बताया कि की बीती रात उनकी ड्यूटी डीसी के निर्देश पर रादौर क्षेत्र में अवैध माइनिंग रोकने के लिए लगाई गई थी। रात करीब 12 बजे रादौर के त्रिवेणी चौक पर ड्यूटी के दौरान उनकी टीम ने ट्रक को बिना ई-रवाना के पकड़ा। इसके बाद ट्रक को बस स्टैंड पर ले जाया गया। वहां चौकीदार ने ट्रक खड़ा करने से मना कर दिया।
इसके बाद पुलिस कर्मचारी तेजवीर की मौजूदगी में ट्रक को थाने ले जाने की तैयारी की गई। इसी दौरान एक फॉर्च्यूनर गाड़ी में युवक मौके पर पहुंचा। आरोप है कि युवक ने पहले ट्रक छोड़ने की बात कही। मना करने पर वह विभागीय टीम को धमकाने लगा और गाली-गलौज करने लगा। उसने कथित तौर पर धमकी दी कि उन्हें इसके अंजाम भुगतने होंगे।

मामले की जानकारी देते हुए रादौर थाना प्रभारी राजेश कुमार।
गांव के पास पुलिस कर्मचारी से हाथापाई
एसडीओ के अनुसार, ट्रक को पुलिस कर्मचारी के साथ थाने ले जाया जा रहा था, तभी फॉर्च्यूनर सवार ने अपनी गाड़ी ट्रक के आगे लगाकर उसे रुकवा दिया। आरोप है कि इसके बाद वह ट्रक को छुड़ाकर अपने साथ ले भागा। टीम की जीप भी उसके पीछे गई।
आरोप है कि आरोपी ने गांव के पास ट्रक रोक लिया और पुलिस मुलाजिम के साथ हाथापाई शुरू कर दी। इस दौरान उसने सरकारी जीप के आगे चल रहे ट्रक को खाली करने की कोशिश भी की। पुलिस कर्मचारी ने किसी तरह अपना बचाव किया। आरोपी फॉर्च्यूनर के साथ ट्रक को लेकर मौके से फरार हो गया।
थाना प्रभारी बोले- केस दर्ज कर जांच जारी है
घटना के बाद टीम ने डायल-112 पर सूचना दी। रादौर थाना प्रभारी राजेश ने बताया कि आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।