world-news

प्रह्लाद जोशी की शैक्षणिक योग्यता क्या है? जानें देश के नए शिक्षा मंत्री के बारे में सबकुछ - Haribhoomi

July 26, 2026

Pralhad Joshi Biography: प्रह्लाद जोशी की शैक्षणिक योग्यता क्या है? जानें देश के नए शिक्षा मंत्री के बारे में सबकुछ

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद प्रह्लाद जोशी को शिक्षा मंत्रालय की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जानें उनकी शैक्षणिक योग्यता, शुरुआती जीवन, राजनीतिक सफर और शिक्षा मंत्री बनने की वजह।

Pralhad Joshi Biography

Pralhad Joshi Biography

  • Published: 26 Jul 2026, 08:12 AM IST
  • Last Updated: 26 Jul 2026, 08:16 AM IST

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद केंद्र सरकार ने वरिष्ठ बीजेपी नेता प्रह्लाद जोशी को शिक्षा मंत्रालय की जिम्मेदारी सौंप दी है। लंबे राजनीतिक अनुभव और कई अहम मंत्रालय संभाल चुके जोशी को अब देश के सबसे महत्वपूर्ण मंत्रालयों में से एक की कमान दी गई है। ऐसे में लोगों के बीच उनकी शैक्षणिक योग्यता और राजनीतिक सफर को लेकर दिलचस्पी बढ़ गई है।

क्या है प्रह्लाद जोशी की शैक्षणिक योग्यता?

प्रह्लाद जोशी ने बैचलर ऑफ आर्ट्स (B.A.) की डिग्री हासिल की है। उन्होंने कर्नाटक के हुबली स्थित के.एस. आर्ट्स कॉलेज से ग्रेजुएशन किया, जो कर्नाटक यूनिवर्सिटी, धारवाड़ से संबद्ध है।

उन्होंने अपनी शुरुआती पढ़ाई रेलवे स्कूल से की और बाद में हुबली के न्यू इंग्लिश स्कूल में शिक्षा प्राप्त की।

प्रारंभिक जीवन

प्रह्लाद जोशी का जन्म 27 नवंबर 1962 को कर्नाटक के विजयपुरा (पूर्व में बीजापुर) में हुआ था। उनका परिवार साधारण पृष्ठभूमि से जुड़ा रहा है। उनके पिता भारतीय रेलवे में कार्यरत थे।

कम उम्र में ही वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़ गए थे और यहीं से उनके सार्वजनिक जीवन की शुरुआत हुई।

राजनीतिक सफर

प्रह्लाद जोशी 2004 से लगातार धारवाड़ लोकसभा सीट से सांसद हैं और अब तक पांच बार चुनाव जीत चुके हैं। वे कर्नाटक बीजेपी के अध्यक्ष भी रह चुके हैं।

उन्होंने केंद्र सरकार में कई महत्वपूर्ण मंत्रालय संभाले हैं, जिनमें शामिल हैं:

  • संसदीय कार्य मंत्री
  • कोयला मंत्री
  • खनन मंत्री
  • उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री
  • नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री

क्यों सौंपी गई शिक्षा मंत्रालय की जिम्मेदारी?

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 2026 के NEET विवाद और NTA के कमजोर प्रबंधन को लेकर धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा स्वीकार किया, जिसके बाद प्रह्लाद जोशी को शिक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया।

जोशी अपने मौजूदा मंत्रालयों के साथ-साथ शिक्षा मंत्रालय की जिम्मेदारी भी संभालेंगे।

क्या बोले प्रह्लाद जोशी?

मंत्रालय का कार्यभार संभालने के बाद प्रह्लाद जोशी ने कहा कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपेक्षाओं पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करेंगे और देश की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में काम करेंगे।