world-news

पहली सीरीज जीत पर आई अय्यर की प्रतिक्रिया, इन दो खिलाड़ियों को बताया मैच विनर

July 25, 2026

क्रिकेट

पहली सीरीज जीत पर आई अय्यर की प्रतिक्रिया, इन दो खिलाड़ियों को बताया मैच विनर

  • Authored by: समीर कुमार ठाकुर
  • Updated Jul 25, 2026, 08:47 PM IST

भारत ने दूसरा मुकाबला 90 रन से जीत लिया। इसके साथ ही भारत ने 3 मैच की टी20 सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली। यह अय्यर की कप्तानी में टीम इंडिया की पहली सीरीज जीत है। 6 मैच के इंतजार के बाद अय्यर ने जीत का स्वाद चखा।

Image

श्रेयर अय्यर (साभार-X)

6 मैच और दो सीरीज के इंतजार के बाद आखिरकार श्रेयस अय्यर ने बतौर भारतीय कप्तान पहली सीरीज जीत का स्वाद चखा। मैच के बाद अय्यर ने इसका श्रेय ईशान किशन और तिलक वर्मा की बल्लेबाजी को दिया। इतना ही नहीं उन्होंने प्रिंस यादव की इंजरी को लेकर भी अपडेट दिया। अय्यर ने कहा 'मैं बहुत उत्साहित हूं। शानदार जीत है और इसमें हर खिलाड़ी का बेहतरीन योगदान रहा। बल्लेबाजी से शुरू करें तो, ईशान और तिलक का खेल लाजवाब था। मुझे लगा था कि 180-200 का स्कोर ठीक रहेगा, लेकिन हमने 220 रन बनाए, जो शानदार था।

सब कुछ सोच पर निर्भर करता है। वर्तमान में रहो और अपने लक्ष्य को हासिल करने की कोशिश करो। दुर्भाग्य से हमारा एक खिलाड़ी चोटिल हो गया है, इसलिए कल आपको कुछ बदलाव देखने को मिल सकते हैं।

मैच की बात करें तो भारत ने यह मुकाबला 90 रन से अपने नाम किया और तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट पर 219 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। जवाब में जिम्बाब्वे की पूरी टीम 17.5 ओवर में 129 रन पर सिमट गई। जिम्बाब्वे की ओर से सलामी बल्लेबाज ब्रायन बेनेट ने सर्वाधिक 32 रन बनाए, लेकिन उन्हें दूसरे बल्लेबाजों का साथ नहीं मिला।

भारत की ओर से अभिषेक शर्मा ने सर्वाधिक तीन विकेट झटके, जबकि डेब्यू कर रहे यश ठाकुर और प्रिंस यादव ने दो-दो विकेट लिए। इससे पहले भारत ने तिलक वर्मा के 60 और ईशान किशन के 81 रन की पारी के दम पर 5 विकेट के नुकसान पर 219 रन बनाए। कप्तान अय्यर बड़ी पारी नहीं खेल पाए। उन्होंने 20 गेंद में 25 रन की पारी खेली। सीरीज का तीसरा और अंतिम मुकाबला रविवार को इसी मैदान पर खेला जाएगा जहां टीम इंडिया क्लीन स्वीप करने के इरादे से उतरेगी।

Sameer Thakur

समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें

  • Hindi News
  • Sports
  • Cricket

End of Article