रणबीर कपूर ने रामायण के लिए दो साल तक की खास तैयारी, बोले- राम की शिक्षाओं को समझना जरूरी
Jul 24, 2026 10:43 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान
Ramayana Trailer: सैन डिएगो कॉमिक कॉन में रामायण का ट्रेलर दिखाया गया। इस मौके पर रणबीर कपूर वहां मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि राम के रोल के लिए उन्होंने कैसे खुद को तैयार किया।

राम के लिए रणबीर ने की कड़ी मेहनत
नितेश तिवारी की रामायण में रणबीर कपूर राम के रोल के लिए बिल्कुल तैयार हैं। आज यानी गुरुवार को सैन डिएगो कॉमिक कॉन में रामायण का ट्रेलर रिलीज किया गया। इस मौके पर रणबीर कपूर भी मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि राम के रोल के लिए उन्होंने खुद को कैसे तैयार किया। रणबीर कपूर ने कहा कि उन्होंने दो साल तक मैडिटेशन (ध्यान लगाना) किया।
भगवान राम के रोल के लिए रणबीर ने क्या-क्या की तैयारी?
सैन डिएगो इवेंट में बोलते हुए रणबीर कपूर ने बताया कि उन्होंने इस रोल के लिए कैसे तैयारी की। उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि बॉडी बनाना और डांस या एक्शन करने के लिए खुद को तैयार करना थोड़ा आसान है क्योंकि वो थोड़ा सतही होता है। लेकिन जिंदगी के इस पड़ाव पर भगवान राम की फिलॉसफी को समझना उनके किरदार के लिए काफी जरूरी था।”
राम की शिक्षाओं को समझना जरूरी था
उन्होंने आगे कहा, "आप अपना बेस्ट देना चाहते हैं और साधारण रहना चाहते हैं, उलझाना नहीं चाहते हैं। आप कोई ऐसा बनना चाहते हैं जिससे 8 साल से लेकर 80 साल तक के लोग रिलेट करते हैं। भगवान राम की शिक्षाओं को समझना ऊपरी ट्रान्सफॉर्मेशन से कहीं ज्यादा जरूरी था।"
राम की तैयारी के लिए रणबीर के एक गुरु थे
रणबीर ने बताया, “मैं बहुत पढ़ा, बहुत सारे विद्वानों से मिला। मैंने दो साल तक योगा किया। मेरे एक गुरु थे जिनका नाम है सुवीर जो मेरे साथ घंटों बैठकर ध्यान लगाते थे, मुझे राम की शिक्षाओं के बारे में बताते थे।”
कॉमिक कॉन में मौजूद थे रणबीर कपूर और यश
रणबीर कपूर की रामायण के ट्रेलर को कॉमिक कॉन में खूब पसंद किया गया। एक शख्स ने वीडियो बनाकर बताया कि रामायण का ट्रेलर बहुत ही शानदार है और वो फिल्म का इंतजार कर रहे हैं। आज रामायण का ट्रेलर आम जनता के लिए भी रिलीज किया जाना था, लेकिन मेकर्स ने ऐलान किया कि ट्रेलर की रिलीज डेट को पोस्टपोन कर दिया गया।
दो पार्ट्स में रिलीज होगी रामायण
सैन डिएगो में ट्रेलर लॉन्च के मौके पर फिल्म के प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा, डायरेक्टर नितेश तिवारी, एक्टर रणबीर कपूर और साउथ के सुपरस्टार यश मौजूद रहे। नितेश तिवारी की रामायण दो पार्ट्स में रिलीज होगी। फिल्म का पहला पार्ट इसी साल रिलीज होगा। वहीं, दूसरा पार्ट साल 2027 में रिलीज होगा। इस फिल्म में रवि दुबे (लक्ष्मण), सनी देओल (हनुमान), साई पल्लवी (सीता), अरुण गोविल (राजा दशरथ) और रकुलप्रीत जैसे कलाकार नजर आएंगे।
