world-news

‘तुम लोग क्या झक मरा रहे हो’, जिला पंचायत उपाध्यक्ष के बिगड़े बोल, पुलिसकर्मियों को दी धमकी, देखें वीडियो | IBC24

October 25, 2026

District Panchayat Vice-President Viral Video: रतलाम: मध्य प्रदेश के रतलाम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष का एक वीडियो सामने आया है जिसमे वो पुलिसकर्मियों को धमकी देते हुए नजर आ रहे हैं।  सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर रावटी थाने पहुंचे केशू निनामा पुलिसकर्मियों पर जमकर बरसे। पुलिस से सवाल पूछते-पूछते ऐसे बिगड़े कि मर्यादा ही भूल गए। टीआई को बुलाने की धमकी दी, तो पूरे थाने को सबक सिखाने की बात भी कह डाली। अब उनके ये तीखे तेवर चर्चा में हैं। जिला पंचायत उपाध्यक्ष केशू निनामा सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर रावटी थाने पहुंचे थे, लेकिन यहां पुलिसकर्मियों से बातचीत के दौरान उनका पारा ऐसा चढ़ा कि शब्दों की मर्यादा ही टूट गई।

केशू निनामा पुलिसकर्मियों को दी धमकी

केशू निनामा पुलिसकर्मियों से कहते सुनाई दिए— तुम लोग क्या झक मरा रहे हो? ड्यूटी क्या है तुम लोगों की? इतना ही नहीं, टीआई को बुलाने की बात कहते हुए उन्होंने कहा— टीआई साहब को बोलिए, यहां आएं... केशू आया है, नहीं तो पूरे थाने को सिखा दूंगा... इसके बाद उन्होंने थाने की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा— थाना है या धर्मशाला? जिला पंचायत उपाध्यक्ष के पुलिसकर्मियों से इस तरह बात करने का मामला चर्चा में है। सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर थाने पहुंचे जनप्रतिनिधि के इन तेवरों ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि इस पूरे मामले में आगे क्या स्थिति बनती है।

पुलिस कर रही मामले की जांच

दरअसल मामला एक पुरानी सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर है जिसमें हिंदू संगठन से जुड़े एक कार्यकर्ता ने लिखा था कि राजनीतिक रोटी सेंकने के लिए नक्सली विचारधारा के लोग सैलाना विधानसभा में उपद्रव मचाने की साजिश रच रहे हैं, प्रशासन ध्यान दें और कार्रवाई करें। इसी टिप्पणी से आदिवासी नेता केशु निनामा भड़क गए और सीधे थाने पहुंचकर कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस के सामने भाषा की मर्यादा ही भूल गए। रतलाम पुलिस वायरल वीडियो कि जांच कर रही है।

इन्हें भी पढ़ें:-

  • 6 महीने में ही 23 लोगों को सुनाई मौत की सजा, अब जज का हुआ हुआ तबादला, जानिए HC ने क्यों दिया ट्रांसफर का आदेश 
  • आखिर 'रामायण' में ऐसा क्या? जो 10 दिन पहले टिकटों की मारामारी, क्या रिलीज से पहले ही टूटेंगे सारे रिकॉर्ड? 
  • इस मंगलवार बंद रहेंगी प्रदेश की शराब दुकानें, जानें सरकार ने क्यों घोषित किया है 27 अक्टूबर को ड्राई डे