
जोधपुर में प्रोफेसर पर छात्राओं से यौन उत्पीड़न के आरोप
Jodhpur Ayurveda University: ‘सर गंदी हरकत करते, विरोध करने पर एग्जाम में फेल करने की धमकी देते…’ राजस्थान के जोधपुर आयुर्वेद यूनिवर्सिटी में बीते कई महीनों से एक प्रोफेसर पर छात्राओं के यौन उत्पीड़न के आरोप लगे हैं. आरोप ये भी है कि वो छात्राओं का पीछा कर उन्हें परेशान भी करता था. अगर कोई छात्रा उसके खिलाफ आवाज उठाती, तो उसे परीक्षा में फेल करने की धमकी दी जाती थी. मामला सामने आने के बाद यूनिवर्सिटी में हड़कंप मच गया है. वहीं, पुलिस ने आरोपी प्रोफेसर को गिरफ्तार कर लिया है.
आरोपी असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अजित चारण के खिलाफ एक छात्रा की शिकायत पर करवड़ थाने में आईटी एक्ट समेत संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है. पुलिस ने आरोपी का मोबाइल भी जांच के लिए जब्त किया है. आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड मांगने की बात कही गई है.
छात्रा की शिकायत पर दर्ज हुआ केस
पुलिस के मुताबिक, डॉ अजित चारण राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्यालय के कॉलेज ऑफ नेचुरोपैथी एंड योगिक साइंसेज में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर कार्यरत है. करवड़ थाना अधिकारी परमेश्वरी के अनुसार, पीड़िता की रिपोर्ट के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 1 जनवरी 2026 से लेकर अब तक आरोपी ने छात्रा के साथ कथित तौर पर अश्लील व्यवहार किया, अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और उसका पीछा कर परेशान किया. पुलिस ने छात्रा के बयान के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. मामले में मोबाइल फोन की जांच के साथ डिजिटल साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं, ताकि शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि की जा सके.
पहले भी छात्राओं ने लगाए थे शोषण के आरोप
इस कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर के खिलाफ पहले भी छात्र-छात्राओं ने प्रदर्शन किया था. उस दौरान छात्राओं ने परीक्षा में पास कराने के नाम पर शारीरिक और मानसिक शोषण किए जाने के आरोप लगाए थे. छात्राओं ने विश्वविद्यालय के कुलगुरु को लिखित शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की थी.
उस समय शिकायतों के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने आरोपी असिस्टेंट प्रोफेसर को बर्खास्त करने और मामले की जांच के लिए उच्चस्तरीय कमेटी गठित करने की कार्रवाई की थी. छात्राओं ने आरोप लगाया था कि उन्हें सोशल मीडिया पर फॉलो करने, व्हाट्सऐप पर चैट करने, साथ घूमने और खाना खाने के लिए दबाव बनाया जाता था.
विरोध करने पर करियर बर्बाद करने की धमकी का आरोप
पहले की शिकायतों में छात्राओं ने यह भी आरोप लगाया था कि उनकी बात नहीं मानने पर परीक्षा में फेल करने और करियर बर्बाद करने की धमकी दी जाती थी. इन आरोपों के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन की कार्रवाई चर्चा में रही थी. अब एक बार फिर इसी संस्थान से जुड़ा मामला सामने आने के बाद पुलिस जांच कर रही है.
हालांकि, पहले की शिकायतों और मौजूदा मामले में लगाए गए आरोपों को लेकर सभी तथ्यों की स्वतंत्र पुष्टि जांच के आधार पर ही हो सकेगी. इस बार पीड़िता ने करवड़ थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया. थाना अधिकारी परमेश्वरी मामले की जांच कर रही हैं. पुलिस आरोपी के मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है.
रिपोर्ट- प्रदीप कुमार जोशी, जोधपुर
TV9 Bharatvarsh
टीवी9 भारतवर्ष डिजिटल TV9 नेटवर्क का प्रमुख हिंदी न्यूज़ प्लेटफॉर्म है. इस वेबसाइट पर देश-विदेश की ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़, विश्लेषण और ग्राउंड रिपोर्टिंग से पाठकों को रूबरू कराया जाता है. टीवी9 की वेबसाइट tv9hindi.com प्रमुख हिंदी वेबसाइटों में अपना स्थान रखती है. टीवी9 हिंदी का अपना मोबाइल ऐप भी है, जहां टेक्स्ट और वीडियो दोनों माध्यम से खबरें पढ़ीं और देखी जा सकती हैं. टीवी9 वेबसाइट पर राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन, स्वास्थ्य, टेक और अंतरराष्ट्रीय मामलों जैसी विविध श्रेणियों में खबरें कवर की जाती हैं. यहां एक्सप्लेनर्स, एक्सक्लूसिव स्टोरीज, वीडियो रिपोर्ट्स और लाइव अपडेट्स मिलते हैं. TV9 नेटवर्क का डिजिटल सेगमेंट तेजी से बढ़ा है और मिलियंस की संख्या में यूनिक यूजर्स तक पहुंचता है.
Read More