Temple Decoration Ideas: नवरात्रि में मां दुर्गा के स्वागत के लिए घर के मंदिर को सजाने का अलग ही उत्साह रहता है। इसके लिए महंगी सजावटी चीजें खरीदना जरूरी नहीं है। कलावा, ताजे फूल, पान के पत्ते, पुराने सिल्क या साटन के दुपट्टे, दीये और घर में मौजूद सजावटी सामान से मंदिर को बेहद खूबसूरत लुक दिया जा सकता है।
कलावा से बनाएं खूबसूरत बैकड्रॉप
मंदिर की पीछे वाली दीवार पर कलावा यानी मौली के धागों से क्रॉस-क्रॉस डिजाइन बनाकर एक सुंदर पैनल तैयार किया जा सकता है। इसके आस-पास सफेद फूल और हरे पत्तों की सजावट करें। यह डिजाइन देखने में मिनिमल होने के साथ पारंपरिक भी लगेगा।
विज्ञापन
पान के पत्तों से करें मंदिर का शृंगार
नवरात्रि में पान के पत्तों का इस्तेमाल पूजा के साथ सजावट में भी किया जा सकता है। ताजे और साफ पान के पत्तों को फूलों की लड़ियों के साथ मंदिर के चारों ओर लगाएं। पान के पत्तों और गेंदे के फूलों से छोटी-सी बंदनवार बनाकर मंदिर के मुख्य द्वार या चौकी के सामने लगाएं। हरे पत्तों के साथ पीले और लाल फूल मंदिर को प्राकृतिक और शुभ लुक देंगे।
विज्ञापन
सिल्क या पुरानी साड़ी से बनाएं शाही बैकड्रॉप
अगर घर में पुरानी सिल्क, साटन या बनारसी साड़ी है, तो उसे मंदिर की पीछे वाली दीवार पर ड्रेप करें। लाल, पीले, गुलाबी या सुनहरे रंग के कपड़े मां की चौकी को पारंपरिक और शाही लुक दे सकते हैं। किनारों पर फूलों की लड़ियां लगाने से सजावट और खूबसूरत लगेगी।
गेंदे के फूलों के साथ लगाएं लाइट्स
गेंदे और मोगरे के फूलों की लड़ियों के साथ छोटी एईडी या फेयरी लाइट्स लगाएं। शाम के समय रोशनी और फूलों का कॉम्बिनेशन मंदिर की सुंदरता को और भी ज्यादा बढ़ा देगा। आप फूलों को मंदिर के चारों ओर या बैकड्रॉप के किनारों पर सजा सकते हैं।
पीतल की उरली और दीयों से बढ़ाएं रौनक
माता की चौकी के पास पीतल की उरली रखकर आप मंदिर की सजावट को और भी खूबसूरत बना सकते हैं। उरली में साफ पानी भरें और उसमें गुलाब, गेंदे या मोगरे की फूलों की पंखुड़ियां डालें। पानी के ऊपर छोटे फ्लोटिंग दीये रखकर शाम के समय इन्हें जलाएं। उरली के चारों ओर फूलों की माला या पान के पत्तों की सजावट भी की जा सकती है। इसके अलावा चौकी के आस-पास छोटे मिट्टी के दीये रखने से मंदिर को पारंपरिक और भक्तिमय लुक मिलेगा। हालांकि, दीये जलाते समय कपड़े, चुनरी, फूलों और अन्य सजावटी सामान से पर्याप्त दूरी रखना जरूरी है, ताकि आग लगने का खतरा न हो।
नौ दिनों के लिए रखें अलग रंगों की थीम
नवरात्रि के नौ दिनों में अलग-अलग रंगों की थीम के अनुसार मंदिर का शृंगार किया जा सकता है। जिस दिन जिस रंग का महत्व हो, उसी रंग के फूल, चुनरी या कपड़े से मां का दरबार सजाएं। इससे हर दिन मंदिर की सजावट में नया आकर्षण दिखाई देगा। आप कलर थीम के अनुसार रंगोली भी बना सकती हैं।
फूल, पान के पत्ते और कलावा की बंदनवार
अगर आप बेहद कम बजट में सजावट करना चाहते हैं, तो फूल, पान के पत्ते और कलावा को मिलाकर बंदनवार तैयार करें। पान के पत्तों को समान दूरी पर लगाकर उनके बीच गेंदे के फूल जोड़ें और ऊपर कलावा बांध दें। इसे मंदिर के ऊपर लगाने से दरबार को सुंदर पारंपरिक लुक मिलेगा।