sports

वैभव सूर्यवंशी ने रांची में खेले इस मैच में बनाया था वर्ल्ड रिकॉर्ड, क्या गौतम गंभीर देंगे वेस्टइंडीज के खिलाफ मौका?

October 8, 2026

वैभव सूर्यवंशी ने रांची में खेले इस मैच में बनाया था वर्ल्ड रिकॉर्ड, क्या गौतम गंभीर देंगे वेस्टइंडीज के खिलाफ मौका?

रांची में चलता है बल्ला (Photo PTI)

भारत और वेस्टइंडीज के बीच दूसरा T20 रांची में खेला जाना है. रांची की आबो हवा वैभव सूर्यवंशी को बहुत रास आती है. यहां खेले अपने पिछले व्हाइट बॉल मैच में वैभव सूर्यवंशी ने वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया था. ऐसे में सवाल है कि क्या वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे T20 में गौतम गंभीर वो मौका देंगे, जिसके वैभव सूर्यवंशी रांची में हकदार हैं? क्या वो अपनी बात से परे जाकर रांची T20I में टीम की ओपनिंग जोड़ी में बदलाव करेंगे?

अपनी बात से हटकर क्या वैभव को खिलाएंगे गंभीर?

गौतम गंभीर ने हाल ही में बयान दिया था, जिसमें उन्होंने ये साफ कर दिया था कि वैभव सूर्यवंशी को अब अपनी बारी का इंतजार करना पड़ेगा. उन्होंने साफ कहा था कि ओपनिंग में अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन की जोड़ी उनकी फर्स्ट चॉइश हैं. गंभीर ने अभिषेक के साथ सैमसन को ओपनिंग में उतारने का फैसला उनके T20 वर्ल्ड कप वाले परफॉर्मेन्स को देखते हुए किया था.

रांची में अपने पिछले मैच में वैभव ने बनाया था वर्ल्ड रिकॉर्ड

लेकिन, अब सवाल रांची का है, जहां वैभव सूर्यवंशी का जलवा लोगों ने देखा है. रांची में दिसंबर 2025 में खेले अपने आखिरी मैच में, जो कि लिस्ट ए था, वैभव ने जो धमाका किया था, वो सबके जहन में है. अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ रांची में अपना पिछला व्हाइट बॉल मैच खेलते हुए वैभव सूर्यवंशी लिस्ट ए में शतक जमाने वाले दुनिया के सबसे कम उम्र के बल्लेबाज बने थे. 24 दिसंबर 2025 को 14 साल 272 दिन की उम्र में ऐसा कर वैभव सूर्यवंशी ने तब पाकिस्तान के जहूर इलाही के नाम दर्ज 39 साल पुराने वर्ल्ड रिकॉर्ड को तोड़ा था.

रांची में ही एबी डीविलियर्स का रिकॉर्ड तोड़ा

वैभव सूर्यवंशी ने 226.19 की स्ट्राइक रेट से 84 गेंदों पर 190 रन की पारी खेली थी, जिसमें 15 छक्के और 16 चौके शामिल थे. इस दौरान उन्होंने 36 गेंदों पर शतक पूरा किया था. वहीं 54वीं गेंद पर 150 रन पूरे कर एबी डिविलियर्स के लिस्ट ए में सबसे तेज 150 रन का रिकॉर्ड तोड़ा था. एबी डिविलियर्स ने 64 गेंदों पर 150 रन जमाए थे.

वैभव को क्यों खिलाना चाहिए?

वैभव सूर्यवंशी ने रांची में खेले अपने पिछले व्हाइट बॉल मैच में जो किया उसे देखते हुए गौतम गंभीर को उन्हें दूसरे T20I की प्लेइंग इलेवन में शामिल करने का हक बनता है. ऐसा अगर संभव होता दिखे तो हैरानी भी नहीं होगी. क्योंकि एक तो संजू सैमसन को रांची में खेलने का अनुभव नहीं है और दूसरा ये कि उनके मौजूदा फॉर्म में निरंतरता की भारी कमी है.

साकेत शर्मा

साकेत शर्मा

'कौन बनेगा करोड़पति' गेम शो से शुरू हुआ सफर न्यूज नेशन, इंडिया न्यूज, इंडिया डॉट कॉम और Editorji जैसे पड़ावों से गुजरा. इसी कड़ी में पिछले 5 सालों से मैं TV9 हिंदी के साथ जुड़ा हूं. यहां भी खेल की खबरों को बताना मेरा काम है. TV, डिजिटल और प्रोडक्शन हाउस, तीनों ही दुनिया की समझ और कुल मिलाकर एक दशक से भी ज्यादा का मेरे पास अनुभव है. हर रोज कुछ नया सीखने और नई क्रिएटिव चीज करने की कोशिश करता हूं. असफलता से घबराता नहीं और सफलता पर इतराता नहीं. बस कोशिश यही करता हूं कि हमेशा अपना बेस्ट दे सकूं. आज तक यही करता आया हूं और आगे भी इरादा ऐसा ही है. फिर चाहे काम डेस्क पर बैठकर खेल की खबरों को अपने शब्दों में पिरोने का हो या फिर फील्ड में उतरकर उसे कैमरे पर उतारने का. सीधी भाषा में कहें तो मैं खेल के मैदान पर होने वाली हर हलचल को आपतक पहुंचाने वाला एक खिलाड़ी हूं.

Read More

google button