world-news

केदारनाथ मार्ग पर बढ़ती मारपीट, यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल...म्यूल टास्क फोर्स ने संभाला मोर्चा

October 4, 2026

केदारनाथ मार्ग पर बढ़ती मारपीट, यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल…म्यूल टास्क फोर्स ने संभाला मोर्चा

केदारनाथ यात्रा पर जाते श्रद्धालु

Kedarnath Yatra: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में केदारनाथ धाम के पैदल यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं और घोड़ा-खच्चर संचालकों के बीच लगातार सामने आ रही मारपीट और लट्ठबाजी की घटनाओं के बाद अब पुलिस और जिला प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है. यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सोशल मीडिया पर उठ रहे सवालों के बीच जिला प्रशासन की म्यूल टास्क फोर्स ने पैदल मार्ग पर सघन जांच अभियान शुरू किया है.

केदारनाथ यात्रा मार्ग पर घोड़ा-खच्चर चलाने से जुड़े लोगों के आईडी कार्ड और लाइसेंस की लगातार जांच की जा रही है. टीम द्वारा संचालकों को निर्धारित रूट पर ही घोड़ा-खच्चर चलाने और यात्रा से जुड़े सभी नियमों का पालन करने के निर्देश दिए जा रहे हैं. प्रशासन का कहना है कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

पुलिस कर रही जांच

म्यूल टास्क फोर्स की टीम केवल घोड़ा-खच्चर चलाने वालों के दस्तावेजों की जांच ही नहीं कर रही, बल्कि घोड़ा-खच्चरों के माध्यम से यात्रा कर रहे श्रद्धालुओं से भी फीडबैक लिया जा रहा है. यात्रियों से संचालकों के व्यवहार, सेवाओं और यात्रा के दौरान होने वाली परेशानियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है. इसका उद्देश्य यात्रा व्यवस्था में मौजूद कमियों को चिन्हित कर उन्हें दूर करना है.

दरअसल, केदारनाथ पैदल मार्ग पर पिछले कुछ समय से यात्रियों और घोड़ा-खच्चर चलाने वालों के बीच विवाद और मारपीट की घटनाओं के वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आते रहे हैं. कई मामलों में लाठी-डंडों से मारपीट के आरोप भी लगे हैं. इन घटनाओं को लेकर पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे थे. यात्रियों की सुरक्षा और यात्रा मार्ग पर कानून-व्यवस्था को लेकर प्रशासन पर दबाव बढ़ रहा था.

नियमों का उलंघन करने वालों पर भी नजर

इसी के मद्देनजर अब पुलिस और प्रशासन ने यात्रा मार्ग पर निगरानी बढ़ाने के साथ ही घोड़ा-खच्चर संचालकों और हॉकरों की गतिविधियों पर नजर रखने का फैसला किया है. टीम द्वारा संदिग्ध गतिविधियों और नियमों के उल्लंघन की जानकारी भी जुटाई जा रही है. प्रशासन का कहना है कि केदारनाथ धाम आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित और सुगम यात्रा उपलब्ध कराना प्राथमिकता है. घोड़ा-खच्चर संचालन से जुड़े लोगों को भी यात्रियों के साथ बेहतर व्यवहार करने और निर्धारित नियमों का पालन करने के लिए लगातार जागरूक किया जा रहा है.

Harendra Negi

Harendra Negi

google button