Cheese Corn Rolls Recipe: ठंडे-ठंडे मौसम में शाम की चाय के साथ अगर कुछ चटपटा, चीज़ी और क्रिस्पी मिल जाए तो नाश्ते का मजा दोगुना हो जाता है. लेकिन अक्सर ऐसे स्नैक्स बनाने के लिए मैदा और ढेर सारे तेल का इस्तेमाल होता है. अगर आप भी मैदे से थोड़ा बचते हैं तो इस बार गेहूं के आटे से ये शानदार चीज कॉर्न रोल्स बनाकर देखिए. खास बात यs है कि इन्हें डीप फ्राई करना भी जरूरी नहीं है.
एक छोटी सी ट्रिक से आटे की पतली शीट्स तैयार होंगी, जिनसे रोल बाहर से एकदम क्रिस्पी और अंदर से चीज़ी बनेंगे. इनमें मीठे कॉर्न, शिमला मिर्च, प्याज और चीज की भरपूर स्टफिंग होती है, इसलिए बच्चे हों या बड़े, ये स्नैक सभी को पसंद आ सकता है. ये एक ऐसा स्नैक है, जिसे आप अपने बच्चों को उनके टिफिन में भी दे सकते हैं क्योंकि ये आटे से बनकर तैयार होता है और खाने में बेहत स्वादिष्ट होता है.
ठंड में चाय के साथ जम जाएगा चीज कॉर्न रोल्स का स्वाद
ठंडे-ठंडे मौसम में पकौड़े और समोसे तो लगभग हर घर में बनते हैं, लेकिन अगर इस बार कुछ अलग ट्राई करना है तो ये आटे के रोल्स अच्छा ऑप्शन हो सकते हैं. इन्हें आप शाम की चाय के साथ सर्व कर सकते हैं. खास बात ये है कि रोल्स को एयर फ्रायर में भी तैयार किया जा सकता है, यानी ज्यादा तेल की जरूरत नहीं पड़ेगी.
सबसे जरूरी बात ये है कि रोल्स की शीट को बहुत पतला रखा जाता है और उसमें एक खास आटे की कोटिंग का इस्तेमाल किया जाता है. इससे रोल अच्छी तरह सील हो जाते हैं और पकाते समय चीज बाहर निकलने के चांस कम होते हैं.
चीज कॉर्न रोल्स बनाने के लिए इंग्रेडिएंट्स
आटा तैयार करने के लिए
- 1 कप गेहूं का आटा
- ½ कप गुनगुना पानी
- नमक, स्वादानुसार
- 1-2 चम्मच तेल
स्टफिंग के लिए
सम्बंधित ख़बरें
- 1 भुट्टा या करीब 1 कप कॉर्न
- 1 छोटा प्याज, बारीक कटा
- ½ शिमला मिर्च, बारीक कटी
- 4-6 हरी मिर्च, बारीक कटी
- ¼ कप पोहा
- 100 ग्राम चीज या करीब 5 चीज क्यूब
- ½ छोटा चम्मच काली मिर्च
- 1 छोटा चम्मच ऑरिगैनो
- 1 छोटा चम्मच चिली फ्लेक्स
- ½ छोटा चम्मच नमक
रोल सील करने के लिए
- 1-2 बड़े चम्मच गेहूं का आटा
- उबलता हुआ पानी
सेंकने के लिए
- थोड़ा सा तेल
बनाने का तरीका
1. एक बाउल में एक कप गेहूं का आटा लें. इसमें स्वादानुसार नमक और थोड़ा सा तेल डालें. यहां घी का इस्तेमाल न करें, क्योंकि इससे रोल्स उतने लंबे समय तक क्रिस्पी नहीं रहेंगे.
2. अब इसमें धीरे-धीरे गुनगुना पानी डालकर आटा गूंथें. पानी बहुत ज्यादा नहीं डालना है. एक कप आटे के लिए करीब आधा कप पानी काफी रहेगा. आटा न बहुत सख्त होना चाहिए और न ही बहुत ढीला.
3. इसे करीब 1-2 मिनट तक अच्छी तरह गूंथें, जब तक आटा चिकना और थोड़ा स्ट्रेची न हो जाए. ऊपर से हल्का तेल लगाकर इसे ढक दें और 15-20 मिनट के लिए रेस्ट करने दें.
4. सबसे पहले भुट्टे को करीब 5 मिनट तक उबाल लें. अगर फ्रोजन कॉर्न इस्तेमाल कर रहे हैं तो उसे भी करीब 5 मिनट उबाल सकते हैं. उबले हुए कॉर्न को अलग निकालकर अच्छी तरह सूखने दें.
5. अब एक बाउल में बारीक कटा प्याज, शिमला मिर्च और हरी मिर्च डालें. सब्जियों को बहुत बारीक काटना जरूरी है, क्योंकि बड़े टुकड़े रोल की पतली शीट को फाड़ सकते हैं.
6. अब इसमें उबले हुए कॉर्न डालें. इसके बाद काली मिर्च, ऑरिगैनो और चिली फ्लेक्स डालकर मिलाएं.
7. अब आती है इस रेसिपी की एक खास ट्रिक. इसमें करीब ¼ कप पोहा इस्तेमाल किया जाता है. पोहे को थोड़ी देर पानी में भिगोकर सॉफ्ट कर लें और फिर हाथ से अच्छी तरह मसल लें.
8. अब इसे सब्जियों वाली स्टफिंग में मिला दें। पोहा सब्जियों से निकलने वाली एक्स्ट्रा नमी को सोखने में मदद करता है. इससे रोल्स की अंदरूनी परत ज्यादा गीली नहीं होगी और पकने के बाद क्रिस्पी टेक्शचर बना रहेगा.
9. अब इसमें करीब 100 ग्राम चीज डालें और आखिर में नमक डालकर अच्छी तरह मिलाएं. नमक बहुत ज्यादा न डालें, क्योंकि चीज में पहले से नमक होता है.
10. जब आटा अच्छे से रेस्ट कर लें, तब उसे छोटे-छोटे हिस्सों में बांट लें. करीब 20 ग्राम की छोटी लोई बनाकर उसे गोल करें. अब सूखा आटा लगाकर इसे जितना हो सके उतना पतला बेलें. इसके बाद एक रोटी पर हल्का तेल लगाएं और ऊपर से थोड़ा सूखा आटा छिड़ककर दूसरी रोटी रख दें.
11. अब दोनों रोटियों को एक साथ और पतला बेलें. इसे बहुत पतला रखना है ताकि पकने के बाद शीट स्प्रिंग रोल की तरह पतली और क्रिस्पी बन सके.
12. तवा पहले से गर्म कर लें और आंच मीडियम रखें. तैयार डबल शीट को तवे पर रखें और करीब 10 सेकेंड एक तरफ से पकाएं. फिर पलटकर दूसरी तरफ भी सिर्फ 5-6 सेकेंड तक पकाएं.
13. ध्यान रखें कि इसे पूरी तरह नहीं पकाना है. शीट सिर्फ इतनी पकनी चाहिए कि दोनों परतें आसानी से अलग हो जाएं.
14. तवे से निकालते ही इसे साफ कपड़े से ढक दें. इससे शीट में नमी बनी रहेगी और वे रोल बनाते समय टूटेंगी नहीं.
15. रोल्स को अच्छी तरह सील करने के लिए एक छोटी सी आटे की गोंद तैयार करें. इसके लिए 1-2 बड़े चम्मच गेहूं के आटे में थोड़ा उबलता हुआ पानी डालें और लगातार मिलाते रहें.
16. गर्म पानी से आटे का स्टार्च फूल जाएगा और गाढ़ी पेस्ट जैसी कोटिंग तैयार हो जाएगी. इसी पेस्ट का इस्तेमाल रोल को चिपकाने के लिए करें.
17. तवे पर पकाई गई शीट की सूखी तरफ स्टफिंग रखें. अब इसे कसकर रोल करें. किनारों पर तैयार आटे की गोंद लगाएं और रोल को अच्छी तरह सील कर दें. रोल ढीला नहीं होना चाहिए, वरना पकाते समय चीज बाहर निकल सकती है.
18. रोल तैयार होने के बाद इन्हें तुरंत पकाने के बजाय करीब 1 घंटे के लिए फ्रिज में रख दें. इससे अंदर मौजूद चीज अच्छी तरह ठंडी हो जाएगी और पकाते समय उसके तुरंत बाहर निकलने की संभावना कम होगी.
19. अगर इन्हें बाद में बनाना है तो रोल्स को फ्रीजर में भी स्टोर किया जा सकता है.
20. अब आपके पास इन्हें पकाने के दो तरीके हैं. अगर एयर फ्रायर में बनाना है तो रोल्स पर हल्का सा तेल लगाएं और करीब 180 डिग्री सेल्सियस पर 10 मिनट तक एयर फ्राई करें.
21. वहीं अगर पैन में बनाना है तो थोड़े से तेल में इन्हें तेज आंच पर शैलो फ्राई करें. रोल्स को पलटते रहें, ताकि सभी तरफ से सुनहरे और क्रिस्पी हो जाएं. बाहर से इनकी परत एकदम कुरकुरी हो जाएगी और अंदर पिघला हुआ चीज, कॉर्न और सब्जियों की मजेदार स्टफिंग मिलेगी.
---- समाप्त ----