दुबई से इजराइल जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में बुधवार को पायलट और को-पायलट के बीच मारपीट हो गई. मामला इतना बढ़ गया कि विमान को रास्ता बदलकर सऊदी अरब के तबूक स्थित प्रिंस सुल्तान बिन अब्दुलअजीज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी. अब सऊदी अरब के गृह मंत्रालय ने इस घटना की शुरुआती जांच की जानकारी दी है. मंत्रालय के मुताबिक, जांच में पता चला है कि को-पायलट ने कैप्टन सुमित मछार पर हमला किया था. इस दौरान दोनों को चोटें आईं. जांच में सऊदी अधिकारियों के साथ UAE की सुरक्षा टीम भी शामिल थी. यह घटना पर सऊदी सरकार का पहला आधिकारिक बयान है.
फ्लाईदुबई ने घटना के दिन बताया था कि कॉकपिट में विवाद हुआ था. इसके बाद क्रू मेंबर्स ने विमान को संभाला और उसे सुरक्षित तरीके से तबूक की ओर मोड़ दिया. सऊदी गृह मंत्रालय के मुताबिक, इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मिलने के बाद विमान सुबह 9:45 बजे स्थानीय समय पर सुरक्षित उतर गया. विमान में 174 यात्री और 8 क्रू मेंबर्स थे. सभी को जरूरी मेडिकल हेल्प दी गई. शाम करीब 5:40 बजे सभी यात्रियों को फ्लाईदुबई के दूसरे विमान से आगे की यात्रा के लिए भेज दिया गया. बाकी क्रू मेंबर्स भी दूसरे विमान से दुबई लौट गए. वहीं कैप्टन और को-पायलट को उनकी हालत के आधार पर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. दोनों की हालत में सुधार के बाद डॉक्टरों ने आगे की यात्रा की अनुमति दी. गुरुवार सुबह दोनों UAE की सुरक्षा टीम के साथ अबू धाबी चले गए.
टेरर एंगल पर जांच करा रहा UAE
UAE के अटॉर्नी जनरल हमद सैफ अल शम्सी ने भी मामले की जांच शुरू कराई है. जांच में यह पता लगाया जाएगा कि दोनों के बीच झगड़े की वजह क्या थी और क्या इसमें आतंकी गतिविधि, आतंकी इरादा या पहले से बनाई गई योजना शामिल थी. UAE की जांच टीम में सरकारी एक्सपर्ट शामिल हैं. जांच टीम ने UAE के जनरल सिविल एविएशन अथॉरिटी और अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ मिलकर काम शुरू कर दिया है. जांच अधिकारियों को घटना से जुड़ी जानकारी और सबूत जुटाने, पूरे मामले की सच्चाई पता लगाने के निर्देश दिए गए हैं.
UAE के अटॉर्नी जनरल ने लोगों से अपील की है कि जांच पूरी होने से पहले मामले को लेकर अटकलें न लगाएं और बिना पुष्टि वाली जानकारी न फैलाएं. UAE ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस मामले में उसकी न्यायिक व्यवस्था को जांच का अधिकार है. इसकी वजह यह है कि विमान UAE में रजिस्टर्ड है और UAE का झंडा लेकर उड़ता है. इसलिए विमान में देश के बाहर भी कोई अपराध होने पर उस पर UAE का कानून लागू होता है.
भारतीय कैप्टन की बहादुरी की चर्चा
विमान के कैप्टन स्मित मछार भारतीय नागरिक हैं. घटना में उन्हें गंभीर चोट लगी थी. भारतीय दूतावास के मुताबिक, बुधवार को तबूक के अस्पताल में उनकी हालत स्थिर थी. गुरुवार को उन्हें आगे के इलाज के लिए अबू धाबी ले जाया गया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्मित मछार को हीरो बताया. उन्होंने कहा कि गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद मछार ने हिम्मत दिखाई और यात्रियों की जान बचाकर बड़ी घटना को टालने में मदद की.
यह भी पढ़ें: भारत-अमेरिका व्यापार समझौता, महीनों की चर्चा के बाद भी बना है इंतजार
TV9 Bharatvarsh
टीवी9 भारतवर्ष डिजिटल TV9 नेटवर्क का प्रमुख हिंदी न्यूज़ प्लेटफॉर्म है. इस वेबसाइट पर देश-विदेश की ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़, विश्लेषण और ग्राउंड रिपोर्टिंग से पाठकों को रूबरू कराया जाता है. टीवी9 की वेबसाइट tv9hindi.com प्रमुख हिंदी वेबसाइटों में अपना स्थान रखती है. टीवी9 हिंदी का अपना मोबाइल ऐप भी है, जहां टेक्स्ट और वीडियो दोनों माध्यम से खबरें पढ़ीं और देखी जा सकती हैं. टीवी9 वेबसाइट पर राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन, स्वास्थ्य, टेक और अंतरराष्ट्रीय मामलों जैसी विविध श्रेणियों में खबरें कवर की जाती हैं. यहां एक्सप्लेनर्स, एक्सक्लूसिव स्टोरीज, वीडियो रिपोर्ट्स और लाइव अपडेट्स मिलते हैं. TV9 नेटवर्क का डिजिटल सेगमेंट तेजी से बढ़ा है और मिलियंस की संख्या में यूनिक यूजर्स तक पहुंचता है.
Read More