world-news

होटल के कमरे में फंदे से लटका मिला रियल एस्टेट कंपनी की मैनेजर का शव, एक दिन पहले पति-ससुराल पर लगाया था गंभीर आरोप

September 29, 2026

Bihar News: मुजफ्फरपुर के सदर थाना क्षेत्र में सोमवार को एक होटल के कमरे से 27 वर्षीय महिला का शव फंदे से लटका मिला. महिला पिछले तीन दिनों से गोबरसही चौक स्थित होटल में ठहरी हुई थी. काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर होटल कर्मचारियों ने दूसरे कमरे की बालकनी से अंदर देखा, जिसके बाद घटना की जानकारी हुई. सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल टीम को बुलाकर कमरे से साक्ष्य जुटाए. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.

मृतका की पहचान बेगूसराय जिले के तेघड़ा थाना क्षेत्र के अमजदपुर पिढ़ौली गांव निवासी मदन कुमार की पत्नी निगम कुमारी के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, निगम कुमारी रविवार रात करीब 12 बजे होटल लौटी थीं और अपने कमरे में चली गई थीं. सोमवार को काफी देर तक जब वह कमरे से बाहर नहीं निकलीं तो होटल कर्मचारियों ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला. इसके बाद कर्मचारियों ने दूसरे कमरे की बालकनी से अंदर देखा तो महिला फंदे से लटकी मिली.

मौत से एक दिन पहले पति और ससुराल वालों के खिलाफ शिकायत

पुलिस की जांच में सामने आया है कि निगम कुमारी ने रविवार को ही तेघड़ा थाने में अपने पति मदन कुमार और ससुराल वालों के खिलाफ घरेलू हिंसा और शारीरिक-मानसिक प्रताड़ना की शिकायत दी थी. शिकायत देने के बाद वह मुजफ्फरपुर आई थीं. होटल में जमा कराए गए आधार कार्ड से पुलिस ने उनकी पहचान की. अब पुलिस उनकी शिकायत से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है.

परिजनों के अनुसार, निगम कुमारी की शादी वर्ष 2014 में हुई थी. वह पति से अलग अहमदाबाद में रहकर एक रियल एस्टेट कंपनी में मैनेजर के पद पर काम करती थीं. उनके दो बच्चे हैं, जो गांव में रहते हैं.

मृतका के भैंसुर प्रभात कुमार ने बताया कि निगम कुमारी हाइपरटेंशन की समस्या से परेशान थीं और होम्योपैथिक चिकित्सक से इलाज करा रही थीं. इसी सिलसिले में वह मुजफ्फरपुर आई थीं और होटल में ठहरी थीं. उन्होंने बताया कि निगम कुमारी लंबे समय से पति से अलग अहमदाबाद में रह रही थीं.

होटल कर्मचारियों ने पुलिस को बताया कि निगम कुमारी के साथ प्रभात कुमार नाम के एक व्यक्ति ने भी कमरा लिया था. वह व्यक्ति दो दिन बाद होटल से चला गया था. पुलिस अब इस बिंदु की भी जांच कर रही है. होटल मैनेजर और कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है, साथ ही सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं.

सदर थानेदार नवलेश कुमार आजाद ने बताया कि होटल के कमरे से महिला का शव बरामद हुआ है. प्राथमिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है. एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारण की स्थिति स्पष्ट होगी. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.