
मृतक दिव्यऋषि तिवारीImage Credit source: Vishvas Kailash Sarang Facebook
Bhopal BJP Yuva Morcha leader death: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में भाजपा युवा मोर्चा के जिला महामंत्री दिव्यऋषि तिवारी की मौत हो गई. उनकी मौत कंरट लगने से हुई. घटना भोपाल के एमपी नगर में हुई. यहां डीबी मॉल में दिव्यऋषि परिवार के साथ खरीदारी करने पहुंचे थे. सड़क पार करते समय उन्होंने किनारे पर लगी स्ट्रीट लाइट के खंभे को पकड़ लिया, जिसमें करंट दौड़ रहा था.
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. जानकारी के अनुसार, दिव्यऋषि डीबी मॉल में अपने परिवार के साथ शॉपिंग करने के लिए आए थे. परिवार ने अपना वाहन दूसरी ओर पार्क किया था. शॉपिंग करने के बाद परिवार के सभी लोग सड़क पार कर रहे थे. इसी दौरान दिव्यऋषि ने खंभा पकड़ लिया, जिससे उनको बिजली का जोरदार झटका लगा. कहा जा रहा है कि खंभे का एक तार निकला हुआ था.
हादसे के बाद मची अफरा-तफरी
तार निकलने के कारण ही खंभे में कंरट आने की बात कही जा रही है. दिव्यऋषि की पत्नी भी बिजली की चपेट में आ गईं थीं, लेकिन वो खुद को करंट के संपर्क से अलग करने में सफल रहीं. जैसे ही ये दर्दनाक हादसा हुआ, वैसे ही अफरा-तफरी मच गई. मौके पर ट्रैफिक पुलिस के कर्मी मौजूद थे, जोकि तुरंत पर पहुंचे. ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने दिव्यऋषि को मौके पर सीपीआर देने की भी कोशिश की.
इसके बाद दिव्यऋषि को नर्मदा हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखकर उनको एम्स ले जाने के लिए कहा. फिर पुलिसकर्मी उनको लेकर एम्स पहुंचे, जहां जांच के डॉक्टरों ने दिव्यऋषि को मृत घोषित कर दिया. इस हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है. अभी पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
पुलिस कर रही है मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच
पुलिस ये पता लगा रही है कि खंभे में करंट कैसे आया और उससे निकले खुले तार की स्थिति के लिए कौन जिम्मेदार था? घटनास्थल से जुड़े तथ्यों और सुरक्षा व्यवस्था की भी जांच की जा रही है. इस हादसे के पीछे किस स्तर पर लापरवाही हुई और इसके लिए कौन जिम्मेदार है? ये सब जांच के बाद ही साफ हो सकेगा. पुलिस मामले से जुड़े सारे पहलुओं की जांच कर रही है.
ये भी पढ़ें: उज्जैन की शाही मस्जिद पर संग्राम! भीड़ ने किया पथराव, पुलिस ने दागे आंसू गैस के गोले

वरुण कुमार
वरुण कुमार पिछले पांच वर्षों से पत्रकारिता जगत का हिस्सा हैं. साल 2021 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद प्रभासाक्षी न्यूज वेबसाइट से पत्रकारिता की शुरुआत की और फिर एबीपी न्यूज का हिस्सा बने. अब TV9 डिजिटल की धर्म टीम के साथ काम कर रहे हैं.
Read More