world-news

भगत सिंह का साहस और बलिदान युवाओं को राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा : भाजपा

September 28, 2026

नयी दिल्ली, 28 सितंबर (भाषा) केंद्रीय मंत्रियों और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेताओं ने स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह की जयंती पर सोमवार को उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनका जीवन एवं बलिदान युवाओं को राष्ट्र के कल्याण के लिए खुद को समर्पित करने की प्रेरणा देता रहेगा।

भगत सिंह को अंग्रेजों ने 23 मार्च 1931 को अन्य स्वतंत्रता सेनानियों राजगुरु और सुखदेव के साथ फांसी दे दी थी।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि मातृभूमि की स्वतंत्रता के लिए भगत सिंह का निडर संघर्ष और सर्वोच्च बलिदान भारत के इतिहास में अमर रहेगा।

उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘भगत सिंह न केवल महान क्रांतिकारी थे, बल्कि गहन चिंतन करने वाले और देश के भविष्य के लिए स्पष्ट दृष्टिकोण रखने वाले युवा विचारक भी थे। उनका जीवन देश के युवाओं को राष्ट्र कल्याण के लिए खुद को समर्पित करने और आगे बढ़ने की प्रेरणा देता रहेगा।’’

Join Our Whatsapp Group

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भगत सिंह ने कम उम्र में ही मातृभूमि की स्वतंत्रता के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया।

उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘उनका अदम्य साहस, अटूट देशभक्ति और राष्ट्र के प्रति समर्पण आज भी हमारे युवाओं को प्रेरित करता है।

सिंह ने कहा, ‘‘सरदार भगत सिंह का जीवन, बलिदान और शहादत हमें राष्ट्र सेवा के प्रति अपने कर्तव्यों की याद दिलाते हैं तथा एक मजबूत, आत्मनिर्भर और समृद्ध भारत के निर्माण के हमारे संकल्प को मजबूत करते हैं।’’

केंद्रीय मंत्री जे. पी. नड्डा ने कहा कि भगत सिंह ने अपने साहस, बुद्धिमत्ता और देशभक्ति से युवाओं में स्वतंत्रता और राष्ट्र सेवा की भावना पैदा की।

उन्होंने कहा, ‘‘कम उम्र में ही भगत सिंह ने भारत की स्वतंत्रता को अपने जीवन का सर्वोच्च लक्ष्य बना लिया था।

उन्होंने कहा, ‘‘उनका बलिदान, वीरता और राष्ट्र के प्रति प्रेम देशवासियों, विशेषकर युवाओं को राष्ट्र के कल्याण के लिए समर्पण के साथ काम करने की प्रेरणा हमेशा देता रहेगा।’’

भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी ने कहा कि भगत सिंह ने अपने विचारों, साहस और बलिदान के माध्यम से भारतीय युवाओं में आत्मसम्मान और राष्ट्रीय चेतना की भावना पैदा की।

उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘मातृभूमि के प्रति उनका अटूट समर्पण, वैचारिक दृढ़ता और निडरता भारतीय इतिहास की अमिट विरासत है। उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों तक देशवासियों, विशेषकर युवाओं को राष्ट्र के प्रति समर्पित रहने और कर्तव्य के मार्ग पर दृढ़ रहने की प्रेरणा देता रहेगा।’’

केंद्रीय मंत्रियों नितिन गडकरी, शिवराज सिंह चौहान और गिरिराज सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा समेत अन्य नेताओं ने भी भगत सिंह को श्रद्धांजलि दी।

भाषा गोला सिम्मी

सिम्मी