
मौके पर मौजूद पुलिस और लोग
Jabalpur News: मध्य प्रदेश में जबलपुर के मदन महल थाना क्षेत्र स्थित एक होटल के कमरे में बीवी को वकील के साथ देख सोहर आपा खो बैठा और उसने मौके पर ही बीवी को तीन तलाक दे दिया. शौहर रईस अहमद ने अपनी बीवी शाहीन बानो को वकील सलीम खान के साथ रंगे हाथों पकड़ने के बाद तलाक, तलाक, तलाक कहकर रिश्ता खत्म करने का दावा किया. इस घटना के बाद होटल में जमकर हंगामा और मारपीट हुई, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस को स्थिति संभालने के लिए बीच-बचाव करना पड़ा. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को अलग कराया. घटना के करीब तीन घंटे बाद एक बार फिर दोनों पक्ष थाने पहुंचे जहां भी विवाद की स्थिति बनी. पुलिस ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया. फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों की शिकायत दर्ज कर रही है.
शाहीन बानो ने बताया कि उनकी शादी रईस अहमद के साथ 18 अगस्त 2016 को हुई थी. शाहीन का आरोप है कि उनके पति ने खुद को कुंवारा बताकर उन्हें झांसे में लिया और शारीरिक संबंध बनाते हुए उनका वीडियो बना लिया. इसी दौरान शाहीन ने पति के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था लेकिन दोनों के परिवार के बीच हुई सहमति के बाद दोनों ने शादी कर ली. बाद में केस खत्म होने के बाद पति उन्हें प्रताड़ित करने लगा. शाहीन का आरोप है कि वह पिछले 7 साल से अपने पति से अलग रह रही हैं. करीब दो महीने पहले उनके देवर ने भी उनके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की, जिसकी शिकायत उन्होंने गोहलपुर थाने में की थी. उनके मुताबिक पति उनके साथ मारपीट करता था और रात में घर से गाली-गलौज और मारपीट करते हुए प्रताड़ित करता था.
पत्नी ने पति पर लगाए गंभीर आरोप
शाहीन ने बताया कि आज उन्हें महिला थाने में बयान देने के लिए बुलाया गया था. वह अपने वकील के साथ थाने जा रही थीं, तभी रास्ते में वकील की एक अन्य क्लाइंट ने उन्हें टिम टिम होटल बुलाया. इसी दौरान उनके शौहर वहां पहुंचे और उनके ऊपर आपत्तिजनक आरोप लगाते हुए गाली-गलौज और मारपीट की. शाहीन का दावा है कि शौहर के साथ मौजूद दो महिलाओं ने भी उनके साथ मारपीट की और उनका वीडियो बनाया. उन्होंने आरोप लगाया कि शौहर ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी और कहां की ऐसी चरित्रहींन बीबी को में अपने साथ नहीं रखना चाहता इसलिए मैं तीन तलाक देता हूं. तीन बार तलाक देने की बात कही. शाहीन ने अपने और वकील के खिलाफ लगाए गए आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है.
जान से मारने की धमकी का आरोप
शाहीन का आरोप है कि उनका देवर पहले भी उनके साथ शारिरिक संबंध बनाने की कोशिश कर चुका है और वह इस संबंध में अपने शौहर को बता चुकी थीं. उनका कहना है कि शौहर को जब पता चलता था कि मायके में कोई नहीं है, तो वह वहां आ जाता था. शाहीन ने शौहर पर जबरन संबंध बनाने का दबाव डालने, मारपीट करने, बाल काटने, के आरोप भी लगाए है. उन्होंने कहा कि शौहर उन्हें घर ले जाने के लिए ऐसी लिखित देने का दबाव बनाता था कि यदि वह आत्महत्या करें तो इसके लिए शौहर जिम्मेदार नहीं होगा. शाहीन के मुताबिक अब उन्हें और उनके बच्चों को जान से मारने की धमकी दे रहा है.
पति ने पत्नी को दिया तलाक
शौहर रहीश अहमद का कहना है कि आज मैने अपनी बीवी का पीछा करते-करते उसे एक होटल के कमरे में उसे वकील के साथ आपत्तिजनक हालत में पकड़ा है. मेरा आरोप है कि दोनों कमरे में मौजूद थे और शारीरिक संबंध बना रहे थे. इस घटना के बाद मैंने अपनी बीवी से रिश्ता खत्म करने का फैसला किया है. मैं अपनी पत्नी को तीन तलाक देता हूं, मैं अब उसके साथ नहीं रहना चाहता. हमारे दो बच्चे हैं और मैं उनकी जिम्मेदारी खुद उठाऊंगा, लेकिन ऐसी परिस्थिति में अपनी बीवी के साथ आगे की जिंदगी नहीं बिताना चाहता. मुझे लंबे समय से अपनी बीबी और उक्त वकील के बीच संबंधों को लेकर शक था और दोनों के बीच लगातार फोन पर बातचीत होती थी. आज होटल में दोनों को साथ देखने के बाद मेरा शक यकीन में बदल गया.
‘मैं तो केस लड़ रहां हूं’
वकील सलीम खान का कहना है कि वह शाहीन अंसारी का पिछले करीब डेढ़-दो साल से केस लड़ रहे हैं, जबकि शाहीन का अपने शौहर रहीस अहमद से करीब आठ साल से विवाद चल रहा है. सलीम खान के मुताबिक, शाहीन ने आरोप लगाया था कि शादी से पहले उसके साथ बलात्कार हुआ और बाद में समझौते की शर्तों पर विवाह हुआ, लेकिन विवाह के बाद उसके साथ मारपीट और प्रताड़ना की गई, जिसके चलते वह करीब आठ साल से मायके में रह रही है. सलीम खान का आरोप है कि शाहीन के केस से हटने का दबाव उन पर लगातार बनाया जा रहा था.
उन्होंने बताया कि आज शाहीन महिला थाने में अपने पति के खिलाफ दिए गए आवेदन के सिलसिले में बयान देने आई थी. इसी दौरान होटल में बैठकर बातचीत कर रहे थे. सलीम खान का कहना है कि इसी दौरान रहीस अहमद दो महिलाओं के साथ होटल पहुंचे और उन पर अश्लील हरकत करने के आरोप लगाते हुए विवाद और मारपीट की. उनके मुताबिक, वह और शाहीन पूरी तरह कपड़ों में थे और करीब पांच फीट की दूरी पर बैठे थे. सलीम खान ने आरोप लगाया कि उन पर केस से हटने का दबाव बनाने और उनका चरित्र हनन करने के लिए यह पूरा विवाद किया गया.
होटल में पहुंची पुलिस
घटना के करीब तीन घंटे बाद दोनों पक्ष दोबारा थाने पहुंचे, जहां उनके बीच फिर विवाद की स्थिति बन गई. पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर अलग किया और मामला शांत कराया. मदन महल थाना प्रभारी उमेश यादव के मुताबिक होटल में महिला और उसके वकील के मौजूद होने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ है. दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए हैं. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

शिव चौबे
शिव चौबे को इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में एक दशक का अनुभव है. शिव ने काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) से संस्कृत विषय में शिक्षा प्राप्त की, जिसके बाद उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की. उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत दैनिक अखबार से की. इसके बाद वर्ष 2019 में वे ETV भारत से बतौर संवाददाता जुड़े, जहां ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट और शिक्षा से जुड़ी उनकी कई महत्वपूर्ण रिपोर्टों ने राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा बटोरी. वर्ष 2020 में कोरोना महामारी के दौरान उन्होंने जान जोखिम में डालकर जमीनी स्तर पर रिपोर्टिंग की और व्यवस्थाओं की कमियों को उजागर किया. उनकी रिपोर्ट्स के बाद जिला प्रशासन और प्रदेश सरकार को कई महत्वपूर्ण निर्णय लेने पड़े. वर्ष 2021 में शिव चौबे ने TV9 भारतवर्ष में जिला रिपोर्टर के रूप में नई भूमिका की शुरुआत की. इसके बाद वर्ष 2023 में वे PTI (Press Trust of India) से जुड़े. यहां उन्होंने कई महत्वपूर्ण खोजी रिपोर्टें कीं, जिनमें सिवनी जिले का चर्चित सर्पदंश घोटाला, नानाजी देशमुख पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय से जुड़ा गोबर घोटाला तथा स्वास्थ्य विभाग से जुड़े कई घोटाले शामिल है. इसके अलावा उन्होंने CAA के दौरान लगे कर्फ्यू, बरगी क्रूज हादसे और अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं की जमीनी रिपोर्टिंग कर अपनी अलग पहचान बनाई. निष्पक्ष, जनसरोकारों से जुड़ी और खोजी पत्रकारिता के लिए शिव चौबे को विशेष रूप से जाना जाता है.
Read More