
बुराड़ी में एटीएस का उद्घाटन करतीं सीएम रेखा गुप्ता.
सेवा संकल्प अभियान के तहत दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को बुराड़ी में अत्याधुनिक ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन (ATS) का उद्घाटन किया. पांच लेन वाले इस स्टेशन में हर साल करीब एक लाख वाहनों की फिटनेस जांच की जा सकेगी. दिल्ली सरकार के मुताबिक, यह व्यवस्था वाहन फिटनेस जांच को अधिक आधुनिक, पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है.
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली में देश के सबसे बड़े ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशनों में से एक की शुरुआत होना राजधानी के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है. बुराड़ी ATS में 40 हजार भारी मोटर वाहनों और 60 हजार हल्के मोटर वाहनों की सालाना जांच की क्षमता है.
ब्रेक से उत्सर्जन तक होगी ऑटोमेटेड जांच
बुराड़ी ATS में वाहनों की फिटनेस की जांच पूरी तरह स्वचालित प्रक्रिया से की जाएगी. इसमें ब्रेक की दक्षता, सस्पेंशन, हेडलाइट, साइड-स्लिप, उत्सर्जन स्तर और वाहन के निचले हिस्से समेत कई तकनीकी मानकों की जांच होगी. इसका उद्देश्य वाहन फिटनेस जांच को वैज्ञानिक और पारदर्शी बनाना है.
इससे पहले 3 सितंबर को तेखंड में भी ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन शुरू किया गया था, जिसकी सालाना करीब 72 हजार वाहनों की फिटनेस जांच करने की क्षमता है.
प्रदूषण नियंत्रण पर पूरे साल फोकस
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली में प्रदूषण से निपटने के लिए केवल सर्दियों में किए जाने वाले अस्थायी उपाय पर्याप्त नहीं हैं. सरकार प्रदूषण नियंत्रण को पूरे साल चलने वाली प्रक्रिया के तौर पर देख रही है. इसके तहत परिवहन, हरित क्षेत्र बढ़ाने, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी, कचरा प्रबंधन और तकनीक आधारित निगरानी जैसे क्षेत्रों में एक साथ काम किया जा रहा है.
उन्होंने कहा कि दिल्ली-NCR की हवा पर कई क्षेत्रों का प्रभाव पड़ता है, लेकिन दिल्ली में प्रदूषण कम करने के लिए जरूरी कदम उठाना सरकार की जिम्मेदारी है. इसी उद्देश्य से वाहन फिटनेस जांच व्यवस्था को भी आधुनिक बनाया जा रहा है.
PUC केंद्रों की निगरानी भी होगी मजबूत
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली में प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र यानी PUC जारी करने वाले केंद्रों की व्यवस्था को भी अधिक प्रभावी और विश्वसनीय बनाया जाएगा. एक अक्टूबर से वैध PUC प्रमाणपत्र से जुड़ी प्रवर्तन व्यवस्था लागू की जाएगी. इसके साथ ही PUC केंद्रों की निगरानी को तकनीक से मजबूत करने की दिशा में भी काम किया जाएगा.
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य सिर्फ प्रदूषण पर चर्चा करना नहीं, बल्कि इसके नियंत्रण के लिए ठोस और दीर्घकालिक कदम उठाना है. सरकार ऐसी परिवहन व्यवस्था विकसित करना चाहती है, जो स्वच्छ, सुरक्षित और तकनीक आधारित हो। वाहन फिटनेस जांच को मजबूत करना इसी दिशा में महत्वपूर्ण पहल है.
दिल्ली में ATS की कुल क्षमता 2.5 लाख पार
परिवहन मंत्री डॉ पंकज कुमार सिंह ने कहा कि बुराड़ी ATS की शुरुआत से दिल्ली की वाहन फिटनेस जांच व्यवस्था को आधुनिक और पारदर्शी बनाने में मदद मिलेगी, उन्होंने बताया कि नंद नगरी, तेखंड और बुराड़ी में ATS शुरू होने के बाद दिल्ली में ऑटोमेटेड वाहन टेस्टिंग की कुल सालाना क्षमता 2.5 लाख से अधिक हो गई है.
उन्होंने कहा कि इससे कमर्शियल वाहन मालिकों को अपने घर के नजदीक आधुनिक फिटनेस जांच की सुविधा मिलेगी. बुराड़ी ATS को रिकॉर्ड एक साल में तैयार किया गया है और करीब एक लाख वाहनों की सालाना क्षमता के साथ यह देश के अधिक क्षमता वाले ऑटोमेटेड टेस्टिंग सेंटरों में शामिल है.
परिवहन मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के मार्गदर्शन में दिल्ली सरकार सुरक्षित, पारदर्शी और तकनीक आधारित परिवहन व्यवस्था तैयार करने के लिए लगातार काम कर रही है.
ये भी पढ़ें- दिल्ली में त्योहारों की तैयारी तेजरामलीला-दुर्गा पूजा और छठ के लिए बनी समितियां

जीतेन्द्र भाटी
करीब डेढ़ दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पॉलिटिक्स, क्राइम, सामाजिक और मानवीय मुद्दों पर रिपोर्टिंग. BAG Films की नर्सरी से IBN7, आज़ाद न्यूज़, प्रज्ञा TV, 4 रियल न्यूज, Focus News और न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया होते हुए देश के सबसे बड़े न्यूज नेटवर्क TV9 भारतवर्ष में खबरों के बीच सफर जारी.
Read More