Char Dham Yatra 2026: उत्तराखंड में लगातार खराब मौसम और भारी बारिश के पूर्वानुमान को देखते हुए चारधाम यात्रा को दो दिन के लिए स्थगित कर दिया गया है. मौसम विभाग की ओर से राज्य के कई जिलों में भारी बारिश का रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने के बाद प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया है. चारधाम यात्रा शनिवार दोपहर से रविवार तक स्थगित रहेगी. मौसम सामान्य होने के बाद यात्रा दोबारा शुरू की जाएगी.
गढ़वाल मंडल के आयुक्त आनंद स्वरूप ने सभी जिलाधिकारियों को अपने-अपने जिलों में आवश्यक सुरक्षा इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं. मंडलायुक्त ने कहा कि मौसम विभाग के पूर्वानुमान में कई इलाकों में भारी बारिश की आशंका जताई गई है. ऐसे में देश-विदेश से चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है. प्रशासन को मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है.
शनिवार को पांच जिलों में रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने 26 सितंबर को उत्तराखंड के पांच जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है. इनमें बागेश्वर, पिथौरागढ़, चंपावत, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर शामिल हैं. इसके अलावा देहरादून, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, चमोली और अल्मोड़ा में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. वहीं हरिद्वार, उत्तरकाशी और टिहरी के लिए येलो अलर्ट है.
रविवार को भी कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
27 सितंबर यानी रविवार को भी मौसम का मिजाज खराब रहने का अनुमान है. मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी, पौड़ी और हरिद्वार में रेड अलर्ट जारी किया है. वहीं उत्तरकाशी, चमोली, नैनीताल और रुद्रप्रयाग में ऑरेंज अलर्ट रहेगा. बागेश्वर, अल्मोड़ा, चंपावत, ऊधमसिंह नगर और पिथौरागढ़ में येलो अलर्ट जारी किया गया है.
मौसम सामान्य होने पर शुरू होगी यात्रा
प्रशासन ने सभी जिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में यात्रियों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं. साथ ही मौसम की स्थिति सामान्य होने तक श्रद्धालुओं की आवाजाही को नियंत्रित रखने और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी के निर्देश दिए गए हैं.
चारधाम यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में देश-विदेश से श्रद्धालु उत्तराखंड पहुंचते हैं. पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बारिश के दौरान भूस्खलन, सड़क अवरुद्ध होने और अन्य जोखिमों की आशंका बनी रहती है. इसी को देखते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए यात्रा को अस्थायी रूप से रोकने का निर्णय लिया है. मौसम में सुधार के बाद प्रशासन स्थिति की समीक्षा करेगा और इसके आधार पर यात्रा फिर से शुरू की जाएगी.

नमित अग्रवाल
नमित अग्रवाल उत्तराखंड के नैनीताल जिले में मौजूद रामनगर (जिम कॉर्बेट) के रहने वाले हैं. वो पिछले 6 वर्षों से इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया में सक्रिय पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इस दौरान उन्होंने जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को निष्पक्षता, तथ्यपरकता और संवेदनशीलता के साथ प्रमुखता से उठाने का निरंतर प्रयास किया है. उन्होंने Live News 24, TV100, स्वदेश, खबरें अभी तक और News India सहित विभिन्न समाचार संस्थानों के साथ कार्य करने का अनुभव प्राप्त किया है. रामनगर, कालाढूंगी, सल्ट तथा आसपास के क्षेत्रों में राजनीतिक, प्रशासनिक, सामाजिक, पर्यावरण, वन्यजीव, पर्यटन, शिक्षा और अपराध जैसे विविध विषयों पर अनेक ग्राउंड रिपोर्ट, एक्सक्लूसिव कवरेज और विशेष समाचार रिपोर्ट पेश की हैं.
Read More