केरल के पथनमथिट्टा जिले के मल्लपल्ली स्थित एक चर्च के कब्रिस्तान में एक बार फिर चोरी की घटना सामने आई है. इस बार भी चोर कब्र से ग्रेनाइट का भारी-भरकम स्लैब चोरी कर ले गए हैं. इससे पहले इसी साल जुलाई में भी चोर कब्र से ग्रेनाइट चोरी कर फरार हो गए थे. उस घटना का भी अभी तक खुलासा नहीं हो पाया.
PTI के मुताबिक, पुलिस अधिकारियों ने रविवार को बताया कि मल्लापल्ली इलाके में एक चर्च कब्रिस्तान में बनी कब्र से ग्रेनाइट का स्लैब चोरी हो गया है. जुलाई के बाद से इस इलाके में इस तरह की यह तीसरी चोरी है. पुलिस ने बताया कि ताजा घटना मल्लापल्ली के पास अनिकाडु स्थित सेंट थॉमस मार थोमा चर्च में हुई, जहां अन्नामा कुरियन की कब्र से छह फीट लंबा और तीन फीट चौड़ा काले ग्रेनाइट का स्लैब हटा लिया गया.
लगातार तीसरी बार कब्र से स्लैब चोरी
चोरी का पता रविवार सुबह चला जब लोग प्रार्थना के लिए कब्रिस्तान पहुंचे और देखा कि स्लैब गायब था. इसके बाद उन्होंने कीझवैपुर पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने बताया कि यह चोरी ऐसे समय में हुई है जब पुलिस जुलाई में हुई दो ऐसी ही घटनाओं की जांच कर रही है, जिनमें वेंगालासेरी के मार थोमा चर्च और मंकुझिप्पाडी के जायोन मार थोमा चर्च कब्रिस्तान की कब्रों से ग्रेनाइट स्लैब चोरी हो गए थे. ये दोनों क्षेत्र कीझवैपुर पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आते हैं.
तीनों घटनाएं आपस में जुड़ी होने की आशंका
पुलिस को शक है कि तीनों घटनाएं आपस में जुड़ी हुई हैं और वे किसी एक व्यक्ति या समूह की संभावित संलिप्तता की जांच कर रहे हैं. पुलिस ने कहा कि तीनों मामलों में काम करने का तरीका एक जैसा लगता है, जिसमें आरोपी कथित तौर पर बिना CCTV कैमरे वाले चर्च कब्रिस्तानों को निशाना बना रहे हैं. पुलिस अब घटना स्थल से इकट्ठा किए गए फिंगरप्रिंट नमूनों की जांच करेगी ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या वे पुराने मामलों से कोई संबंध स्थापित करने में मदद कर सकते हैं.
कौन कर रहा है चोरी?
पुलिस ने कहा कि स्लैब छह फीट गुणा तीन फीट का है और जिन पर क्रॉस का निशान बना है. उसका दोबारा इस्तेमाल करना मुश्किल है, जिससे यह संदेह पैदा होता है कि चोरी का संबंध ग्रेनाइट बनाने या कब्र बनाने के काम में शामिल लोगों से हो सकता है.
पादरियों और चर्च के सदस्यों के साथ बैठक
वहीं, पुलिस इलाके के पादरियों और चर्च के सदस्यों के साथ बैठक करने और उनसे ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए उचित पावर बैकअप वाले CCTV कैमरे लगाने का अनुरोध करने की योजना बना रही है. फिलहाल पुलिस आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है.

मोहम्मद जुनेद अख्तर
मोहम्मद जुनेद अख्तर करीब 12 साल से मीडिया में काम कर रहे हैं. करियर की शुरुआत साल 2013 में 'अमर उजाला' गाजियाबाद से की थी. यहां इन्होंने करीब एक साल तक रेलवे, कलेक्ट्रेट और आरडब्ल्यूए जैसी बीट पर काम किया. फरवरी 2014 में नवोदय टाइम्स अखबार से जुड़ गए और गाजियाबाद में ही रेलवे, स्पोर्ट्स और एजुकेशन की बीट कवर की. करीब एक साल बाद 2015 में गाजियाबाद से दिल्ली ट्रांसफर हो गया. दिल्ली में अल्पसंख्यकों के मुद्दों के साथ जंतर-मंतर पर कई बड़े धरने-प्रदर्शन कवर किए. अगस्त 2016 में दिल्ली से नोएडा ट्रांसफर हो गया. नोएडा में क्राइम बीट पर लगातार करीब तीन साल काम किया. इसके बाद 2020 में लॉकडाउन के दौरान क्राइम के अलावा गौतमबुद्ध नगर के तीनों प्राधिकरण और दूसरी बीट भी कवर करने का मौका मिला. 2024 में ‘उत्तर प्रदेश टाइम्स’ की डिजिटल टीम को जॉइन कर लिया. इस दौरान 'उत्तर प्रदेश टाइम्स' की नोएडा डिजिटल साइट ट्राइसिटी टुडे में भी काम किया. जनवरी 2025 में न्यूज 24 डिजिटल टीम को जॉइन कर लिया. यहां जुनेद अख्तर ने बतौर सब एडिटर काम किया और राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खबरों पर काम किया. सितम्बर 2025 से TV9 भारतवर्ष की वेबसाइट में सीनियर सब एडिटर के तौर पर जुड़े.
Read More