डीसी ने नशामुक्त हिमाचल अभियान की समीक्षा की
September 18, 2026

DC Reviews Drug-Free Himachal Campaign : कुल्लू। उपायुक्त अपूर्व देवगन की अध्यक्षता में शुक्रवार को उपायुक्त कार्यालय मंडी स्थित डीआरडीए सभागार में ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत ‘नशामुक्त हिमाचल, नशामुक्त मंडी’ अभियान की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिले में नशा उन्मूलन गतिविधियों, जागरूकता कार्यक्रमों, नशे की रोकथाम तथा उपचार एवं पुनर्वास कार्यों की समीक्षा की गई। अपूर्व देवगन ने जिलावासियों से स्वस्थ एवं बेहतर जीवन के लिए हर प्रकार के नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि नशा किसी भी प्रकार का हो, वह व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ परिवार और समाज के लिए भी गंभीर रूप से हानिकारक है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं तथा समाज के प्रत्येक व्यक्ति को नशा उन्मूलन में अपनी भूमिका निभानी चाहिए, ताकि युवा पीढ़ी को नशे की गिरफ्त में आने से बचाया जा सके। उन्होंने बताया कि आगामी 2 अक्टूबर को आयोजित होने वाली विशेष ग्राम सभाओं में नशा निवारण से संबंधित गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। उन्होंने नशीले पदार्थों की तस्करी एवं इनके प्रसार पर रोक लगाने के लिए आम जनता से प्रशासन और पुलिस का सहयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने आह्वान किया कि शिक्षण संस्थानों के आसपास, गांव अथवा शहर में नशे से संबंधित कोई भी संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर इसकी सूचना पुलिस विभाग के व्हाट्सऐप नंबर 93172-21001 पर दी जा सकती है। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नशा मुक्त अभियान को धरातल पर प्रभावी बनाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। जिले की हॉटस्पॉट पंचायतों का समय-समय पर दौरा कर जमीनी स्थिति का जायजा लेने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि अधिकारी नियमित रूप से स्कूलों का दौरा करें और विद्यार्थियों के साथ खेल गतिविधियों, सामाजिक मूल्यों, शिक्षा तथा नशे के दुष्प्रभावों को लेकर संवाद करें। उपायुक्त ने स्वयंसेवी संस्थाओं से भी नशा मुक्त भारत अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशा मुक्ति एवं जागरूकता गतिविधियों के प्रचार-प्रसार के लिए संबंधित क्षेत्रों के सोशल मीडिया हैंडलर्स तथा इन्फ्लुएंसर्स की सेवाएं भी ली जाएं, ताकि अभियान का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।