world-news

जवाहर नवोदय विद्यालय के युवा सांसद सम्मानित | Hindi News Portal | Hindi News | Online Hindi News | swatantraawaz

September 11, 2026

जवाहर नवोदय विद्यालय के युवा सांसद सम्मानित

किरेन रिजिजू ने बांटे 27वीं राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता के पुरस्कार

'युवाओं में आत्मविश्वास नेतृत्व गुण वक्तृत्व कला विकास के प्रयास'

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Friday 11 September 2026 01:55:56 PM

young mps from jawahar navodaya vidyalayas honoured

नई दिल्ली। केंद्रीय संसदीय कार्य और अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने जवाहर नवोदय विद्यालयों केलिए 27वीं राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता 2025-26 के पुरस्कार वितरण समारोह में प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली जवाहर नवोदय विद्यालयों की विजेता टीमों को शील्ड एवं पुरस्कार वितरित किए। यह समारोह संसद भवन परिसर के जीएमसी बालयोगी सभागार संसद पुस्तकालय भवन में हुआ। किरेन रिजिजू ने राष्ट्रीय विजेता टीम पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय उखरुल-1 मणिपुर को पंडित जवाहर लाल नेहरू रनिंग पार्लियामेंट्री शील्ड एवं ट्रॉफी प्रदान की और सात क्षेत्रीय विजेताओं को बधाई दी। उन्होंने लोकतंत्र के प्रतीक संसद के महत्व पर छात्रों का मार्गदर्शन करते हुए कहाकि संसदीय लोकतांत्रिक प्रणाली भारत केलिए सबसे उपयुक्त है, जहां नागरिक अपने चुने हुए प्रतिनिधियों के जरिए स्वयं शासन करते हैं। उन्होंने शासन प्रणाली के रूपमें संसदीय लोकतंत्र को दुनिया में सर्वश्रेष्ठ बताया। उन्होंने जवाहर नवोदय विद्यालयों की कार्यसंस्कृति की सराहना की, जो विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास को सही दिशा में ढालने का काम करती है।
संसदीय कार्य मंत्रालय के सचिव निकुंज बिहारी धल ने विजेता टीमों को बधाई दी और संसदीय कार्य मंत्रालय एवं हितधारकों के प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने कहाकि इस तरह की पहलें छात्रों को उनके व्यक्तित्व विकास, महत्वपूर्ण सोच और टीम भावना को विकसित करने का बेहतर अवसर प्रदान करती हैं। संसदीय कार्य मंत्रालय के अपर सचिव डॉ सत्य प्रकाश ने 2047 तक 'विकसित भारत' केलिए पारंपरिक गुरु-शिष्य परंपरा पर आधारित प्राचार्यों, शिक्षकों और छात्रों की अनुकरणीय भूमिका का उल्लेख किया। राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता 2025-26 में राष्ट्रीय स्तरपर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले 'पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय उखरुल-1 मणिपुर (शिलोंग क्षेत्र)' के छात्रों ने इस अवसर पर युवा संसद की पुनः प्रस्तुति दी। गौरतलब हैकि संसदीय कार्य मंत्रालय 30 वर्ष से जवाहर नवोदय विद्यालयों केलिए युवा संसद प्रतियोगिता का आयोजन कर रहा है। जवाहर नवोदय विद्यालयों केलिए राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता की 27वीं श्रृंखला भारतभर में नवोदय विद्यालय समिति के 8 क्षेत्रों में फैले 100 विद्यालयों केबीच आयोजित की गई।
युवा संसद प्रतियोगिता देशभर के जवाहर नवोदय विद्यालयों के युवाओं को एक मंच प्रदान करती है, जहां वे एकत्र होकर अपनी वाक्पटुता, गंभीर सोच और नेतृत्व कौशल का प्रदर्शन कर सकते हैं। यह प्रतियोगिता छात्रों को संसद की कार्यप्रणालियों, प्रक्रियाओं, बहस और चर्चा की तकनीकों से अवगत कराती है, जिससे उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व गुण और प्रभावी वक्तृत्व कला का विकास होता है। यह प्रतिष्ठित कार्यक्रम जवाहर नवोदय विद्यालयों के अत्यंत प्रतिभाशाली और प्रखर छात्रों को राष्ट्रीय एवं वैश्विक महत्व के विषयों पर जीवंत बहस में भाग लेने केलिए प्रोत्साहित करता है। समारोह में संसदीय कार्य मंत्रालय के उप सचिव अनिल कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन दिया।