entertainment

किरण राज पर शेर ने किया हमला? एक्टर ने बताया वायरल वीडियो का सच

September 10, 2026

Kiran Raj Viral Video: कन्नड़ एक्टर किरण राज इस वक्त अपने एक वायरल वीडियो को लेकर चर्चा में बने हुए हैं. एक्टर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. जिसमें उनके ऊपर शेर हमला करता हुआ दिखाई दे रहा था. वहीं, किरण खुद को बचाते हुए नजर आए थे. इस वीडियो के सामने आने के बाद किरण के फैंस भी काफी ज्यादा परेशान हो गए थे और जानना चाहते थे कि आखिर एक्टर ठीक हैं या नहीं. वहीं, इस बीच अब किरण ने खुद सामने आकर इस वीडियो की सच्चाई बताई है.

अब किरण ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया है,जिसमें पूरे हमले की सच्चाई बताई है और लोगों से गलत जानकारी फैलाने से बचने की अपील की है. चलिए इस आर्टिकल में जानते हैं कि किरण ने वीडियो में क्या कुछ कहा है और क्या हमले वाली खबर झूठी थी?

ये भी पढ़ें: TVK के नारे लगाकर जेसन संजय को किया गया इंटरप्ट, सीएम विजय के बेटे ने ऐसे किया रिएक्ट

किरण राज ने बताया शेर के हमले का सच

किरण राज ने फैंस को बताया है कि वह बिल्कुल ठीक हैं. उन्होंने बताया कि जो शेर उनकी तरफ दौड़ा था, वह उसे तब से जानते हैं जब वह छोटा था. किरण ने कहा, मैंने एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें मैं रॉकी नाम के शेर के साथ ट्रेनिंग कर रहा हूं. आने वाले एक प्रोजेक्ट के लिए मैं उसके साथ ट्रेनिंग करना चाहता हूं और उसके साथ दोस्ती करना चाहता हूं.

उन्होंने आगे बताया कि इसी वजह से उन्होंने अभी से ट्रेनिंग शुरू कर दी है और इसका एक छोटा सा वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया था. किरण ने कहा कि उन्होंने देखा कि यह वीडियो कुछ पेजों पर शेयर किया जा चुका है. इसके बाद किरण ने वीडियो को अलग-अलग कैप्शन और बैकग्राउंड म्यूजिक के साथ शेयर कर गलत जानकारी फैलाने वालों को फटकार लगाई.

उन्होंने कहा, कृपया इसमें अलग-अलग कैप्शन लगाकर या अलग तरीके से इसे शेयर करके गलत जानकारी न फैलाएं. अलग बैकग्राउंड म्यूजिक लगाने से भी लोगों में डर और गलतफहमी पैदा हो रही है.

किरण ने आगे कहा कि वहां पूरी तरह सुरक्षित माहौल था, क्योंकि वह रॉकी के साथ तब से खेलते आ रहे हैं जब वह छोटा था. उन्होंने कहा कि दोनों के बीच एक खास बॉन्ड है और वहां सुरक्षा के सभी इंतजाम भी किए गए थे. किरण ने फैंस की चिंता के लिए उनका शुक्रिया भी अदा किया है.

कहकशा परवीन

कहकशा परवीन

टीवी 9 डिजिटल हिंदी में बतौर सब एडिटर काम कर रहीं कहकशा परवीन को मीडिया इंडस्ट्री में 6 साल का अनुभव है. इन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन किया है और इलेक्ट्रोनिक मीडिया एंड टीवी प्रोडक्शन में डिप्लोमा किया है. कहकशा ने अपने करियर की शुरुआत बतौर रिपोर्टर की थी. इसके बाद नवोदया टाइम्स में मनोरंजन सेक्शन में कंटेंट लिखना और सेलिब्रेटिजी के इंटरव्यू लेती रही हैं. एबीपी नेटवर्क में भी कहकशा बतौर सब एडिटर मनोरंज की खबरें लिखती रही हैं. इन्हें ट्रैवल, फैशन, लाइफस्टाइल और एंटरटेनमेंट में लिखने और पढ़ने का शौक है.

Read More

google button