नीम करोली बाबा के जीवन और आध्यात्मिक विचारों पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ का सिनेमाघरों में प्रदर्शन लगातार जारी है। रिलीज के 33 दिन पूरे होने के बाद भी फिल्म की कमाई की रफ्तार ने सबका ध्यान खींचा हुआ है। भारत में फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन अब 169.20 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है और यह जल्द ही 170 करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर सकती है। खास बात यह है कि फिल्म ने बिना किसी बड़े व्यावसायिक शोर के बॉक्स ऑफिस पर लंबी पारी खेली है। अब फिल्म की टीम सीएम योगी से मिलने पहुंची, बीते दिन सीएम से टीम की मुलाकात हुई है।
लखनऊ में सीएम योगी से हुई खास मुलाकात
फिल्म की इसी सफलता के बीच इसकी टीम ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। फिल्म के निर्देशक विशाल चतुर्वेदी, निर्माता और कलाकारों ने लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास पर पहुंचकर उनसे बातचीत की। इस मुलाकात की तस्वीरें मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर भी साझा की गईं। बैठक के दौरान फिल्म से जुड़े कई पहलुओं पर चर्चा हुई और टीम ने फिल्म बनाने के अपने अनुभव मुख्यमंत्री के साथ साझा किए। मुलाकात के दौरान बातचीत का प्रमुख विषय फिल्म में दिखाए गए नीम करोली बाबा के आध्यात्मिक जीवन और नाथ संप्रदाय से जुड़े प्रसंग रहे। फिल्म में बाबा के जीवन और साधना को नाथ परंपरा से जुड़े संतों के संदर्भ में प्रस्तुत किया गया है। टीम ने मुख्यमंत्री को फिल्म के कुछ महत्वपूर्ण दृश्यों के बारे में जानकारी दी, जिनमें गोरखनाथ और नाथ संप्रदाय की परंपरा से जुड़े संदर्भ शामिल हैं।
क्या है नाथ संप्रदाय?
नाथ संप्रदाय हिंदू आध्यात्मिक परंपरा की एक महत्वपूर्ण धारा मानी जाती है, जिसका संबंध भगवान शिव से जोड़ा जाता है। इस परंपरा में योग, ध्यान, साधना और वैराग्य को विशेष महत्व दिया जाता है। ‘हनुमान अंश’ में नीम करोली बाबा के आध्यात्मिक सफर को इसी परंपरा से जुड़े संतों के साथ उनके संबंधों के संदर्भ में दिखाने की कोशिश की गई है। निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने मुलाकात के दौरान नीम करोली बाबा के शुरुआती आध्यात्मिक जीवन से जुड़े कुछ पहलुओं पर भी प्रकाश डाला। उनके मुताबिक बाबा ने अपने जीवन के शुरुआती दौर में नाथ परंपरा से जुड़े संतों का सान्निध्य प्राप्त किया था। फिल्म में इसी जुड़ाव को बाबा की आध्यात्मिक यात्रा का एक अहम हिस्सा बनाया गया है। निर्देशक का दावा है कि संतों के संपर्क और साधना के माध्यम से बाबा के व्यक्तित्व में आध्यात्मिक शक्ति और दिव्य चेतना का विकास हुआ।
फिल्म में क्या दिखाया गया है?
विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन और लेखन में बनी ‘हनुमान अंश’ नीम करोली बाबा, जिन्हें महाराज-जी के नाम से भी जाना जाता है, के जीवन और शिक्षाओं पर केंद्रित आध्यात्मिक ड्रामा है। कहानी में उनके हनुमान भक्ति से जुड़े विश्वास, आध्यात्मिक जीवन और प्रेम व सेवा के संदेश को प्रमुखता दी गई है। फिल्म का उद्देश्य बाबा के जीवन से जुड़े आध्यात्मिक पक्ष और उनके विचारों को दर्शकों तक पहुंचाना है। फिल्म की सबसे खास उपलब्धियों में उसका लंबा थिएट्रिकल रन शामिल है। रिलीज के 33 दिन बाद 169.20 करोड़ रुपये का भारत में ग्रॉस कलेक्शन इसे 170 करोड़ के बेहद करीब ले आया है। अब दर्शकों की नजर इस बात पर है कि फिल्म यह बड़ा आंकड़ा कब पार करती है। शुरुआती अनुमान से कहीं आगे निकलता इसका प्रदर्शन फिल्म की टीम के लिए निश्चित तौर पर बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
ये भी पढ़ें: रीति तिवारी और महेंद्र सिंह धोनी के बीच गहरा रिश्ता, क्रिकेटर संग एक कमरे में रहते थे मनोज तिवारी, Ex वाइफ से भी कनेक्शन
Latest Bollywood News