sports

क्या टीम इंडिया के सिलेक्शन में इस आधार पर होता है भेदभाव? शिखर धवन बोले- चाहे दिल्ली का लड़का हो या मुंबई का…

September 7, 2026

क्या टीम इंडिया के सिलेक्शन में इस आधार पर होता है भेदभाव? शिखर धवन बोले- चाहे दिल्ली का लड़का हो या मुंबई का…

Sep 07, 2026 09:21 am ISTलाइव हिन्दुस्तान

Follow us on Google News

share

जम्मू-कश्मीर में शिखर धवन से राष्ट्रीय टीम में खिलाड़ियों के चयन में क्षेत्र के आधार पर भेदभाव को लेकर सवाल किया गया था। भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज ने इसका बेबाक जवाब दिया। धवन ने 269 इंटरनेशनल मैच खेले।

Shikhar Dhawan

शिखर धवन

भारत में क्रिकेट काफी लोकप्रिय है। बेशुमार क्रिकेटर जिला, राज्य और घरेलू स्तर पर खेलते हैं। हर खिलाड़ी का सपना भारत की राष्ट्रीय टीम में जगह पाना होता है लेकिन चुनिंदा की किस्मत ही चमकती है। अनेक खिलाड़ी परफॉर्मेंस और फिटनेस मानकों पर खरा उतरने के बावजूद भारतीय स्कॉड का हिस्सा नहीं बन पाते। जम्मू-कश्मीर के अब तक सिर्फ तीन क्रिकेटर- परवेज रसूल, उमरान मलिक और आकिब नबी राष्ट्रीय टीम में जगह बना पाए हैं। शिखर धवन ने कहा कि टीम इंडिया में खिलाड़ियों के सिलेक्शन में क्षेत्र के आधार पर कोई भेदभाव नहीं होता। हालांकि, भारत के पूर्व दिग्गज सलामी बल्लेबाज धवन ने स्वीकार किया कि इस प्रक्रिया में किस्मत भी भूमिका निभा सकती है।

'चाहे दिल्ली का लड़का हो या मुंबई का…'

दरअसल, धवन से श्रीनगर में प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूछा गया कि क्या जम्मू-कश्मीर के खिलाड़ियों के साथ भेदभाव होता है क्योंकि उन्हें अधिक मौके नहीं मिलते? जवाब में पूर्व भारतीय ओपनर ने कहा, ''नहीं, निश्चित रूप से कोई भेदभाव नहीं होता।'' धवन ने कहा, ''अगर आप अच्छा खेलते हैं तो दुनिया में कोई भी आपको बाहर नहीं रख सकता। आपका खेल ही आपकी पहचान बनता है। कभी-कभी किस्मत भी भूमिका निभाती है। यह सिर्फ जम्मू-कश्मीर तक सीमित नहीं है। चाहे दिल्ली का लड़का हो या मुंबई का, आपको ऐसे कई उदाहरण मिलेंगे जहां कोई खिलाड़ी मौके का हकदार था लेकिन उसे मौका नहीं मिला और उसकी जगह किसी और को चुन लिया गया। यह खेल का ही एक हिस्सा है।''

धवन और परवेज 'आइकॉनिक खिलाड़ी'

बता दें कि प्रेस कॉन्फ्रेंस 'प्रो स्टार क्रिकेट लीग' दूसरे सीजन की शुरुआत की घोषणा करने के लिए बुलाई गई थी। यह टूर्नामेंट अगले साल मार्च के पहले हफ्ते में शुरू होगा। इसकी शुरुआत श्रीनगर से होगी और फाइनल देहरादून में होगा। धवन को जम्मू-कश्मीर के क्रिकेटर परवेज रसूल के साथ लीग का 'आइकॉनिक खिलाड़ी' घोषित किया गया। परवेज ने भारत के लिए 2014 में डेब्यू किया। उन्होंने एक वनडे और एक टी20 इंटरनेशनल मैच खेला। भारत के लिए और आईपीएल में खेल चुके रसूल और तेज गेंदबाज उमरान का जिक्र करते हुए धवन ने कहा कि इन खिलाड़ियों को एक शानदार मंच मिला। हालांकि, उन्होंने जोर देकर कहा कि सबसे जरूरी बात यह है कि खिलाड़ी उस स्तर पर लगातार अच्छा प्रदर्शन करें। उमरान ने 2023 में टीम इंडिया की ओर से डेब्यू किया। उन्होंने 10 वनडे और 8 T20I मैच खेले।

'लेकिन आपके कंट्रोल में सिर्फ यही है कि…'

पूर्व भारतीय क्रिकेटर और मशहूर कमेंटेटर आकाश चोपड़ा 'प्रो स्टार क्रिकेट लीग' के कमिश्नर हैं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के चयन में किस्मत की भूमिका होती है लेकिन कॉम्पिटिशन बहुत कड़ा है। चोपड़ा ने कहा, ''किस्मत का रोल होता है लेकिन आपके कंट्रोल में सिर्फ यही है कि आप कड़ी मेहनत करते रहें और लगातार अच्छा परफॉर्म करते रहें। भारतीय क्रिकेट अभी ऐसे मोड़ पर है जहां अगर आपके पास वाकई टैलेंट है तो यह आपको एक स्टेज देगा। उन्होंने कहा, ''अगर राष्ट्रीय टीम के लिए खेलते हुए नहीं तो इंडियन प्रीमियर लीग वो प्लेटफॉर्म देगा। फिर आप रणजी ट्रॉफी खेलते हैं, आप दलीप ट्रॉफी खेलते हैं। बहुत सारा क्रिकेट हो रहा है।'' उन्होंने तेज गेंदबाज आकिब नबी का जिक्र किया जो IPL में खेल चुके हैं और नेशनल टीम के लिए भी चुने गए। चोपड़ा ने पेसर नबी के बारे में कहा, ''न्यूजीलैंड का दौरा नजदीक आ रहा है। वह एक अच्छा खिलाड़ी है और अच्छा करेगा।'' नबी को श्रीलंका दौरे के लिए भारतीय टेस्ट टीम में चुना गया था लेकिन उन्हें प्लेइंग इलेवन में मौका नहीं मिला।

लेखक के बारे में

Md.Akram

मोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार

परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।

अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।

शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।

विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय

और पढ़ें