world-news

शाहरुख-दीपिका के लिए बना था 'मसकली' गाना: 'ओम शांति ओम' से हुआ बाहर, सोनम कपूर के लिए बना सुपरहिट! - Haribhoomi

September 5, 2026

शाहरुख-दीपिका के लिए बना था 'मसकली' गाना: 'ओम शांति ओम' से हुआ बाहर, सोनम कपूर के लिए बना सुपरहिट!

'दिल्ली 6' का मशहूर गाना 'मसकली' को लेकर एक ऐसा राज सामने आया है, जिसे जानकर फैंस हैरान रह जाएंगे। फराह खान ने बताया कि यह गाना पहले शाहरुख और दीपिका स्टारर 'ओम शांति ओम' के लिए के लिए तैयार किया गया था।

Masakali Song is originally made for Om Shanti om

फराह खान ने 'ओम शांति ओम' से जुड़ा अनोखा किस्सा

  • Published: 05 Sep 2026, 06:30 PM IST
  • Last Updated: 05 Sep 2026, 06:32 PM IST

Masakali Song: सालों बाद भी कुछ बॉलीवुड गाने अपनी खास धुन और अंदाज की वजह से लोगों के दिलों में बसे रहते हैं। ऐसा ही एक गाना है 'मसकली', जिसे आज भी सुनते ही दिल्ली 6 और सोनम कपूर की याद आ जाती है। लेकिन क्या आपको पता है कि यह गाना ओरिजनली तौर पर दिल्ली 6 के लिए बनाया ही नहीं गया था!

कोरियोग्राफर और फिल्ममेकर फराह खान ने अपने हालिया व्लॉग में इस गाने से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा शेयर किया। उन्होंने बताया कि 'मसकली' की शुरुआती कल्पना शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण स्टारर 'ओम शांति ओम' के लिए की गई थी।

'ओम शांति ओम' के लिए बना था 'मसकली'
फराह खान ने विशाल ददलानी के फार्महाउस पर शूट किए गए अपने व्लॉग में बताया कि जब वह 'ओम शांति ओम' बना रही थीं, तब उन्होंने फिल्म के संगीत को लेकर विशाल ददलानी से बातचीत की थी।

फराह ने बताया कि उस समय उनकी पहली पसंद संगीतकार एआर रहमान थे। उन्होंने विशाल से कहा था कि वह पहले रहमान से फिल्म का संगीत तैयार करने के लिए संपर्क करेंगी। अगर रहमान इसके लिए तैयार नहीं होते, तो विशाल और शेखर को फिल्म के संगीत की जिम्मेदारी दी जा सकती थी।

फराह ने कहा- “रहमान ने 'ओम शांति ओम' के लिए जो पहला गाना बनाया था, वह 'मसकली' था! मुझे नहीं पता कि मैं उसे कहां इस्तेमाल करने वाला था, लेकिन मुझे वह गाना और वह शब्द बहुत पसंद है।” विशाल ने कहा कि अगर उन्होंने और शेखर ने 'ओम शांति ओम' का संगीत तैयार नहीं भी किया होता, तब भी इसका साउंडट्रैक बहुत बढ़िया बनता। हालांकि, फराह ने इस जोड़ी को उनका पूरा श्रेय दिया।

'धूम ताना' गाने का क्रेज- विशाल
विशाल ने कहा, " 'ओम शांति ओम' में जो बड़े पैमाने वाला मसाला म्यूज़िक था, वह अपनी तरह का इकलौता था। यह आखिरी था! यह ट्रेडिशनल मसाला बॉलीवुड म्यूज़िकल फिल्म थी; आज भी मुझे ऐसी रील्स मिलती हैं जिनमें बताया जाता है कि हमने बिना AI के 'धूम ताना' गाना कैसे बनाया था, जबकि उस समय AI था ही नहीं। वे विज़ुअल्स! उन्हें कैसे बनाया गया? हमने बस उसे बनाया और हमें मज़ा आ रहा था।"

फिर Delhi 6 का हिस्सा कैसे बना 'मसकली'?
दिलचस्प बात यह है कि 'मसकली' आखिरकार 'ओम शांति ओम' का हिस्सा नहीं बना। बाद में यह गाना दिल्ली 6 में इस्तेमाल किया गया। फिल्म में सोनम कपूर और अभिषेक बच्चन पर फिल्माया गया यह गाना रिलीज होते ही दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय हो गया। एआर रहमान के संगीत और मोहित चौहान की आवाज ने गाने को अलग पहचान दिलाई।

आज भी 'मसकली' को 2000 के दशक के लोकप्रिय बॉलीवुड गानों में याद किया जाता है।