बिहार में खुलेगा राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय का नया कैंपस, युवा कलाकारों को राज्य में ही मिलेगा प्रशिक्षण
बिहार सरकार ने जमीन आवंटन और 50% राज्य अनुदान के साथ राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (NSD) परिसर की स्थापना को मंजूरी दे दी है। इस परियोजना का उद्देश्य राज्य के भीतर पेशेवर रंगमंच प्रशिक्षण, मंचन कला और उन्नत अनुसंधान प्रदान करना है, जो बिहार की समृद्ध पारंपरिक प्रदर्शन कलाओं को आधुनिक रंगमंच शिक्षा से जोड़ता है।
By Oneindia Staff
Published: Tuesday, September 1, 2026, 19:02 [IST]
बिहार में राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (National School of Drama-NSD) का नया कैंपस स्थापित किया जाएगा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के अनुरोध पर केंद्र सरकार ने बिहार में NSD कैंपस की स्थापना को सहमति दे दी है। इस निर्णय पर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के प्रति आभार व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में NSD कैंपस की स्थापना राज्य की समृद्ध नाट्य एवं प्रदर्शन कला परंपरा को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान और नई संभावनाएं प्रदान करेगी। इससे बिहार के युवा कलाकारों को राज्य में ही पेशेवर नाट्य प्रशिक्षण, स्टेजक्राफ्ट, प्रदर्शन कला और उन्नत शोध के बेहतर अवसर मिलेंगे।
NSD कैंपस की स्थापना के लिए बिहार सरकार उपयुक्त भूमि उपलब्ध कराएगी। इसके साथ ही भवन निर्माण की स्वीकृत लागत का 50 प्रतिशत राज्यांश भी बिहार सरकार वहन करेगी। राज्य सरकार संस्थान की शीघ्र स्थापना के लिए आवश्यक प्रशासनिक सहयोग उपलब्ध कराने की दिशा में कार्रवाई कर रही है।
युवा कलाकारों को राज्य में ही मिलेगा पेशेवर प्रशिक्षण
मुख्यमंत्री ने कहा कि NSD कैंपस की स्थापना से बिहार के प्रतिभाशाली युवा कलाकारों को अभिनय कौशल और नाट्य कला का प्रशिक्षण लेने के लिए राज्य से बाहर जाने की आवश्यकता कम होगी। उन्हें पेशेवर नाट्य प्रशिक्षण, स्टेजक्राफ्ट, प्रदर्शन कला और उन्नत शोध के लिए बेहतर संस्थागत सुविधाएं मिल सकेंगी। उन्होंने कहा कि इस संस्थान के माध्यम से बिहार की पारंपरिक लोक नाट्य विधाओं और आधुनिक रंगमंच के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का प्रयास किया जाएगा।
बिहार की समृद्ध नाट्य परंपरा को मिलेगी नई पहचान
सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार की सांस्कृतिक विरासत अत्यंत समृद्ध रही है। यह कालिदास, रामवृक्ष बेनीपुरी और भिखारी ठाकुर जैसी महान विभूतियों की भूमि है। राज्य की लोक नाट्य एवं प्रदर्शन कलाओं की अपनी विशिष्ट और गौरवशाली परंपरा रही है।
NSD कैंपस के माध्यम से इस विरासत को आधुनिक प्रशिक्षण और शोध से जोड़ने का अवसर मिलेगा। इससे बिहार की नाट्य प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर नए मंच और अवसर मिलने की उम्मीद है।
बिहार संगीत नाट्य अकादमी के प्रयासों को मिलेगी मजबूती
मुख्यमंत्री ने बताया कि बिहार सरकार ने नाट्य कलाओं के संरक्षण, संवर्धन और समन्वय के लिए बिहार संगीत नाट्य अकादमी की स्थापना की है। NSD का नया कैंपस राज्य में पहले से किए जा रहे इन प्रयासों को और मजबूती प्रदान करेगा।
उन्होंने कहा कि NSD कैंपस की स्थापना केवल एक नए संस्थान की स्थापना नहीं है, बल्कि यह बिहार की सांस्कृतिक विरासत, युवा प्रतिभाओं और आधुनिक रंगमंच के भविष्य में किया जा रहा महत्वपूर्ण निवेश है। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से NSD का यह कैंपस बिहार को राष्ट्रीय रंगमंच के मानचित्र पर और अधिक मजबूती से स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
Read more about: