world-news

शिक्षक भर्ती में पद बढ़ाने की मांग: भोपाल के नीलम पार्क में अभ्यर्थियों का प्रदर्शन, कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद भी पहुंचे - Bhopal News

August 29, 2026

भोपाल के नीलम पार्क में शिक्षक भर्ती-2025 और रिक्त पदों को लेकर प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों के बीच शनिवार को पूर्व क्षेत्रीय विधायक आरिफ मसूद पहुंचे। उन्होंने अभ्यर्थियों की मांगों को जायज बताते हुए सरकार से जल्द समाधान की मांग की।

.

मसूद ने कहा कि इस मामले को राजनीतिक चश्मे से देखने के बजाय सरकार को अभ्यर्थियों की मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। उन्होंने अपने स्तर पर पूरा प्रयास करने का भरोसा भी दिया।

प्रदर्शन कर रहे उच्च माध्यमिक शिक्षक भर्ती वर्ग-1 2023 के वेटिंग अभ्यर्थियों ने भर्ती में पदवृद्धि कर दूसरी काउंसलिंग कराने की मांग की है। उनका कहना है कि चयन परीक्षा उत्तीर्ण करने के बावजूद बड़ी संख्या में अभ्यर्थी नियुक्ति से वंचित हैं।

क्षेत्रीय विधायक आरिफ मसूद।

क्षेत्रीय विधायक आरिफ मसूद।

8,720 पदों का दावा, सीधी भर्ती में 5,053 पद

अभ्यर्थियों के मुताबिक उच्च माध्यमिक शिक्षक भर्ती वर्ग-1 की प्रक्रिया करीब छह साल बाद हुई थी। पहले पात्रता परीक्षा और उसके बाद चयन परीक्षा आयोजित की गई। उनका दावा है कि भर्ती में कुल 8,720 पदों का उल्लेख था, लेकिन सीधी भर्ती में केवल 5,053 पद रखे गए। इसके चलते चयन परीक्षा पास करने वाले कई अभ्यर्थी वेटिंग में रह गए।

अभ्यर्थियों का कहना है कि स्कूल शिक्षा विभाग और जनजातीय कार्य विभाग में राजपत्र के अनुसार स्वीकृत पदों को भर्ती प्रक्रिया में शामिल किया जाए और पद बढ़ाकर दूसरी काउंसलिंग कराई जाए।

छह साल बाद परीक्षा, फिर भी नियुक्ति का इंतजार

वेटिंग अभ्यर्थियों का कहना है कि वर्ष 2018 और उससे पहले पात्रता परीक्षा के आधार पर नियुक्तियां दी जाती थीं, जबकि 2023 की भर्ती में पात्रता परीक्षा के बाद अलग से चयन परीक्षा कराई गई।

उनका कहना है कि दो परीक्षाओं में सफल होने के बावजूद सभी पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति का अवसर नहीं मिला। अभ्यर्थियों ने सरकार से जल्द निर्णय लेकर भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की मांग की है।

वंदना शर्मा

वंदना शर्मा

एक साल की बेटी को लेकर रीवा से पहुंची वंदना

प्रदर्शन में रीवा से एक साल की बेटी को लेकर पहुंची वंदना शर्मा ने बताया कि वह लंबे समय से अपनी मांग को लेकर प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि जब वह लोगों को प्रदर्शन में जाने के बारे में बताती हैं तो कई लोग उन पर हंसते हैं। ऐसे मौसम में छोटी बच्ची को संभालते हुए प्रदर्शन करना उनके लिए काफी मुश्किल है।

अभ्यर्थियों की सरकार से प्रमुख मांगें

  • शिक्षक भर्ती वर्ग-1 2023 में पदवृद्धि की जाए।
  • राजपत्र में स्वीकृत शिक्षक पदों को भर्ती में शामिल किया जाए।
  • स्कूल शिक्षा और जनजातीय कार्य विभाग के रिक्त पदों की समीक्षा की जाए।
  • वेटिंग अभ्यर्थियों के लिए दूसरी काउंसलिंग कराई जाए।
  • चयन परीक्षा उत्तीर्ण कर चुके योग्य अभ्यर्थियों को नियुक्ति का अवसर दिया जाए।

अभ्यर्थियों का कहना है कि एक ओर प्रदेश में शिक्षकों की कमी की बात सामने आती है और दूसरी ओर चयन परीक्षा पास करने वाले उम्मीदवार नियुक्ति का इंतजार कर रहे हैं। ऐसे में स्वीकृत रिक्त पदों के आधार पर पदवृद्धि कर दूसरी काउंसलिंग कराने से शिक्षकों की कमी और अभ्यर्थियों की नियुक्ति, दोनों समस्याओं का समाधान हो सकता है।

रिक्त पदों को लेकर प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थी

रिक्त पदों को लेकर प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थी