'आपके गुंडे यूपी की बहनों को...', ओपी राजभर का अखिलेश यादव पर हमला
ओपी राजभर का यह बयान ऐसे समय आया है, जब यूपी में महिला सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर बीजेपी और सपा के बीच लगातार सियासी आरोप-प्रत्यारोप देखने को मिल रहे हैं.
Written By : एबीपी यूपी डेस्क | Updated at : 28 Aug 2026 05:25 PM (IST)

ओपी राजभर का अखिलेश यादव पर हमला (फाइल फोटो)
Source : Om Prakash Rajbhar facebook/PTI
रक्षाबंधन के मौके पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) के अध्यक्ष और यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओपी राजभर ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव को निशाने पर लिया है. उन्होंने अखिलेश यादव से सवाल किया कि यूपी की बहनों पर अब आपके गुंडे गलत निगाह नहीं रखेंगे?
रक्षाबंधन पर अखिलेश यादव से किया सवाल
राजभर ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में लिखा, "अखिलेश जी, आज रक्षा बंधन है. आज यूपी की बहनों को बस एक वादा कर दीजिए कि आपके गुंडे यूपी की बहनों पर गंदी निगाह नहीं रखेंगे, उन्हें छेड़ेंगे नहीं और उनके साथ कुछ गलत नहीं करेंगे."
ओपी राजभर ने अपनी पोस्ट में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सपा प्रमुख से सवाल करते हुए लिखा, "क्या ये तोहफा आप यूपी की बहनों को दे सकते हैं?" बता दें कि इन दिनों ओपी राजभर लगातार सपा और सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर जुबानी हमला बोल रहे हैं.
'सपा सरकार में अपराधियों को मिलता था राजनीतिक संरक्षण'
इससे पहले ओपी राजभर ने कहा था कि हम अखिलेश यादव से कई सवाल कर रहे हैं, जिसका जवाब वह नहीं दे पा रहे हैं, लेकिन हम सवाल पूछते रहेंगे. ओपी राजभर लगातार सपा की कार्यशैली और सपा के कार्यकर्ताओं पर लगने वाले आरोपों को लेकर हमला बोलते दिख रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार के समय अपराधियों को राजनीतिक संरक्षण मिलता था. राजभर का कहना है कि सपा का राजनीतिक कल्चर नहीं बदला है.
महिलाओं को लेकर किए वादे पर भी घेरा
ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी की सरकार आने पर महिलाओं को 40,000 रुपए दिए जाने के वादे पर कहा कि अखिलेश यादव 5 साल मुख्यमंत्री थे. 5 साल में उनको पिछड़े, दलित, महिला और नौजवान नहीं दिखाई दिए. आज चुनाव नजदीक है तो उन्हें महिलाएं याद आ रही हैं. उन्होंने दावा किया कि अखिलेश यादव यह सब सिर्फ चुनाव को देखते हुए कर रहे हैं.
राजभर ने कहा कि महिलाओं की सबसे बड़ी दुश्मन अगर कोई पार्टी है तो वो समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पार्टी है. महिलाओं के आरक्षण का विरोध किसने किया? ये अखिलेश जी के समझ में नहीं आता कि हम क्या कर रहे हैं. राजभर ने कहा कि विरोधी दलों को विपक्ष की भूमिका निभानी चाहिए, लेकिन जब आधी आबादी के अधिकार की बात होती है तो विरोध करते हैं.
महिला सुरक्षा को लेकर सियासी वार-पलटवार
ओपी राजभर का यह बयान ऐसे समय आया है, जब उत्तर प्रदेश में महिला सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर भाजपा और समाजवादी पार्टी के बीच लगातार सियासी आरोप-प्रत्यारोप देखने को मिल रहे हैं. राजभर ने अपनी पोस्ट के जरिए अखिलेश यादव और सपा पर निशाना साधते हुए दावा किया कि सपा सरकार में महिलाएं सुरक्षित नहीं थीं.
Published at : 28 Aug 2026 05:25 PM (IST)
Breaking News, Anytime, Anywhere - Download ABPLIVE on Android and iOS now!
और पढ़ें
Sponsored Links by Taboola