world-news

Exhaust Fan Cleaning Tips: शीशे जैसा चमकेगा गंदा एग्जॉस्ट फैन, जिद्दी दाग-चिकनाई होगी साफ, अपनाएं ये ट्रिक

August 23, 2026

Exhaust Fan Cleaning Tips: रसोई में खाना बनाते समय बनने वाला धुआं, भाप और उड़ता हुआ तेल सबसे ज्यादा किचन के एग्जॉस्ट फैन पर जमा होता है. समय के साथ यह तेल और धूल मिलकर एक मोटी, पीली और बेहद चिपचिपी ग्रीस की परत बना लेते हैं. इस वजह से एग्जॉस्ट फैन न सिर्फ देखने में गंदा लगता है, बल्कि भारी होने के कारण उसकी हवा खींचने की क्षमता भी कम हो जाती है.

ज्यादातर लोग इसे साफ करने से इसलिए बचते हैं क्योंकि इसे दीवार से उतारना और पेंच खोलना बहुत झंझट का काम लगता है. लेकिन आपको इसे उतारने की बिल्कुल जरूरत नहीं है; कुछ आसान घरेलू चीजों और सही सुरक्षा उपायों की मदद से आप दीवार पर लगे-लगे ही 5 मिनट में इस जिद्दी ग्रीस को चमका सकते हैं. आइए जानते हैं इसे साफ करने की सामग्री और तरीका.

सामग्री

सम्बंधित ख़बरें

गरम पानी - 2 कप 

बेकिंग सोडा - 2 बड़े चम्मच

डिशवॉश लिक्विड (या सर्फ) - 2 बड़े चम्मच

सफेद सिरका - 1/2 कप

स्प्रे बोतल - 1

पुराना टूथब्रश या स्पंज,

सूखा कॉटन का कपड़ा और पेपर नेपकिन

सुरक्षा उपाय
सफाई शुरू करने से पहले एग्जॉस्ट फैन का मेन स्विच ऑफ कर दें और प्लग को सॉकेट से बाहर निकाल लें. मोटर और तारों वाले हिस्से में पानी बिल्कुल न जाने दें.

बिना उतारे साफ करने का तरीका

सबसे पहले एग्जॉस्ट फैन के ठीक नीचे गैस स्टोव या स्लैब पर पुराना अखबार या प्लास्टिक बिछा दें, ताकि गिरती हुई गंदगी से किचन गंदा न हो.

एक स्प्रे बोतल में गुनगुना पानी लें. इसमें 2 चम्मच बेकिंग सोडा, 2 चम्मच डिशवॉश लिक्विड और 1/2 कप सफेद सिरका मिलाकर अच्छे से हिलाएं.

तैयार क्लीनिंग स्प्रे को एग्जॉस्ट फैन की पंखुड़ियों और बाहरी फ्रेम पर अच्छे से छिड़कें. ध्यान रखें कि स्प्रे सिर्फ ब्लेड्स और फ्रेम पर हो, मोटर या बिजली के तारों पर न पड़े.

सिरका और बेकिंग सोडा ग्रीस और जमे हुए तेल को तुरंत काटना शुरू कर देंगे. इसे 5 मिनट के लिए ऐसे ही छोड़ दें ताकि जिद्दी परत ढीला हो जाए.

5 मिनट बाद एक पुराने टूथब्रश या डिशवॉश स्क्रबर से पंखुड़ियों की जमी हुई ग्रीस को हल्के हाथों से रगड़ें. आप देखेंगे कि चिपचिपी परत बहुत आसानी से छूटने लगेगी.

फैन के जालीदार कोनों और संकरी जगहों को साफ करने के लिए टूथब्रश का इस्तेमाल करें, इससे छिपी हुई गंदगी बाहर निकल जाएगी.

एक कॉटन के कपड़े को हलके गरम पानी में भिगोकर निचोड़ लें और उससे पूरी पंखुड़ियों और बॉडी को पोंछकर सारा मैल हटा लें.

अंत में एक सूखे कपड़े या पेपर टॉवल से फैन को पूरी तरह पोंछ लें ताकि नमी न रहे. 15-20 मिनट तक हवा में सूखने के बाद ही स्विच ऑन करें. आपका एग्जॉस्ट फैन बिना उतारे बिल्कुल नया जैसा चमक उठेगा.

---- समाप्त ----