.


बंद और सुनसान घरों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ आमदा ओपी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गुलगुलिया बस्ती में छापेमारी कर पुलिस ने गिरोह के कथित सरगना ललन सिंह मोदी उर्फ टीका सिंह मोदी को गिरफ्तार किया है। उसके घर से करीब पांच लाख रुपये मूल्य के सोना-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। जब्त आभूषणों में करीब 1100 ग्राम चांदी और 17 ग्राम सोना शामिल है।
पुलिस के अनुसार बरामद सामान में 80 से अधिक जेवरात हैं, जिन्हें आरोपी ने घर में टीन के अलमीरा के नीचे झोले में छिपाकर रखा था। सरायकेला इंस्पेक्टर राजेश टुडू ने सरायकेला थाना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी दी है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार ,आमदा ओपी प्रभारी रामरेखा पासवान एवं अन्य पुलिस मौजूद रहे। इस मामले में दो महिलाओं समेत कुल चार आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। इंस्पेक्टर ने बताया कि पकड़ा गए आरोपी ललन मोदी का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है मानगो थाना मे दो मामले एवं चक्रधरपुर थाना में एक प्राथमिक दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक, 19 अगस्त को दोपहर करीब 1:30 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि खरसावां थाना (आमदा ओपी) कांड संख्या 36/26 और 37/26 में चोरी गए जेवरात ललन सिंह मोदी के घर में छिपाकर रखे गए हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी के निर्देश पर छापामारी दल का गठन किया गया। इसके बाद आमदा ओपी पुलिस की टीम ने गुलगुलिया बस्ती स्थित आरोपी के घर पर छापेमारी की। पुलिस टीम को देखते ही घर में मौजूद लोग भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर ललन सिंह मोदी को पकड़ लिया। इसके बाद घर की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान टीन के अलमीरा के नीचे जमीन पर रखे एक झोले में प्लास्टिक की पोटली मिली। पोटली खोलने पर पुलिस के होश उड़ गए। उसमें बड़ी संख्या में सोना-चांदी के जेवरात रखे हुए थे। आरोपी से बरामद जेवरात के संबंध में कागजात मांगे गए, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में पुलिस के अनुसार आरोपी ने स्वीकार किया कि वह और उसके परिवार के सदस्य बंद घरों में चोरी करते हैं। उसने पुलिस को बताया कि बरामद जेवरात सरायकेला, खरसावां और आमदा क्षेत्र में बंद घरों को निशाना बनाकर चोरी किए गए थे। चोरी की वारदातों में उसके बेटे अनु मोदी, रौशन मोदी, तथा बहू रूपा मोदी और कुंती मोदी के शामिल होने की बात भी सामने आई है। पुलिस अब अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। बरामद सामान में 21 बड़ी-छोटी पायल, नौ सोने के लॉकेट, झुमका, नथिया, ताबीज, दो चांदी के पंजे, सात बच्चों के बेरा, दो ब्रेसलेट, तीन गले की चेन, बिछिया, अंगूठियां, त्रिशूल एवं दुर्गा लॉकेट तथा दो चांदी के बिस्कुट समेत 80 से अधिक जेवरात शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस बरामद जेवरात को संबंधित चोरी के मामलों से जोड़कर जांच कर रही है तथा गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है। सदर अस्पताल परिसर से बाइक चोरी के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की दो स्प्लेंडर बाइक बरामद की है। सरायकेला अंचल इंस्पेक्टर राजेश टुडू ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में पत्रकारों को बताया कि 27 जुलाई को एक व्यक्ति पत्नी के इलाज के लिए सदर अस्पताल आया था। अस्पताल परिसर में बाइक खड़ी करने के बाद लौटने पर बाइक गायब मिली। शिकायत पर सरायकेला थाना में मामला दर्ज किया गया।प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान थाना प्रभारी विनय कुमार, एसआई अरुण कुमार महतो समेत अन्य जवान मौजूद थे। एसपी मनोज स्वर्गीयारी के निर्देश पर इंस्पेक्टर राजेश टुडू के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी और मैनुअल इनपुट के आधार पर टीम ने छापेमारी कर सुरज नाथ (24), निवासी लखीपुर, राजनगर और अभिषेक महतो (26), निवासी दुगनी-जोरडीहा, सरायकेला को गिरफ्तार किया।इंस्पेक्टर राजेश टुडू ने बताया कि आरोपियों के पास से दो चोरी की स्प्लेंडर बाइक बरामद हुई हैं।