world-news

मुख्यमंत्री धामी का राहुल गांधी को जवाब-हमने नकल माफिया को जेल भेजा, 'छात्रों की गूंज' में नहीं थे उत्तराखंड के बच्चे

August 17, 2026

देश के सबसे बड़े न्यूज नेटवर्क TV9 भारतवर्ष के सत्ता सम्मेलन-उत्तराखंड के मंच पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस के सांसद राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम पर टिप्पणी करते हुए कहा कि इसमें उत्तराखंड के बच्चे नहीं थे. सीएम धामी ने कहा कि मैं समझता हूं कि राहुल गांधी इतने बड़े परिवार में पैदा हुए हैं, जिनके दादी के पिताजी प्रधानमंत्री, उनकी दादी प्रधानमंत्री, उनके पिता प्रधानमंत्री, उनकी मां भी प्रधानमंत्री की सुपर प्रधानमंत्री रहीं, वह कई सालों से वेटिंग प्रधानमंत्री हैं. उनके मन में यह बात बैठ गई है या बैठा दी गयी है कि इस देश की सारी व्यवस्थाएं, संसद, यह देश या प्रधानमंत्री का पद केवल उनका जन्मसिद्ध अधिकार है.

सीएम धामी ने राहुल गांधी के कार्यक्रम पर कहा कि वह जिस तरह का कार्यक्रम कर रहे हैं, वह व्यवहारिक कार्यक्रम नहीं कर रहे हैं. वह देहरादून आए थे. कई दिनों से ढोल पीटकर तैयारियां हुईं. रोड पर पोस्टर ही पोस्टर लगा दिए गए. ऐसा लगा जैसे कि इसमें कई लाखों लोग उमड़ पड़ेंगे.

राहुल की रैली पर सीएम का तंज

सीएम धामी ने कहा कि हम लोगों को व्यवस्था बनाने में मुश्किल हो जाएगी. रैली किसी की भी हो. राज्य की व्यवस्था को देखने की जिम्मेदारी हमारे पास है. कोई घटना हो जाएगी, तो हमारे ऊपर जिम्मेदारी आ जाएगी. प्रशासन ने पूरी तैयारी की.

सीएम धामी ने कहा कि वो आए, वही उत्तराखंड के तीन-चार लोग, पूरे बच्चे भी उसमें नहीं थे, जिन्हें वे मंच पर लाए और मंच पर उन्होंने कहा कि जैसे परसों देख ही रहे थे कि कैसा फूहड़ नाटक हो रहा था, वहां पर.

सौ से ज्यादा नकल माफिया को जेल भेजा.. बोले धामी

सीएम धामी ने कहा कि राहुल गांधी ने कहा कि देश में नकल के खिलाफ एक भी आदमी को जेल नहीं भेजा. इतना बड़ा झूठ बोला. उत्तराखंड में रिकॉर्ड है. सौ से ज्यादा नकल माफिया को जेल भेजा गया है और 34000 नियुक्तियां अभी तक संपन्न हो गयी है और एक में भी नकल का मामला नहीं आया.

उन्होंने कहा कि पीएम मोदी प्रधानमंत्री हैं, अमित शाह गृह मंत्री हैं और उनका विरोध करूंगा. नक्सलवाद खत्म हो गया, आतंकवाद खत्म हो गया. कश्मीर में धारा 370 समाप्त हो गया. आप केवल विरोध कर रहे हैं. आप केवल नकारात्मक विरोध कर रहे हैं. नकारात्मकता में लोगों को ले जा रहे हैं और लोग हो-हल्ला भी कर रहे हैं. गूंज तब होती, जब वह कुछ सकारात्मकता देते.

ये भी पढ़ें- जिनके सामने मुख्यमंत्री लाइन में खड़े रहते हैं, वो फेक नैरेटिव न फैलाएंखरगे के हल्द्वानी विवाद पर बोले CM धामी

अजय विद्यार्थी

अजय विद्यार्थी

कलकत्ता यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रैजुएशन. प्रभात खबर में बतौर सीनियर न्यूज़ एडिटर काम किया. ग्राउंड रिपोर्टिंग और एडिटिंग में करीब 20 सालों से ज्यादा का अनुभव. राजस्थान पत्रिका में चीफ रिपोर्टर रहने के दौरान कई ऐसी स्टोरी की, जिन्हें सराहा गया.

Read More

google button