world-news

कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित से गले मिले राहुल गांधी, मेलोनी का क्यों हुआ जिक्र?

August 13, 2026

कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित से गले मिले राहुल गांधी, मेलोनी का क्यों हुआ जिक्र?

Aug 13, 2026 10:47 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान

Follow us on Google News

share

Rahul Gandhi: राहुल गांधी ने पार्टी के कार्यक्रम में जमकर पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के ऊपर हमला बोला। विदेश नीति पर तंज कसते हुए राहुल गांधी ने कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित को गले लगकर कहा कि सरकार के दिमाग में विदेश नीति यह है।

Rahul Gandhi Giorgia Meloni: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और देश की विदेश नीति पर जमकर सवाल उठाया। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने देश की विदेश नीति पर तंज कसते हुए कहा कि इनके (मोदी सरकार) के दिमाग में पता नहीं किसने यह डाल दिया है कि विदेश नीति करना केवल गले लगना है। इसके बाद वह कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित को बुलाते हैं और उनके गले लग जाते हैं। संदीप दीक्षित पलटकर कहते हैं कि 'कहीं मेलोनी समझकर तो नहीं पकड़ा।' इसके बाद वहां मौजूद सभी लोग हंसने लगते हैं।

नई दिल्ली के मावलंकर हॉल में कांग्रेस कन्वेंशन के समापन समारोह में राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री और गृहमंत्री के ऊपर जमकर निशाना साधा। इसी क्रम में वह देश की विदेश नीति के ऊपर भी जमकर हमला बोलते रहे। राहुल ने कहा, "इनके माइंड में घुस गया, इनके दिमाग में घुस गया कि विदेश नीति यह है।" इसके बाद वह पीछे से गुजर रहे संदीप दीक्षित को बुलाते हैं और उनके गले से लग जाते हैं। संदीप दीक्षित वहां से जाने लगते हैं लेकिन पलट कर आते हैं और राहुल गांधी के हाथ से माइक लेकर कहते हैं, "मैं बस एक बात पूछना चाहता हूं कि कहीं मेलोनी (इटली की पीएम) समझकर तो नहीं पकड़ा था।" इसके बाद वहां पर मौजूद सभी लोग जोर-जोर से हंसने लगते हैं।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विदेश दौरों पर अपने गले लगने वाली विदेश नीति के लिए मशहूर हैं। ऐसे में कांग्रेस कई बार इस बात को लेकर उनका मजाक उड़ाती रही है। हालांकि, इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को लेकर संदीप दीक्षित द्वारा कसा गया यह तंज भाजपा की तरफ से एक बड़े हमले का कारण बन सकता है। इसका नजारा पूर्व केंद्रीय मंत्री हर्षवर्धन के एक ट्वीट से नजर आया। उन्होंने राहुल गांधी की वीडियो शेयर करते हुए लिखा, "इस तरह की शर्मनाक हरकत करके राहुल गांधी जी न केवल राजनीति को गटर के स्तर तक लेकर जा रहे हैं और साथ ही एक महिला का अपमान भी आप खुलेआम एक आम हरकत की तरह कर रहे हैं। ये दोनों ही कुकृत्य देश को शर्मसार कर रहे हैं ।"

हर्षवर्धन के अलावा सत्ता समर्थक कई सोशल मीडिया हैंडल्स ने भी इस बात को शर्मनाक बताया है। अभी तक भाजपा की तरफ से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।