
राशिद खान ने इस बार बल्ले से जीत में योगदान दियाImage Credit source: PTI
Ireland vs Afghanistan 3rd ODI: आईसीसी वर्ल्ड कप 2027 के फॉर्मेट में किए बदलाव के बाद काफी बवाल मचा हुआ है और कुछ एसोसिए देशों ने इसके खिलाफ आवाज भी उठाई है. मगर इन सबके बीच क्वालिफिकेशन की जद्दोजहद भी जारी है. इसी मशक्कत में लगी अफगानिस्तान क्रिकेट टीम को सफलता मिल गई, जिसने अपने आयरलैंड के खिलाफ तीसरा वनडे मैच जीत लिया और साथ ही वर्ल्ड कप के लिए सीधे क्वालिफाई कर लिया. टीम के स्टार ऑलराउंडर राशिद खान ने इस बार गेंद के साथ ही बल्ले से भी जीत की कहानी लिखी.
फिर फेल हुई आयरिश बैटिंग
बेलफास्ट में सोमवार 10 अगस्त को खेले गए इस मुकाबले में अफगानिस्तान के सामने जीत के साथ ही वर्ल्ड कप का टिकट हासिल करने का लक्ष्य था. शुरू से ही टीम को जीत का दावेदार माना जा रहा था. आयरलैंड पहले ही इस रेस से बाहर हो चुकी थी. मगर अफगानिस्तान को क्वालिफाई करने के लिए ये मैच हर हाल में जीतना था. उसके गेंदबाजों ने आयरलैंड को छोटे स्कोर पर रोककर इसे सुनिश्चित किया.
मेजबान आयरलैंड के बल्लेबाज इस बार भी नाकाम रहे और पूरी टीम सिर्फ 206 रन के मामूली स्कोर पर ढेर हो गई. राशिद खान और अल्लाह गजनफार की स्पिन जोड़ी ने ऐसा कहर बरपाया कि सिर्फ 128 रन तक ही आयरलैंड के 8 विकेट गिर गए थे. मगर ऐसी स्थिति में 9वें नंबर पर आए गेविन होई और 10वें नंबर पर जय मूंदड़ा ने स्थिति को संभाला और 72 रन की दमदार साझेदारी की. ये साझेदारी टूटते ही पारी सिमट गई.
राशिद ने बैटिंग से भी दिलाई जीत
पिछले मैच में 6 विकेट लेकर जीत दिलाने वाले राशिद ने इस बार भी गेंद से अपना काम किया. मगर उनका सबसे अहम योगदान इस बार बल्ले से आया, जिसने अफगानिस्तान को ये जीत दिलाई. टीम के लिए एक बार फिर स्टार ओपनर रहमानुल्ला गुरबाज ने एक बार फिर जोरबाद बैटिंग की और 71 रन बनाए. मगर उनके अलावा बाकी बल्लेबाज नाकाम रहे. बैटिंग के बाद गेविन होई ने अपनी गेंदबाजी में कमाल दिखाया और 4 विकेट झटके.
अफगानिस्तान ने 176 रन पर 7 विकेट गंवा दिए थे और ऐसा लग रहा था कि आयरलैंड इस बार जीत हासिल कर लेगा. मगर राशिद खान ने ऐसा नहीं होने दिया. उन्हें 9वें नंबर के बल्लेबाज यामिन अहमदजाई का साथ मिला, जिसने रन तो सिर्फ 4 बनाए लेकिन 26 गेंदों का डटकर सामना किया और अंत तक टिका रहा. राशिद ने इसकी मदद से सूझ-बूझ भरी बैटिंग की और नाबाद 37 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई.

सुमित सुन्द्रियाल
इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.
Read More