world-news

मेडिकल कॉलेजों में बढ़ रही है छात्रों की संख्या, सामने आए नए आंकड़े

August 8, 2026

देश में मेडिकल शिक्षा की बढ़ती मांग के बीच NEET-UG परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों की संख्या पिछले सात सालों में करीब 42.5 प्रतिशत बढ़ी है. केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से लोकसभा में पेश किए गए आंकड़ों के मुताबिक, साल 2019 में जहां 14.10 लाख अभ्यर्थियों ने NEET-UG परीक्षा दी थी, वहीं 2026 में यह संख्या बढ़कर 19.99 लाख हो गई है. यह जानकारी लोकसभा में पूछे गए अतारांकित प्रश्न संख्या 3377, Students Appearing for NEET-UG and PG के जवाब में दी गई है. केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने 7 अगस्त 2026 को इस सवाल का जवाब दिया. 

2024 में सबसे ज्यादा छात्रों ने दी NEET-UG परीक्षा

मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, NEET-UG में शामिल होने वाले छात्रों की संख्या में पिछले कुछ सालों में लगातार बढ़ोतरी हुई है. साल 2019 में 14.10 लाख अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी थी. यह संख्या 2021 में बढ़कर 15.44 लाख और 2022 में 17.65 लाख हो गई. वहीं, 2023 में पहली बार NEET-UG में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की संख्या 20 लाख के पार पहुंची. उस साल कुल 20.39 लाख छात्रों ने परीक्षा दी. लेकिन इसके बाद साल 2024 में यह आंकड़ा अपने रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया.

सम्बंधित ख़बरें

उस साल 23.33 लाख अभ्यर्थियों ने NEET-UG परीक्षा दी. हालांकि, इसके बाद संख्या में गिरावट आई. 2025 में यह 22.09 लाख और 2026 में 19.99 लाख अभ्यर्थियों ने परीक्षा में हिस्सा लिया. 2024 के रिकॉर्ड आंकड़े की तुलना में 2026 में अभ्यर्थियों की संख्या कम रही, लेकिन 2019 के मुकाबले अब भी करीब 5.99 लाख ज्यादा छात्र NEET-UG परीक्षा दे रहे हैं. 

मेडिकल कॉलेज और MBBS सीटें भी बढ़ीं

NEET-UG अभ्यर्थियों की संख्या बढ़ने के साथ देश में मेडिकल शिक्षा की क्षमता में भी विस्तार हुआ है. स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, 2014 में देश में 387 मेडिकल कॉलेज थे जिनकी संख्या 2026 में बढ़कर 846 हो गई है. इसी तरह MBBS सीटों की संख्या भी एक दशक में दोगुने से ज्यादा हुई है. 2014 में 51,348 MBBS सीटें थीं, जबकि 30 जुलाई 2026 तक यह संख्या बढ़कर 1,39,864 हो गई. इनमें 464 सरकारी मेडिकल कॉलेजों में 66,221 MBBS सीटें और 382 निजी मेडिकल कॉलेजों में 73,643 सीटें शामिल हैं.

इस तरह, पिछले एक दशक में देश में मेडिकल कॉलेजों और MBBS सीटों की संख्या में बड़ा विस्तार हुआ है. वहीं, NEET-UG में शामिल होने वाले छात्रों की संख्या भी 2019 के मुकाबले काफी बढ़ी है, जिससे मेडिकल शिक्षा की बढ़ती मांग और प्रतिस्पर्धा का अंदाजा लगाया जा सकता है. 

---- समाप्त ----

Live TV