बांकीपुर में प्रशांत किशोर की जीत के बाद दरभंगा में विजयी जुलूस निकालते जनसुराज के कार्यकर्ता।
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर की 19,324 मतों से जीत के बाद दरभंगा में बुधवार को जन सुराज कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जोरदार जश्न मनाया।प्रशांत किशोर ने भाजपा के गढ़ माने जाने वाले बांकीपुर सीट पर जीत दर्ज की है।
.
शहर में सैकड़ों कार्यकर्ता एकत्रित हुए और आतिशबाजी कर जीत की खुशी मनाई।समर्थकों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाया, मिठाइयां खिलाईं और "प्रशांत किशोर जिंदाबाद" तथा "जन सुराज जिंदाबाद" के नारे लगाए। इस दौरान शहर में विजय जुलूस भी निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
जश्न को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी।पुलिस की निगरानी में पूरे कार्यक्रम का आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
'जनता ने बदलाव के पक्ष में दिया जनादेश'
जन सुराज के संस्थापक सदस्य समीउल्लाह खां उर्फ शमीम ने कहा कि बांकीपुर उपचुनाव का परिणाम यह साबित करता है कि बिहार के युवा और आम लोग अब बदलाव चाहते हैं और उन्होंने प्रशांत किशोर पर अपना भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि यह जीत बांकीपुर की जनता और जन सुराज कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है।

जुलूस में शामिल जनसुराज के कार्यकर्ता।
‘राज्य की वर्तमान सरकार के प्रति जनता में नाराजगी थी’
समीउल्लाह खां उर्फ शमीम ने कहा कि प्रशांत किशोर की जीत से पूरे दरभंगा में उत्सव का माहौल है और कार्यकर्ता आतिशबाजी, गुलाल और मिठाई बांटकर अपनी खुशी का इजहार कर रहे हैं। शमीम ने कहा कि ये परिणाम बिहार की राजनीति में बदलाव का संकेत है।
उन्होंने कहा कि राज्य की वर्तमान सरकार के प्रति जनता में नाराजगी थी, जिसका असर चुनाव परिणाम में दिखाई दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं ने चुनाव प्रचार किया, लेकिन जनता ने अंततः प्रशांत किशोर के पक्ष में अपना फैसला सुनाया।
'जनता ने मतदान से दिया जवाब'
जन सुराज की नेता बिल्टू सहनी ने दावा किया कि छात्रों पर हुए लाठीचार्ज, नीट पेपर लीक प्रकरण तथा पटना में जन सुराज कार्यकर्ताओं के साथ हुई अभद्रता और गिरफ्तारियों का जवाब जनता ने मतदान के माध्यम से दिया है। उन्होंने विश्वास जताया कि अब प्रशांत किशोर बांकीपुर के विकास को नई दिशा देंगे।
वहीं, शोएब खान ने कहा कि जनता अब पारंपरिक राजनीति से आगे बढ़कर नई राजनीति का समर्थन कर रही है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले वर्षों में प्रशांत किशोर बिहार की राजनीति में बड़ी भूमिका निभाएंगे। जश्न के दौरान बड़ी संख्या में जन सुराज के कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान पुलिस प्रशासन सतर्क रहा और शांतिपूर्ण माहौल में विजय उत्सव संपन्न हुआ।