लखनऊ सुपर जायंट्स की कप्तानी पर मार्करम का बड़ा बयान, बोले- जिसे भी जिम्मेदारी...
Aug 03, 2026 03:33 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान
ऋषभ पंत ने दो सीजन लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) की कप्तानी करने के बाद दिल्ली कैपिटल्स में घर वापसी कर ली। आईपीएल 2027 में लखनऊ टीम नए कप्तान के साथ उतरेगी। एडेन मार्करम भी रेस में हैं।

एडेन मार्करम और मिचेल मार्श (फाइल फोटो)
लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) का कप्तान बनने के रेस में एडेन मार्करम को सबसे आगे माना जा रहा। वह इंग्लैंड में द हंड्रेड टूर्नामेंट में एलएसजी की सिस्टर फ्रेंजाइजी मैनचेस्टर सुपर जायंट्स (एमएसजी) की भी कमान संभाल रहे। मार्करम साउथ अफ्रीका की सीमित ओवरों की टीम के कप्तान हैं। हालांकि, मार्करम लखनऊ टीम की कप्तानी के बारे में ज्यादा नहीं सोच रहे। उन्होंने इसे लेकर बड़ा बयान दिया। मार्करम का कहना है कि जिसे भी कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, वो अच्छा करेगा। विकेटकीपर ऋषभ पंत ने 2025 और 2026 में एलएसजी की बागडोर संभाली लेकिन टीम ने निराशाजनक प्रदर्शन किया। पंत का एलएसजी से नाता टूट गया है। वह आईपीएल 2027 में दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) की ओर से खेलेंगे।
'हमारी टीम में कुछ अच्छे लीडर हैं'
क्रिकइंफो द्वारा जब मार्करम से अगले साल एलएसडी को लीड करने की संभावना के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, ''मुझे कोई आइडिया नहीं है। वे जो भी सबसे अच्छा समझें, तय कर सकते हैं। हमारी टीम में कुछ अच्छे लीडर हैं, इसलिए मुझे इसकी ज्यादा चिंता नहीं है। जिसे भी यह जिम्मेदारी मिलेगी, मुझे यकीन है कि वह इसे लेगा और अच्छा काम करेगा। हालांकि, अभी तक इस पर कोई विचार नहीं आया है।'' मार्करम अलावा मिचेल मार्श भी एलएसजी की कप्तानी के दावेदार हैं। वह 2024 से सबसे छोटे फॉर्मेट में ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी कर रहे हैं। लखनऊ टीम में निकोलस पूरन भी हैं, जो वेस्टइंडीज की कप्तानी कर चुके हैं। फ्रेंचाइजी मिनी ऑक्शन में एक नया कप्तान लेने पर भी गौर सकती है।
'लगता है कि पांच बॉल चुपके से डाल दी'
मार्कराम रविवार रात द ओवल में मैनचेस्टर सुपर जायंट्स को लीड करने के बाद कहा कि वह फिलहाल 100-बॉल फॉर्मेट में कप्तानी करने का लुत्फ उठा रहे हैं। उन्होंने कहा, ''इसमें अपनी चुनौतियां हैं, लेकिन यह बहुत बढ़िया रहा है। मैंने इसका पूरा लुत्फ लिया है। जाहिर है कि जोस बटलर जैसे लोगों का आसपास होना बहुत मदद करता है। उन्होंने मेरी काफी मदद की है। यह बहुत तेज है। एक साइड से 10 गेंदों का विचार चुनौती है। आपको कभी-कभी लगता है कि आपने पांच बॉल चुपके से डाल दी हैं, और आपको याद आता है कि शॉर्ट साइड में अभी भी पांच और बॉल हैं। लेकिन बढ़िया कॉम्पिटिशन है।'' बता दें कि द हंड्रेड में छह गेंदों का ओवर नहीं होता बल्कि गेंदबाजी में पांच गेंद फेंकी जाती है। कप्तान चाहे तो एक ही गेंदबाज से लगातार 10 गेंद डलवा सकता है।
लेखक के बारे में
Md.Akram
मोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय
