'रोते हुए माफी मांगने पर किया मजबूर', 'पीएम को गाली' विवाद पर फुटा नेहा का गुस्सा, कहा-खुद को शूरवीर समझ रहे!
Published: Sunday, August 2, 2026, 9:47 [IST]
Neha Bora: दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत मां के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करने वाले कुछ स्टूडेंट्स का मामला अभी भी चर्चा में बना हुआ है। इस विवाद के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक वीडियो जारी कर कहा था कि बच्चों से गलतियां हो जाती हैं और समाज को उन्हें माफ कर सही रास्ता दिखाना चाहिए।
पीएम के इस संदेश के बाद अब ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की अध्यक्ष और कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के दौरान 23 दिनों तक भूख हड़ताल पर बैठीं नेहा बोरा ने एक वीडियो जारी कर पीएम मोदी और केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। वीडियो में उन्होंने प्रदर्शन से जुड़ी छात्राओं के साथ हुए व्यवहार, माफी वाले वीडियो और पूरे घटनाक्रम पर अपनी नाराजगी जाहिर की है।
पीएम मोदी ने छात्रों को माफ करने की कही थी बात
अपने वीडियो संदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि जंतर-मंतर पर कुछ बच्चों ने ऐसी भाषा का इस्तेमाल किया जो किसी भी सभ्य समाज के लिए ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि उन्हें और उनकी दिवंगत मां को अपशब्द कहे गए, लेकिन बच्चों से गलतियां हो जाती हैं। उन्होंने समाज से अपील की कि बच्चों को सजा देने के बजाय उन्हें समझाया जाए और सही रास्ता दिखाया जाए।
ये भी पढ़ें: 'पिता मुझे देशद्रोही कहते हैं,10 साल से नहीं की बात' CJP प्रोटेस्ट में 23 दिन अनशन करने वाली नेहा का छलका दर्द
नेहा बोरा ने सरकार पर साधा निशाना
पीएम मोदी के वीडियो के बाद नेहा बोरा ने सोशल मीडिया पर अपना वीडियो जारी किया। उन्होंने कहा, "अपने से चार-पांच गुना कम उम्र की लड़कियों को सार्वजनिक तौर पर जान से मारने की धमकी देना, रेप की धमकियां देना और इतने दबाव के बाद कैमरे पर उनसे माफी मंगवाकर बहुत शूरवीर महसूस हो रहा होगा आप लोगों को।"
उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों में आंदोलन से जुड़ी लड़कियों, जिनमें नाबालिग भी शामिल थीं, उन्हें इस तरह परेशान किया गया कि उन्हें कैमरे पर आकर रोते हुए माफी मांगनी पड़ी। नेहा बोरा ने वीडियो में आगे कहा, "शर्म आनी चाहिए उन सभी लोगों को जिन्होंने इन छात्राओं को इस हालत तक पहुंचाया। जो लड़कियां अपनी बात और अपनी मांगें साफ शब्दों में रख रही थीं, उन्हें मजबूर किया गया कि वे सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। इस देश का नौजवान और छात्र आपको कभी माफ नहीं करेगा।"
'15 साल की लड़की से माफी मंगवाकर अहंकार नहीं बचेगा'
वीडियो में नेहा बोरा ने यह भी कहा, "आपको लग रहा होगा कि आपका वह अहंकार, जिसे छात्रों ने धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा लेकर तोड़ा था, वह एक 15 साल की लड़की से माफी मंगवाकर फिर से जिंदा हो गया है। लेकिन यह आपकी सबसे बड़ी भूल होगी।" उन्होंने आगे दावा किया, "आज जिस वीडियो पर आपको गर्व महसूस हो रहा है, वही वीडियो आने वाले समय में आपको हर दिन याद दिलाएगा। यही वीडियो आपकी सत्ता से बेदखली और इस्तीफे का कारण बनेगा, यह हमारा वादा है।"
मामला अब भी चर्चा में
जंतर-मंतर पर हुए कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के बाद सामने आए कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। इन्हीं वीडियो में कुछ प्रदर्शनकारियों द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत मां के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किए जाने पर विवाद शुरू हुआ। इसके बाद कुछ प्रदर्शनकारियों की ओर से माफी वाले वीडियो भी सामने आए। अब प्रधानमंत्री मोदी के माफी वाले संदेश और नेहा बोरा के नए वीडियो के बाद यह मामला एक बार फिर सोशल मीडिया और राजनीतिक चर्चाओं का हिस्सा बन गया है।
ये भी पढ़ें: 'कपड़े उतार इसके, इसकी परेड निकालेंगे', रुचि तिवारी के साथ नेहा बोरा की बदसलूकी का वीडियो वायरल